Skip to main content Scroll Top
UP Politics News: Gen Z और Gen Alpha वोटर्स पर अखिलेश यादव का फोकस, कहा- 18 साल के युवा अपने वोट से सरकार बदलें

UP Politics News: Gen Z और Gen Alpha वोटर्स पर अखिलेश यादव का फोकस

UP Politics News:  समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए दिल्ली से भाजपा सरकार पर तीखा वार किया, जिसमें उन्होंने युवाओं से अपील की है कि आज के समय में Gen Z और Gen Alpha वोटर लिस्ट में सबसे बड़ा केंद्र है। उन्होंने कहा कि उम्र 18 साल हो चुकी है या होने वाली है, उन्हें अपने आसपास के हालात को समझना चाहिए और आगामी चुनाव में अपने वोट का इस्तेमाल सरकार बदलने के लिए करना चाहिए।

खबरों के अनुसार, अखिलेश यादव ने दिल्ली में बातचीत के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के विकास के दावों पर भी कई सवाल उठाए हैं। जिसमें उनका कहना है कि सरकार उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ किसान अपनी फसल की सही कीमत के लिए परेशान हैं। साथ ही आलू किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसान को आलू बेहद कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ऐसे में आइए जानते हैं यहां पूरी खबर

युवाओं के मुद्दों पर अखिलेश ने सरकार को घेरा

सपा प्रमुख ने बेरोजगारी और शिक्षा के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। जिसमें उन्होंने सवाल किया कि पिछले कई सालों में सरकार ने युवाओं और उनकी पढ़ाई के लिए क्या किया है। साथ ही, अखिलेश ने कहा कि अगर सरकार ने शिक्षा और रोजगार पर पर्याप्त ध्यान दिया होता तो आज युवाओं को नौकरी और बेहतर भविष्य के लिए भटकना नहीं पड़ता। उन्होंने नए मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि 18 साल की उम्र पूरी करना केवल वोट देने का अधिकार हासिल करना नहीं है, बल्कि देश और प्रदेश के भविष्य को लेकर फैसला लेने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों और सरकार के कामकाज को समझने के बाद मतदान करने की बात कही।

BJP पर लगाया भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का आरोप

अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में सड़क, अस्पताल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उनका आरोप है कि प्रदेश में विकास के बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर लोगों को अभी भी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

सपा अध्यक्ष ने भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए मौजूदा सरकार को प्रदेश की सबसे भ्रष्ट सरकारों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था, अच्छी सड़कें और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर जवाब चाहिए। अखिलेश ने गोरखपुर लिंक प्रोजेक्ट को लेकर भी अदालत से सख्त निर्देश देने की मांग की है। उन्होंने कन्नौज का जिक्र करते हुए बीजेपी पर ऐतिहासिक शहर की अनदेखी करने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि सरकार विकास और विकसित भारत की बात तो करती है, लेकिन जनता के सामने यह सवाल अभी भी मौजूद है कि वास्तविक विकास कब और किस तरह दिखाई देगा।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के संदर्भ में भी सत्ताधारी दल पर हमला बोला। उन्होंने बीजेपी और उसके वैचारिक इतिहास को लेकर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि आजादी के आंदोलन में कुछ लोगों की भूमिका पर सवाल उठते रहे हैं। दरअसल उनके इस बयान को BJP के खिलाफ समाजवादी पार्टी की राजनीतिक रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है। सपा लगातार युवाओं, बेरोजगारी, शिक्षा, महंगाई और रोजगार जैसे मुद्दों को चुनावी बहस के केंद्र में लाने की कोशिश कर रही है।

बीजेपी भी युवाओं तक पहुंच बढ़ाने में जुटी

बता दें जहां विपक्ष युवा मतदाताओं को सरकार के खिलाफ लामबंद करने की कोशिश कर रहा है, वहीं बीजेपी भी युवाओं तक अपनी सीधी पहुंच मजबूत करने में जुटी है। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से युवा संवाद और युवाओं से सीधे जुड़ने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हाल ही में यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने सीतापुर में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में युवा संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इससे पहले रायबरेली में भी युवा सम्मेलन आयोजित किया गया था। इन कार्यक्रमों के जरिए युवाओं के विचार, उनकी समस्याओं और भविष्य से जुड़े सवालों को समझने की कोशिश की जा रही है।

इन कार्यक्रमों की खास बात यह रही कि नेताओं ने युवाओं के बीच सीधे पहुंचकर उनसे बातचीत की। रोजगार, शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य की संभावनाओं जैसे मुद्दों पर युवाओं की चिंताओं को समझने पर जोर दिया गया।

क्यों अहम हो रहा है युवा वोट?

उत्तर प्रदेश में बड़ी युवा आबादी होने के कारण राजनीतिक दलों के लिए युवा मतदाता बेहद महत्वपूर्ण हैं। 18 साल की उम्र पूरी करने वाले नए मतदाताओं का पहला वोट आने वाले चुनावों में राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। इसी वजह से समाजवादी पार्टी, बीजेपी और बहुजन समाज पार्टी समेत तमाम दल युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। बीएसपी भी युवा चेहरों के जरिए नई पीढ़ी तक पहुंच बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।

अखिलेश यादव और राहुल गांधी जैसे विपक्षी नेता बेरोजगारी, पेपर लीक, महंगाई और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं। वहीं बीजेपी सरकार विकास, रोजगार और युवा संवाद के जरिए अपनी नीतियों को युवाओं तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है।

बता दें की अब आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की राजनीति में Gen Z और नए मतदाताओं की भूमिका और महत्वपूर्ण हो सकती है। ऐसे में राजनीतिक दलों के बीच युवाओं को अपने साथ जोड़ने की यह होड़ आने वाले चुनावों में किस दिशा में असर डालेगी, यह देखना अहम होगा।

ये भी पढ़ें: Ajit Doval News: अजीत डोभाल का बड़ा बयान, ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत की सुरक्षा सख्त, देश की रक्षा से कोई समझौता नहीं 

Author

  • Aparna Panwar

    अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।

Related Posts

लेटेस्ट ➤

Advertising Banner
305x250