
SRH vs CSK Highlights: आईपीएल 2026 का 27वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच आज शनिवार को खेला गया। जिसमें यह शानदार मैच राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम, हैदराबाद में आयोजित हुआ, जहां घरेलू टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 रनों से जीत दर्ज की है। साथ ही, टॉस जीतकर चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया, लेकिन यह फैसला उनके लिए ज्यादा फायदेमंद साबित नहीं हुआ। दरअसल सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आक्रामक शुरुआत की और 20 ओवर में 194 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जिसमें अभिषेक शर्मा ने तेजतर्रार पारी खेली, जबकि हेनरिक क्लासेन ने शानदार अर्धशतक जड़कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत खराब रही और टीम लगातार दबाव में रही। संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ बड़ी पारी नहीं खेल सके। वहीं, अंत में चेन्नई 184 रन ही बना सकी और 10 रनों से मैच हार गई। ईशान मलिंगा की बेहतरीन गेंदबाजी इस जीत की सबसे बड़ी वजह रही।
टॉस और मैच की शुरुआत
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। शुरुआत में यह निर्णय सही भी लगा, लेकिन हैदराबाद के बल्लेबाजों ने इसे गलत साबित कर दिया। जिसमें पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 194 रन बनाए और चेन्नई सुपर किंग्स के सामने 195 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा।
SRH की धमाकेदार बल्लेबाजी
सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद आक्रामक रही है। टीम के ओपनर अभिषेक शर्मा ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़ दिया। उन्होंने 22 गेंदों में कुल 59 रन बनाए और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। ट्रैविस हेड ने 23 रनों की उपयोगी पारी खेली, लेकिन सबसे बड़ा झटका तब लगा जब कप्तान ईशान किशन गोल्डन डक पर आउट हो गए।इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने मोर्चा संभाला और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों में 59 रनों की अहम पारी खेली। उनकी इस पारी ने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। निचले क्रम में सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने भी उपयोगी योगदान दिया, जिससे टीम 194 रन तक पहुंचने में सफल रही।
CSK की पारी संघर्ष के बाद भी हार
195 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम को शुरुआती झटके लगे और दबाव लगातार बढ़ता गया। संजू सैमसन सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए, जिससे टीम की शुरुआत बिगड़ गई। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ भी एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और केवल 19 रन ही बना सके। हालांकि, आयुष ने 13 गेंदों में 30 रनों की तेज पारी खेलकर उम्मीद जगाई। मैथ्यू शॉर्ट ने भी कुछ देर तक संघर्ष किया। डेवाल्ड ब्रेविस इस मैच में खाता भी नहीं खोल सके, जो CSK के लिए बड़ा झटका रहा। सरफराज खान ने 25 रन बनाए और शिवम दुबे ने 16 गेंदों में 21 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन मोहम्मद सिराज ने उन्हें बोल्ड कर दिया। जिसके बाद अंत में CSK की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 184 रन ही बना सकी और मैच 10 रनों से हार गई।
ईशान मलिंगा और गेंदबाजी का कमाल
इस मुकाबले में हैदराबाद की गेंदबाजी भी शानदार रही। जिसमें खासकर ईशान मलिंगा ने अहम मौकों पर विकेट लेकर चेन्नई की रन गति पर ब्रेक लगाया। उन्होंने 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए और मैच का रुख पूरी तरह हैदराबाद की ओर मोड़ दिया। मिडल ओवर्स में हैदराबाद के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा, जिससे चेन्नई की टीम लक्ष्य के करीब पहुंचने के बावजूद जीत हासिल नहीं कर सकी।
मैच का टर्निंग पॉइंट
इस मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट हेनरिक क्लासेन की पारी और ईशान मलिंगा की गेंदबाजी रही। क्लासेन ने जहां टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, वहीं मलिंगा ने CSK के मिडिल ऑर्डर को तोड़कर मैच पूरी तरह बदल दिया। इसके अलावा CSK के लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई और आखिरी ओवरों में लक्ष्य हासिल करना मुश्किल हो गया।
SRH vs CSK: प्लेइंग इलेवन
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK): संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड़, सरफराज खान, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, मैथ्यू शॉर्ट, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, मुकेश चौधरी, गुरजापनीत सिंह।
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH): अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवांग कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन, ईशान मलिंगा।
ये भी पढ़ें: Bihar Bhumi: जमीन विवाद निपटाने में बड़ा बदलाव, अब बिहार में AI संभालेगा लंबित केस






