Skip to main content Scroll Top
PM Modi Jalandhar Rally: जालंधर से पीएम मोदी का AAP पर बड़ा हमला, कहा- वोट बैंक की राजनीति से नहीं चलेगा देश
Current image: PM Modi Jalandhar Rally: जालंधर से पीएम मोदी का AAP पर बड़ा हमला

PM Modi Jalandhar Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शुक्रवार को पंजाब के जालंधर में आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए विकास परियोजनाओं की सौगात दी और साथ ही राज्य की राजनीति पर भी खुलकर अपनी बात रखी। जिसमें उन्होंने करीब 5,470 करोड़ रुपये की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। साथ ही अपने भाषण में उन्होंने पंजाब के विकास, रेलवे के आधुनिकीकरण, किसानों, युवाओं और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर बात की है। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी (AAP), कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल पर भी तीखा हमला बोला है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें की प्रधानमंत्री का यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपनी राजनीतिक रणनीति को मजबूत करने में जुटी हुई है।

पंजाबी में किया संबोधन, पंजाब की धरती को बताया वीरों की भूमि

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत पंजाबी भाषा में की। जिसमें उन्होंने कहा कि गुरुओं और वीरों की धरती पंजाब पर आकर उन्हें गर्व और सम्मान का अनुभव हो रहा है। जिसके बाद उन्होंने कहा कि पंजाब देश की संस्कृति, कृषि और वीरता का प्रतीक रहा है और केंद्र सरकार राज्य के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जालंधर आज विकास के नए दौर का गवाह बन रहा है और केंद्र सरकार लगातार ऐसे फैसले ले रही है, जिनका सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचे।

5,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री ने अपने दौरे के दौरान लगभग 5,470 करोड़ रुपये की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और रेलवे नेटवर्क किसी भी राज्य की आर्थिक प्रगति का आधार होता है।
उन्होंने बताया कि जालंधर से अमृतसर (छेहरटा) और वाराणसी के बीच ‘संत रविदास एक्सप्रेस’ की शुरुआत की गई है। इससे गुरु रविदास के अनुयायियों के लिए वाराणसी की यात्रा पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक होगी।

इसके अलावा उन्होंने बताया कि हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई गई है, जो भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम है।

रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण पर दिया जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार देशभर के 1,300 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाने के मिशन पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया गया। उन्होंने कहा कि जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन आधुनिक भारत की नई तस्वीर पेश करता है। इसके साथ ही मुक्तसर, श्री आनंदपुर साहिब और एसएएस नगर (मोहाली) के रेलवे स्टेशनों का भी आधुनिक स्वरूप तैयार किया गया है।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 से पहले रेलवे केवल घोषणाओं तक सीमित था। स्टेशन विकास और यात्रियों की सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। आज रेलवे में जो बदलाव दिखाई दे रहे हैं, वे पहले ही हो जाने चाहिए थे।

AAP सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर हमला

प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में गैंगवार, रंगदारी और अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं हैं और नशा तस्कर खुलेआम सक्रिय हैं। उनका कहना था कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेला जा रहा है, जो राज्य के भविष्य के लिए बड़ी चिंता का विषय है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब जैसी समृद्ध और मेहनतकश भूमि को सुरक्षित और विकसित बनाने के लिए मजबूत प्रशासन की आवश्यकता है।

दिल्ली दंगों के दोषी का जिक्र कर AAP पर साधा निशाना

दरअसल अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने बिना सीधे नाम लिए कहा कि हाल ही में उनकी पार्टी के एक नेता को दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में अदालत ने दोषी ठहराया है, लेकिन उस फैसले पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल धर्म और वोट बैंक की राजनीति के कारण न्यायिक फैसलों तक पर सवाल खड़े कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसी राजनीति देश और समाज दोनों के लिए नुकसानदायक है।

भ्रष्टाचार को लेकर भी लगाए आरोप

प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार के एक स्वास्थ्य मंत्री को भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण पद छोड़ना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि कई विधायक भी भ्रष्टाचार के मामलों में घिरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जो पार्टी कभी ईमानदारी की राजनीति का दावा करती थी, आज उसकी पहचान भ्रष्टाचार और बेईमानी से जुड़ती जा रही है।

केंद्र सरकार की योजनाओं का भी किया उल्लेख

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने पंजाब के विकास के लिए लाखों करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं। उनका आरोप था कि राज्य सरकार इन संसाधनों का सही उपयोग नहीं कर पाई। जिसमें कई केंद्रीय योजनाओं पर राज्य सरकार अपना प्रचार कर रही है, जबकि धन केंद्र सरकार उपलब्ध करा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास का श्रेय लेने के बजाय योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना अधिक जरूरी है।

हरियाणा और दिल्ली का उदाहरण दिया

प्रधानमंत्री ने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की भाजपा सरकार किसानों को 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का लाभ दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा और दिल्ली में विकास कार्य तेजी से हुए हैं और वहां महिलाओं के खातों में आर्थिक सहायता राशि भी पहुंचाई गई है। उनका कहना था कि पंजाब में भी इसी तरह के विकास मॉडल की आवश्यकता है।

अकाली दल पर भी की टिप्पणी

प्रधानमंत्री ने शिरोमणि अकाली दल पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी इस समय अपने आंतरिक मामलों में उलझी हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब के भविष्य के लिए नई सोच और मजबूत नेतृत्व की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी ही पंजाब को विकास और स्थिरता की नई दिशा दे सकती है।

युवाओं से खेलों से जुड़ने की अपील

प्रधानमंत्री ने जालंधर की खेल परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह शहर देश को कई बड़े खिलाड़ी दे चुका है। उन्होंने युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि खेल केवल करियर ही नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज बनाने का भी माध्यम हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार खेल सुविधाओं को मजबूत करने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

मंच पर कई प्रमुख नेता रहे मौजूद

इस कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व भारतीय क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह, सांसद अशोक मित्तल तथा हाल ही में भाजपा में शामिल हुए सांसद राजिंदर गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम के दौरान हरे रंग की पगड़ी पहनकर लोगों का अभिवादन किया।

2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी का संकेत

राजनीतिक एक्सपर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा केवल विकास परियोजनाओं तक सीमित नहीं था। इसे 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है। भाजपा इस बार राज्य में अपने दम पर चुनाव लड़ने की रणनीति बना रही है और लगातार संगठन विस्तार के साथ जनसंपर्क अभियान तेज कर रही है।

ये भी पढ़ें: 8th Pay Commission Update 2026: 8वें वेतन आयोग से कर्मचारियों को मिलेगी बड़ी राहत, जानें सरकार का पूरा प्लान

Author

  • Aparna Panwar

    अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।

Related Posts

लेटेस्ट ➤

Advertising Banner
305x250