
Ketan Agrawal Murder Case: पुणे के बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की हत्या ने पूरे शहर को अभी तक हिला कर रखा हुआ है। घटना के 10 दिन बाद भी पुणे पुलिस (Pune Police) जांच के द्वारा कई चौंकाने वाले लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। दरअसल, आज रविवार को हुई सख्त जांच से सामने आया है कि लोहगढ़ हत्या मामले में मुख्य आरोपी सिया गोयल के बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी ने कथित तौर पर हत्या के लिए ’10 घंटे की घोस्ट स्ट्रेटेजी’ (10 Hour Ghost Strategy) बनाई थी। ऐसे में पुलिस इस पूरे प्लान की गहराई के साथ-साथ बारिकी से जांच में जुटी है।
क्या थी ’10 घंटे की तगड़ी साजिश’?
पुलिस जांच के अनुसार चेतन चौधरी ने 18 जून को सुबह से ही ऐसा प्लान तैयार किया था जिससे वह डिजिटल रिकॉर्ड में दिखाई न दे। बता दें की सबसे पहले उसने अपने मोबाइल का इंटरनेट और डेटा बंद कर दिया ताकि उसकी लोकेशन ट्रैक न हो सके। जिसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन अपनी दुकान पर छोड़ दिया और कर्मचारियों से कहा कि यदि कोई कॉल आए तो वे खुद रिसीव करें।
इस साजिश के पीछे का अहम मकसद पुलिस को यह दिखाना था कि वह पूरे दिन दुकान पर मौजूद था, जबकि वह गुपचुप तरीके से लोहगढ़ किले की ओर निकल चुका था।
शादी रोकने के लिए बनाई गई रणनीति
मिली जानकारी के अनुसार, केतन अग्रवाल की सगाई सिया गोयल से हुई थी। जिसमें पुलिस का दावा है कि सिया और चेतन एक-दूसरे के करीब थे और दोनों शादी नहीं होने देना चाहते थे। इसी कारण से दोनों ने मिलकर केतन को जान से मारने की योजना बनाई थी।
18 जून की सुबह केतन अपनी मंगेतर सिया के साथ लोहगढ़ किले घूमने के लिए निकला। वहीं, दूसरी ओर चेतन पहले से अपनी योजना के तहत बिना किसी डिजिटल सबूत के वहां पहुंचने की तैयारी कर चुका था।
सुबह 7 बजे से शुरू हुआ पूरा प्लान
पुलिस जांच के अनुसार सुबह करीब 7 बजे चेतन ने मोबाइल डेटा और इंटरनेट को बंद कर दिया। इसके बाद सुबह 8 बजे उसने अपना फोन दुकान पर छोड़ दिया और कर्मचारियों को कॉल संभालने की जिम्मेदारी दे दी।
दोपहर तक वह बिना मोबाइल इस्तेमाल किए लोहगढ़ किले की ओर रवाना हो गया। रास्ते में बातचीत करने के लिए उसने अपने एक कर्मचारी का मोबाइल इस्तेमाल किया ताकि उसका निजी फोन में किसी भी तरह का रिकॉर्ड न मिल सके।
पहचान छिपाने के लिए पहनी विंटर हुडी
जांच के दौरान सामने आया कि दोपहर करीब 2 बजे चेतन ने भीषण गर्मी के बावजूद भी मोटी विंटर हुडी पहन रखी थी। उसका मकसद अपनी पहचान छिपाना था। वह कथित तौर पर केतन और सिया का पीछा करते हुए किले के सुनसान हिस्से तक पहुंचा।
ऐसे में पुलिस का दावा है कि विंचू काटा रिज नामक स्थान पर पहले से तय योजना के अनुसार सिया ने केतन को बैठने के लिए कहा। उसी दौरान झाड़ियों में छिपा चेतन बाहर आया और कथित रूप से केतन को गहरी खाई की ओर धक्का दे दिया। करीब 400 फीट गहरी खाई में गिरने से केतन की मौत हो गई।
तीन गलतियों से खुल गई पूरी साजिश की पोल
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने खुद को बचाने के लिए काफी तैयारी की थी, लेकिन तीन गलतियों ने उसकी पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
पहली गलती: जून की तेज गर्मी में मोटी विंटर हुडी पहनना। जिससे यह असामान्य हरकत आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई और पुलिस का शक उसी पर गया।
दूसरी गलती: चेतन का मोबाइल दुकान पर था, लेकिन उस पर आने वाले कॉल कर्मचारियों ने रिसीव किए। जांच के दौरान कॉल करने वालों ने बताया कि फोन चेतन नहीं बल्कि कोई और उठा रहा था। इससे पुलिस को संदेह हुआ।
तीसरी गलती: डिजिटल रिकॉर्ड से बचने की कोशिश के बावजूद सीसीटीवी फुटेज (CCTV FOOTAGE), कर्मचारियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों ने उसकी गतिविधियों को जोड़ दिया। पुलिस ने इन सभी सबूतों के आधार पर कथित साजिश का खुलासा किया।
परिवार को कैसे हुआ शक?
दरअसल केतन की मौत के बाद शुरुआत में इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन 21 जून को जब केतन के पिता, रिश्तेदार और दोस्त घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्हें कई बातें असामान्य लगीं।
परिजनों का कहना है कि जिस स्थान से केतन गिरा था, वहां कोई व्यक्ति सामान्य रूप से फिसल नहीं सकता। मौके की स्थिति देखने के बाद उन्हें हत्या की आशंका हुई। इसके अलावा परिवार ने यह भी दावा किया कि सिया का मोबाइल लगातार व्यस्त रहता था और वह बार-बार चेतन का नाम लेती थी। इससे परिवार का शक और गहरा हो गया। बाद में उन्होंने पुलिस से विस्तृत जांच की मांग की।
पुलिस जुटा रही है हर सबूत
ऐसे में फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल डेटा और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या की योजना कब और कैसे बनाई गई तथा इसमें किस-किस की भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तकनीकी और फोरेंसिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।






