
NTA AIAPGET Exam: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की परीक्षा में एक बार फिर से अव्यवस्था को लेकर मामला सामने आया है। बता दें आज शनिवार के दिन ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट (AIAPGET) की पहली शिफ्ट के दौरान जयपुर के एक परीक्षा केंद्र पर अचानक बिजली गुल हो गई। जिससे पावर कट की वजह से 49 अभ्यर्थी अपना पेपर पूरा नहीं कर सके। इसके बाद परीक्षा केंद्र पर छात्रों ने जमकर विरोध किया और परीक्षा की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए।
मिली जानकारी के अनुसार, एजेंसी इन 49 छात्रों का री-टेस्ट 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। इसके लिए नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। यहां जानें खबर को लेकर पूरी जानकारी
जयपुर केंद्र पर 192 छात्र थे मौजूद
खबरों के अनुसार NTA ने परीक्षा को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि AIAPGET की पहली शिफ्ट में देशभर के 200 परीक्षा केंद्रों पर कुल 35,837 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 35,788 छात्रों ने अपनी परीक्षा पूरी कर ली। वहीं जयपुर के संबंधित परीक्षा केंद्र पर कुल 192 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे।
इन 192 छात्रों में से 49 अभ्यर्थी बिजली गुल होने के कारण परीक्षा पूरी नहीं कर सके। बिजली जाने के बाद परीक्षा केंद्र पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रभावित छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
छात्रों ने नकल की आशंका जताई
बिजली कटौती को लेकर छात्रों की नाराजगी सिर्फ पेपर छूटने तक सीमित नहीं रही। कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा के दौरान अंधेरा होने पर कमरों में छात्रों के बीच प्रश्नपत्र को लेकर बातचीत हुई।
अभ्यर्थियों का कहना था कि केवल अतिरिक्त समय देने से समस्या का समाधान नहीं हो सकता। उनके मुताबिक, बिजली गुल होने के दौरान परीक्षा का माहौल प्रभावित हुआ और इससे नकल की संभावना पैदा हुई। छात्रों ने पहली शिफ्ट की परीक्षा को रद्द कर सभी प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित करने की मांग की।
हालांकि, इन आरोपों के संबंध में NTA ने यह नहीं कहा है कि वास्तव में नकल हुई थी। एजेंसी ने बिजली कटौती से प्रभावित 49 अभ्यर्थियों के लिए री-टेस्ट कराने का निर्णय लिया है।
NTA ने परीक्षा एजेंसी को ठहराया जिम्मेदार
NTA ने इस घटना के लिए परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी M/S Eduquity Career Technologies Private Limited को जिम्मेदार बताया है। एजेंसी ने छात्रों को हुई परेशानी पर खेद जताया है।
NTA के मुताबिक, प्रभावित 49 अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा 1 सितंबर को सुबह 10 बजे राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन, जयपुर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड और परीक्षा से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए NTA की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें।
छात्रों के लिए हेल्पलाइन जारी
NTA ने AIAPGET परीक्षा से संबंधित सवालों और समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल आईडी भी जारी की है। परीक्षा या एडमिट कार्ड से जुड़ी किसी भी परेशानी की स्थिति में अभ्यर्थी 011-40759000 या 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा छात्र अपनी समस्या aiapget@nta.ac.in पर ईमेल के जरिए भी भेज सकते हैं। री-टेस्ट में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नए एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र से जुड़ी जानकारी समय पर जांच लें।
NTA की परीक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
NTA की परीक्षाओं के दौरान सामने आने वाली तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। AIAPGET में बिजली गुल होने की घटना ने एक बार फिर परीक्षा केंद्रों पर बुनियादी व्यवस्थाओं और तैयारियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
अभ्यर्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाएं बेहद महत्वपूर्ण होती हैं। ऐसे में परीक्षा के दौरान बिजली, तकनीकी व्यवस्था या अन्य किसी तरह की बाधा होने से उनकी तैयारी और प्रदर्शन दोनों प्रभावित हो सकते हैं। जयपुर मामले में NTA ने प्रभावित छात्रों को दोबारा परीक्षा का मौका देकर स्थिति संभालने की कोशिश की है। ऐसे में अब 1 सितंबर को होने वाला री-टेस्ट इन 49 अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण होगा। छात्रों को नए एडमिट कार्ड और परीक्षा से जुड़ी सभी जरूरी सूचनाओं का इंतजार है।
ये भी पढ़ें: Bank Holiday: अगले हफ्ते 4 दिन नहीं खुलेंगे बैंक, कहीं आपका जरूरी काम न अटक जाए, यहां देखें छुट्टियों की पूरी लिस्ट
Author
-
अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।






