
MI vs PBKS Highlights: आईपीएल 2026 का 24वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। जिसमें यह मैच काफी रोमांचक और हाई-स्कोरिंग रहा, जिसमें पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया है। बता दें कि इस हार के साथ मुंबई इंडियंस को लगातार चौथी बार हार का सामना करना पड़ा है, जिससे टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता नजर आ रहा है। वहीं, दूसरी ओर पंजाब किंग्स ने इस सीजन में अपनी जीत की लय को बनाए रखा और अंक तालिका में टॉप पोजिशन हासिल कर ली।
मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए क्विंटन डिकॉक की शानदार शतकीय पारी के दम पर 195 रन बनाए। डिकॉक ने 53 गेंदों में शतक पूरा किया और नाबाद 112 रन बनाए। हालांकि उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद टीम बड़ा स्कोर होने के बावजूद जीत हासिल नहीं कर सकी। पंजाब किंग्स ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार बल्लेबाजी दिखाई। श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन सिंह के बीच हुई बड़ी साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर मुंबई के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और टीम को आसानी से जीत दिलाई। पंजाब ने यह लक्ष्य 17वें ओवर में ही हासिल कर लिया। यह मुकाबला पूरी तरह पंजाब किंग्स के नाम रहा और मुंबई इंडियंस के लिए एक और निराशाजनक हार साबित हुआ।
मुंबई इंडियंस की दमदार लेकिन अधूरी पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत मिली-जुली रही। टीम के ओपनर रेयान रिकेल्टन और क्विंटन डिकॉक ने पारी की शुरुआत की, लेकिन तीसरे ही ओवर में अर्शदीप सिंह ने मुंबई को बड़ा झटका दिया। उन्होंने पहले रिकेल्टन और फिर सूर्यकुमार यादव को बिना खाता खोले आउट कर दिया। इसके बाद क्विंटन डिकॉक ने नमन धीर के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों के बीच शानदार 122 रनों की साझेदारी हुई। नमन धीर ने 51 रन बनाए और टीम को मजबूती दी। लेकिन असली धमाका क्विंटन डिकॉक ने किया। उन्होंने सिर्फ 53 गेंदों में शानदार शतक जड़ दिया। उनकी बल्लेबाजी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। डिकॉक अंत तक नाबाद 112 रन बनाकर लौटे। हार्दिक पंड्या ने भी तेज खेलने की कोशिश की लेकिन वह सिर्फ 14 रन ही बना सके। अंत में मुंबई इंडियंस ने 195 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
पंजाब किंग्स की धमाकेदार चेज़
196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत थोड़ी खराब रही। तीसरे ओवर में ही प्रियांश आर्य 27 रन के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद कूपर कोनोली भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लेकिन इसके बाद मैदान पर आए कप्तान श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन सिंह ने मैच का रुख बदल दिया। दोनों के बीच 139 रनों की शानदार साझेदारी हुई। श्रेयस अय्यर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में 66 रन बनाए। उन्होंने 5 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं प्रभसिमरन सिंह ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 80 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। इस साझेदारी के दम पर पंजाब किंग्स ने 17वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच 7 विकेट से जीत लिया।
मैच का टर्निंग पॉइंट
इस मुकाबले का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट पंजाब किंग्स की मिडिल ऑर्डर साझेदारी रही है। जिसमें श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन सिंह ने जिस तरह से पारी को संभाला, उसने मुंबई के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में डाल दिया। मुंबई की ओर से शुरुआती विकेट लेने के बावजूद गेंदबाज उस लय को बनाए नहीं रख सके। जसप्रीत बुमराह और दीपक चाहर जैसे अनुभवी गेंदबाज भी रन रोकने में असफल रहे।
मुंबई इंडियंस की लगातार चौथी हार
यह हार मुंबई इंडियंस के लिए काफी चिंता का विषय बन गई है। टीम ने अब तक 5 मैच खेले हैं और केवल 1 मैच में जीत हासिल की है। लगातार चार हार के बाद टीम अंक तालिका में 9वें स्थान पर पहुंच गई है। टीम का बैटिंग और बॉलिंग दोनों विभाग कमजोर नजर आ रहा है। खासकर मिडिल ओवर्स में टीम लगातार विकेट खो रही है।
आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल अपडेट
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है। टीम ने 5 मैचों में 4 जीत दर्ज की हैं और एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ है। पंजाब के पास कुल 9 अंक हैं। वहीं, दूसरे स्थान पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और तीसरे स्थान पर राजस्थान रॉयल्स मौजूद हैं। वहीं मुंबई इंडियंस 9वें स्थान पर पहुंच गई है, जो उनके लिए एक बड़ा झटका है।
ये भी पढ़ें: हाइब्रिड कार: अब पेट्रोल की टेंशन खत्म, 1 लीटर में चलेगी 45 किलोमीटर, जानें फीचर्स






