
Delhi Building Collapse: दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में आज एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जिसमें पूरी दिल्ली को हिलाकर रख दिया है। दरअसल, यहां दिल्ली की एक पुरानी इमारत है, जो अचानक से भरभराकर गिर गई। हादसे के समय इमारत में कई छात्र और मजदूर अंदर ही मौजूद थे। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद दिल्ली पुलिस, NDRF और प्रशासन की टीमें लगातार राहत और बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
वहीं, इस भीषण हादसे के बाद दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने इमारत के कथित मालिक हरिराम बंसल और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की। यह FIR साउथ कैंपस थाने में BNS की धारा 105, 290 और 125(a) के तहत दर्ज की गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, इमारत के ग्राउंड फ्लोर (Ground floor) पर मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसे की असली वजह क्या थी?
40 से 50 साल पुरानी थी इमारत
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सत्य निकेतन में गिरी यह इमारत करीब 40 से 50 साल पुरानी थी। बताया जा रहा है कि इमारत के बेसमेंट में भी मरम्मत का काम चल रहा था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की। इसके बाद पुलिस और बचाव दल ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, इस इमारत का इस्तेमाल PG के तौर पर किया जा रहा था। इसमें दिल्ली यूनिवर्सिटी के कई छात्र रह रहे थे। हादसे में घायल होने वालों में छात्र और मजदूर दोनों शामिल हैं।
घायलों में छात्र और मजदूर शामिल
दिल्ली के इस हादसे में घायल हुए लोगों को दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। AIIMS के मुताबिक, कुल 10 लोगों को इलाज के लिए लाया गया था। इनमें से 4 लोगों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी और एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई।
घायल छात्रों में अभिषेक, नीरज और आदित्य शामिल हैं। इनका इलाज AIIMS ट्रॉमा सेंटर (AIIMS Trauma Centre) में चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। वहीं एक अन्य अज्ञात छात्र का इलाज आरआर अस्पताल में किया जा रहा है। हादसे में दो मजदूर भी घायल हुए हैं। इनकी पहचान असगर अली और अयान के रूप में हुई है। असगर अली का इलाज AIIMS ट्रॉमा सेंटर (AIIMS Trauma Centre) में चल रहा है, जबकि अयान को सफदरजंग अस्पताल (Safdarjung Hospital) में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पांच मृतकों में से एक की पहचान छात्र युवराज के तौर पर हुई है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

CM रेखा गुप्ता ने कहा दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Delhi Chief Minister Rekha Gupta) भी हादसे की जानकारी मिलने के बाद तुरंत मौके पर पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान 11 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है और हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना के लिए जो भी जिम्मेदार है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोषी चाहे इमारत का मालिक हो, कोई अधिकारी हो या कोई अन्य व्यक्ति, किसी को भी इसमें बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने हादसे की मजिस्ट्रेट जांच (Magisterial Inquiry Accident) कराने के भी निर्देश दिए हैं। सीएम रेखा गुप्ता ने AIIMS पहुंचकर हादसे में घायल लोगों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
MCD के खिलाफ प्रदर्शन, हिरासत में लिए गए लोग
सत्य निकेतन हादसे (Satya Niketan Accidents) के बाद इस मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन भी शुरू हो गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के करीब 150 से 200 सदस्य सिविक सेंटर पहुंचे और MCD के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और MCD कमिश्नर के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने सिविक सेंटर (Civic Center) की मुख्य इमारत में प्रवेश करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने करीब 15 लोगों को हिरासत में लेकर कमला मार्केट थाने पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं AAP के छात्र संगठन के सदस्य भी विरोध प्रदर्शन (Protest Demonstration) के लिए पहुंचे। उन्होंने दुर्गाबाई देशमुख मेट्रो स्टेशन (Durgabai Deshmukh Metro Station) के पास प्रदर्शन किया।
The collapse of a building at Satya Niketan, Delhi is distressing. Condolences to those who lost their loved ones. Praying for the speedy recovery of the injured. Authorities are working at the site and assisting those affected in the mishap: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) September 6, 2026
PM मोदी ने जताया दुख
सत्य निकेतन में हुए इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने भी दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। फिलहाल दिल्ली पुलिस (Delhi Police) और राहत-बचाव टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। मलबे को हटाने का काम जारी है। पुलिस की कई टीमें हादसे से जुड़े लोगों को ट्रेस करने और आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि पुरानी इमारत के गिरने की मुख्य वजह क्या थी और इसके लिए कौन-कौन लोग जिम्मेदार हैं।
ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव के CM बनने पर केशव मौर्य का तंज, कहा- 2047 तक यूपी की सत्ता से दूर रहेगी सपा
Author
-
अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।






