
BRICS Summit 2026: दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे (BRICS Summit 2026) के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच अहम द्विपक्षीय बैठक हुई। बता दें दोनों नेताओं के बीच करीब 50 मिनट तक बातचीत चली। जिसमें यह मुलाकात भारत और चीन के रिश्तों के लिए बहुत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने, आपसी संबंधों को मजबूत करने और वैश्विक मुद्दों पर मिलकर काम करने को लेकर चर्चा हुई। ऐसे में आइए जानते यहां खबर को लेकर पूरी जानकारी
पीएम मोदी ने चीन के सहयोग के लिए जताया आभार
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS Summit में चीन के सहयोग और समर्थन के लिए राष्ट्रपति शी जिनपिंग का आभार जताया। पीएम मोदी ने कहा कि BRICS समिट में चीन की ओर से दिए गए सकारात्मक वक्तव्य के लिए वह शी जिनपिंग को धन्यवाद देते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की BRICS अध्यक्षता के दौरान चीन की ओर से मिले समर्थन और सहयोग के लिए वह आभारी हैं। उन्होंने कहा कि अब दोनों देशों के पास द्विपक्षीय सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर है। पीएम मोदी ने शी जिनपिंग का भारत में एक बार फिर स्वागत भी किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और चीन के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। दोनों देशों के बीच व्यापार, आर्थिक सहयोग और अन्य क्षेत्रों में संबंधों को बेहतर बनाने पर भी बातचीत हुई।
शी जिनपिंग ने दिया आपसी विकास पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी के बयान के जवाब में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भारत और चीन के बीच आपसी सहयोग और विकास की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चीन और भारत दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देशों में शामिल हैं और दोनों देशों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है।
शी जिनपिंग ने आपसी चिंतन, आपसी सफलता और संयुक्त विकास की बात कही। उन्होंने कहा कि दोनों देशों का उद्देश्य लोगों की भलाई के लिए काम करना और उच्च गुणवत्ता वाले विकास को बढ़ावा देना होना चाहिए।
चीनी राष्ट्रपति ने एक न्यायपूर्ण और बहुध्रुवीय दुनिया के निर्माण तथा आर्थिक वैश्वीकरण को आगे बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विश्व में शांति, स्थिरता और विकास को बढ़ावा देने के लिए भारत और चीन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
VIDEO | Delhi: PM Modi, Chinese President Xi hold bilateral talks on sidelines of BRICS summit 2026.
Source: Third party#BRICSUpdatesOnPTI#BRICS2026#BRICS#BRICSSummit pic.twitter.com/OI769NZJWm
— Press Trust of India (@PTI_News) September 12, 2026
पश्चिम एशिया संकट पर भी चर्चा
पीएम मोदी और शी जिनपिंग की मुलाकात से पहले चीनी राष्ट्रपति ने BRICS देशों से पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच शांति स्थापित करने की कोशिशों में योगदान देने की अपील की। शी ने कहा कि मौजूदा संकट अंतरराष्ट्रीय समुदाय के हित में नहीं है।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है। ऊर्जा आपूर्ति, व्यापार और अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर इसके प्रभाव को लेकर कई देशों की चिंता बढ़ी हुई है। ऐसे में BRICS देशों की भूमिका को लेकर भी चर्चा महत्वपूर्ण हो गई है।
पीएम मोदी ने वैश्विक शासन में सुधार का दिया रोडमैप
BRICS Summit के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक शासन व्यवस्था में सुधार के लिए 10 उपाय भी सुझाए। पीएम मोदी ने BRICS सदस्य देशों से अपील की कि अगले शिखर सम्मेलन तक इन सुझावों को एक ‘BRICS सुधार रोडमैप’ का रूप दिया जाए।
पीएम मोदी ने वैश्विक फैसले लेने की प्रक्रिया में Global South की भूमिका बढ़ाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि विकासशील देशों को केवल नियमों का पालन करने वाले देश नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें नियम बनाने में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। साथ ही, वैश्विक संस्थाओं में सुधार और विकासशील देशों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। भारत की ओर से दिए गए इन सुझावों को BRICS के भविष्य के एजेंडे के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
भारत-चीन रिश्तों के लिए अहम मुलाकात
पीएम मोदी और शी जिनपिंग की बैठक ऐसे समय हुई है जब भारत और चीन के बीच संबंधों को सामान्य बनाने की कोशिशें जारी हैं। गलवान घाटी की घटना के बाद दोनों देशों के बीच सीमा और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे काफी संवेदनशील रहे हैं।
ऐसे में दोनों नेताओं की करीब 50 मिनट की बैठक से यह संकेत मिला है कि भारत और चीन द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने और आपसी सहयोग के नए रास्ते तलाशने पर बातचीत कर रहे हैं। हालांकि, दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दे अब भी मौजूद हैं, लेकिन शीर्ष नेतृत्व की यह बातचीत भविष्य के संबंधों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।
ये भी पढ़ें: Bihar News: बिहार में बाढ़ का संकट गहराया, 15 जिलों में 47 लाख से ज्यादा लोग हुए प्रभावित
Author
-
अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।






