
IND VS IRE Highlights: टी20 वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम के लिए आयरलैंड दौरा किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। बता दें की बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेले गए दूसरे और आखिरी टी20 मुकाबले में भारत को 1 रन से रोमांचक हार का सामना करना पड़ा। जिससे इस जीत के साथ आयरलैंड ने दो मैचों की टी20 सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। यह पहली बार है जब आयरलैंड ने भारत के खिलाफ किसी टी20 इंटरनेशनल सीरीज में जीत हासिल की है।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में उतरी भारतीय टीम पहले मुकाबले में 34 रन से हार चुकी थी। ऐसे में दूसरे मैच में जीत जरूरी थी, लेकिन टीम एक बार फिर बल्लेबाजी में पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई और इतिहास में शर्मनाक सीरीज हार दर्ज हो गई। ऐसे में आइए यहां विस्तार से जानते हैं कि आज के मैच में क्या कुछ खास रहा।
155 रन के लक्ष्य से 1 रन दूर रह गया भारत
आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 154 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 153 रन ही बना सकी। आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 20 रन चाहिए थे।
हर्षित राणा ने कुछ बड़े शॉट लगाकर उम्मीदें जरूर जगाईं, लेकिन वह अहम समय पर आउट हो गए। अंतिम गेंद पर प्रिंस यादव ने छक्का लगाया, लेकिन तब तक भारत जीत से एक रन दूर रह चुका था।
टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप
भारतीय बल्लेबाजी की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने सिर्फ 35 रन के भीतर चार बड़े विकेट गंवा दिए।
अभिषेक शर्मा गोल्डन डक पर आउट हुए।
संजू सैमसन भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
कप्तान श्रेयस अय्यर सिर्फ 10 रन बना सके।
ईशान किशन 12 रन बनाकर रन आउट हुए।
तिलक वर्मा ने खेली संघर्षपूर्ण पारी
दरअसल शुरुआती झटकों के बाद तिलक वर्मा और अक्षर पटेल ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 39 रन जोड़े। अक्षर पटेल 17 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शिवम दुबे और तिलक वर्मा ने छठे विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी की। शिवम दुबे 20 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि तिलक वर्मा ने शानदार अर्धशतक लगाया।
तिलक ने 46 गेंदों में 55 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल रहा। हालांकि उनके आउट होते ही भारत की जीत की उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं।
आयरलैंड के गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
आयरलैंड की जीत में उसके गेंदबाजों की अहम भूमिका रही।
बता दें जय मूंदरा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके और भारत के टॉप ऑर्डर को पूरी तरह बिखेर दिया। मैथ्यू हॉलार्ड ने भी तीन विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।
मैथ्यू हम्फ्रीज ने भी महत्वपूर्ण समय पर शिवम दुबे का विकेट लेकर मैच का रुख आयरलैंड की ओर मोड़ दिया।
हैरी टेक्टर ने खेली कप्तानी पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी। टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए।
- टिम टेक्टर 5 रन बनाकर आउट हुए।
- रॉस एडायर 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
- कप्तान लोर्कन टकर सिर्फ 15 रन बना सके।
इसके बाद हैरी टेक्टर और बेंजामिन कैलिट्ज ने शानदार साझेदारी करते हुए पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 65 रन जोड़े हैं। बेंजामिन कैलिट्ज ने 23 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि हैरी टेक्टर ने 47 गेंदों में 53 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी की बदौलत आयरलैंड 154 रन तक पहुंचने में सफल रहा।
भारत की गेंदबाजी में प्रिंस यादव का शानदार डेब्यू
भारतीय टीम की ओर से टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया। उन्होंने तीन विकेट लेकर अपने पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा अर्शदीप सिंह और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। हालांकि गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद बल्लेबाज टीम को जीत नहीं दिला सके।
सूर्यांश शेडगे का भी हुआ डेब्यू
इस मुकाबले में भारत ने दो खिलाड़ियों को टी20 इंटरनेशनल डेब्यू का मौका दिया। वहीं वॉशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा प्लेइंग इलेवन से बाहर रहे। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लगातार दूसरे मैच में भी मौका नहीं मिला और उनके डेब्यू का इंतजार बढ़ गया।
- सूर्यांश शेडगे
- प्रिंस यादव
भारत के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
भारत अब तक आयरलैंड के खिलाफ टी20 क्रिकेट में पूरी तरह हावी रहा था। लेकिन इस सीरीज में तस्वीर पूरी तरह बदल गई।
दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 10 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में भारत ने 8 मैच जीते हैं, जबकि आयरलैंड ने 2 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि आयरलैंड की दोनों जीत इसी सीरीज में आईं और उसने पहली बार भारत को टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप किया। यह हार भारतीय टीम के लिए बड़े झटके के रूप में देखी जा रही है, क्योंकि टीम मौजूदा टी20 वर्ल्ड चैंपियन है और उससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी।
भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, सूर्यांश शेडगे, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव।
आयरलैंड की प्लेइंग इलेवन: टिम टेक्टर, रॉस एडायर, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर (कप्तान/विकेटकीपर), बेंजामिन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, लियाम मैकार्थी, मैथ्यू हम्फ्रीज, जय मूंदरा और मैथ्यू हॉलार्ड।
ये भी पढ़ें: India Seychelles Agreement: भारत-सेशेल्स के बीच बढ़ा भरोसा, पीएम मोदी की मौजूदगी में 19 अहम समझौतों पर लगी मुहर






