
Punjab Election 2026: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने आज सोमवार के दिन साफ संकेत दिया है कि पार्टी इस बार राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जीत हासिल कर पंजाब में अपनी सरकार बनाना है।
वहीं, बीजेपी के इस ऐलान को पंजाब की राजनीति में अहम माना जा रहा है। खासतौर पर ऐसे समय में जब शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं चलती रही हैं। हालांकि, बीएल संतोष के सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने के बयान से यह संकेत जरूर मिल रहा है कि पार्टी राज्य में अपने संगठन को स्वतंत्र रूप से मजबूत करने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है। ऐसे में आइए यहां पढ़ें पूरी खबर
पंजाब में बीजेपी का मिशन 117
बीएल संतोष अपने दो दिवसीय पंजाब दौरे पर पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने पार्टी के नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें कीं है। पटियाला और बठिंडा में आयोजित संगठनात्मक बैठकों में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की।
बीजेपी नेताओं को संबोधित करते हुए बीएल संतोष ने कहा कि पार्टी पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीत दर्ज कर राज्य में सरकार बनाएगी। उनके इस बयान के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में भी चुनाव को लेकर सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में बीजेपी का फोकस अब सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित रहने के बजाय गांवों और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर है। पार्टी की कोशिश है कि चुनाव से पहले हर विधानसभा क्षेत्र में मजबूत संगठनात्मक नेटवर्क तैयार किया जाए।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
बीएल संतोष के पंजाब दौरे का मुख्य उद्देश्य पार्टी के संगठन की जमीनी स्थिति को समझना और आगामी चुनाव के लिए रणनीति तैयार करना है। बैठकों में बूथ स्तर पर पार्टी की मौजूदगी, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठन के बीच बेहतर समन्वय जैसे मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।
बीजेपी की रणनीति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पंजाब के लोगों तक पहुंचाना भी शामिल है। पार्टी कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर जनता के बीच जाने और स्थानीय मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जा रहा है। वहीं, पार्टी का मानना है कि मजबूत बूथ संगठन विधानसभा चुनाव में जीत की नींव तैयार कर सकता है। इसी वजह से बीजेपी नेतृत्व लगातार स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दे रहा है।
पटियाला और बठिंडा में हुई अहम बैठकें
बीएल संतोष ने पंजाब दौरे के पहले दिन पटियाला और बठिंडा में जोनल स्तर की संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता की। इन बैठकों में पार्टी के स्थानीय नेताओं और पदाधिकारियों से संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों की जानकारी ली गई।
सोमवार सुबह मोहाली एयरपोर्ट पहुंचने पर पंजाब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों और पंजाब बीजेपी के सह-प्रभारी सरदार नरेंद्र सिंह रैना ने उनका स्वागत किया।
बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति, संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा हुई। बीजेपी नेतृत्व की कोशिश है कि चुनाव से पहले पार्टी के सभी स्तरों के पदाधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल बनाया जाए।
25 अगस्त को इन शहरों में बैठकें
बीएल संतोष के पंजाब दौरे के दूसरे दिन भी कई महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं। 25 अगस्त को लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में जोनल स्तर की बैठकें आयोजित की जाएंगी।
अमृतसर में प्रदेश महासचिवों के साथ अलग से बैठक भी होगी। इन बैठकों में पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा की जाएगी। जिसमें बीजेपी का पूरा फोकस इस बात पर है कि चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को स्पष्ट जिम्मेदारियां दी जाएं और हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को तेज किया जाए।
अकाली दल के साथ गठबंधन पर क्या?
बीजेपी के 117 सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान को शिरोमणि अकाली दल के साथ संभावित गठबंधन के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। पंजाब की राजनीति में बीजेपी और अकाली दल लंबे समय तक सहयोगी रहे हैं, लेकिन दोनों दलों के बीच राजनीतिक समीकरणों में बदलाव आया है।
ऐसे में बीजेपी का सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने का बयान पार्टी की मौजूदा रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण संकेत देता है। हालांकि, गठबंधन को लेकर अंतिम राजनीतिक तस्वीर क्या होगी, यह आने वाले समय में ही स्पष्ट होगा। फिलहाल बीजेपी का पूरा ध्यान संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को जमीन पर उतारने पर दिखाई दे रहा है। पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को पूरी तरह सक्रिय किया जाए और पंजाब के हर विधानसभा क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत की जाए।
ये भी पढ़ें: CJP Protest: सीजेपी का बड़ा ऐलान, 5 सितंबर को इंडिया गेट से दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक होगा शक्ति प्रदर्शन
Author
-
अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।






