
LSG vs PBKS Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 68वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 7 विकेट से हरा दिया है। लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेलते हुए नाबाद शतक जड़ा और अपनी टीम को जीत दिलाई है। ऐसे में इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स का सफर पहले ही खत्म हो चुका था।
श्रेयस अय्यर ने खेली कप्तानी पारी
197 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। जिसमें मोहम्मद शमी ने पहली ही गेंद पर प्रियांश आर्य को आउट कर पंजाब को बड़ा झटका दिया। इसके बाद कूपर कोनोली भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं, शुरुआती दो विकेट जल्दी गिरने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला। जिसके बाद उन्होंने प्रभसिमरन सिंह के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 140 रनों की शानदार साझेदारी की। जिसमें दोनों बल्लेबाजों ने लखनऊ के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया और मैच को पूरी तरह पंजाब की ओर मोड़ दिया।
ऐसे में श्रेयस अय्यर ने 51 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए। जिसमें उनकी इस पारी में 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। दूसरी ओर प्रभसिमरन सिंह ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों पर 69 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए। प्रभसिमरन के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर और सूर्यांश शेडगे ने टीम को जीत तक पहुंचाया। पंजाब किंग्स ने यह लक्ष्य 18 ओवर में हासिल कर लिया।
मोहम्मद शमी ने दिलाई शानदार शुरुआत
बता दें की लखनऊ के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने शुरुआती ओवरों में शानदार गेंदबाजी की। जिसमें उन्होंने पहली ही गेंद पर विकेट लेकर पंजाब को दबाव में डाल दिया। शमी ने कूपर कोनोली को भी आउट किया और पंजाब को शुरुआती झटके दिए। हालांकि इसके बाद लखनऊ के गेंदबाज विकेट लेने में सफल नहीं हो सके।
लखनऊ की ओर से जोश इंग्लिस का दमदार प्रदर्शन
दरअसल इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 196 रन बनाए। जिसमें टीम की शुरुआत खराब रही और अर्शिन कुलकर्णी बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद निकोलस पूरन भी सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं, शुरुआती झटकों के बाद आयुष बदोनी और जोश इंग्लिस ने पारी को संभाला। जिसमें दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी हुई।
आयुष बदोनी ने सिर्फ 18 गेंदों पर 43 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इसके बाद जोश इंग्लिस ने कप्तान ऋषभ पंत के साथ मिलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इंग्लिस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर 72 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 2 छक्के लगाए। वहीं ऋषभ पंत ने 26 रन का योगदान दिया। अंत में अब्दुल समद ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत लखनऊ की टीम 196 रन तक पहुंचने में सफल रही।
पंजाब के गेंदबाजों का मिला-जुला प्रदर्शन
पंजाब किंग्स की ओर से मार्को जानसेन ने अच्छी गेंदबाजी की और महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। युजवेंद्र चहल ने भी बीच के ओवरों में अहम सफलताएं दिलाईं। अजमतुल्लाह उमरजई ने शुरुआती विकेट लेकर लखनऊ को दबाव में डाला।हालांकि पंजाब के गेंदबाज आखिरी ओवरों में रन रोकने में पूरी तरह सफल नहीं रहे, लेकिन बल्लेबाजों ने उनकी कमी पूरी कर दी।
प्लेऑफ की रेस हुई रोमांचक
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने प्लेऑफ की उम्मीदों को कायम रखा है। पंजाब ने 14 मैचों में 7 जीत के साथ 15 अंक हासिल कर लिए हैं। अब टीम की नजर राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के मुकाबलों पर रहेगी। यदि राजस्थान और केकेआर दोनों अपने आखिरी मुकाबले हार जाते हैं तो पंजाब सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। वहीं अगर केकेआर जीत जाती है तो फैसला नेट रनरेट पर होगा। पंजाब की जीत के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स की प्लेऑफ की उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो गई हैं।
हेड टू हेड रिकॉर्ड में पंजाब आगे
IPL इतिहास में लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच अब तक 8 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें पंजाब किंग्स ने 5 मुकाबले जीते हैं, जबकि लखनऊ को 3 मैचों में जीत मिली है। इस सीजन में दोनों टीमों की यह दूसरी भिड़ंत थी और दोनों बार पंजाब ने जीत दर्ज की।
LSG vs PBKS मैच स्कोरकार्ड
लखनऊ सुपर जायंट्स: 196/6 (20 ओवर)
- जोश इंग्लिस – 72
- आयुष बदोनी – 43
- अब्दुल समद – 37
- ऋषभ पंत – 26
पंजाब किंग्स: 197/3 (18 ओवर)
- श्रेयस अय्यर – 100
- प्रभसिमरन सिंह – 69
- सूर्यांश शेडगे – 9
मैच का टर्निंग पॉइंट
दरअसल श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन सिंह के बीच हुई 140 रनों की साझेदारी मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट रही। शुरुआती दो विकेट गिरने के बावजूद दोनों बल्लेबाजों ने दबाव नहीं लिया और आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी।
पंजाब के लिए राहत की खबर
जानकारी के लिए बता दें की पंजाब किंग्स के लिए यह जीत बेहद अहम रही है। जिसमें लगातार दबाव के बीच टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा। वहीं, कप्तान श्रेयस अय्यर की फॉर्म टीम के लिए सबसे बड़ी सकारात्मक खबर बनकर सामने आई है।






