Skip to main content Scroll Top
Chhatrapati Shivaji Jayanti: Shivaji महाराज जयंती आज,जानें उनके जीवन से जुड़े दिलचस्प किस्से
Current image: आज है शिवाजी महाराज की जयंती

Chhatrapati Shivaji Maharaj Jayanti: भारत के इतिहास में कुछ नाम केवल व्यक्तित्व नहीं होते, वे विचार बन जाते हैं, प्रेरणा बन जाते हैं और पीढ़ियों तक मार्गदर्शक बने रहते हैं. ऐसे ही तेजस्वी नाम हैं छत्रपति शिवाजी महाराज.आज उनकी जयंती पूरे देश में श्रद्धा और गर्व के साथ मनाई जा रही है.19 फरवरी को जन्मे शिवाजी महाराज ने उस दौर में स्वराज का स्वप्न देखा, जब देश का बड़ा हिस्सा विदेशी सत्ता के अधीन था. उन्होंने साबित किया कि दृढ़ संकल्प, चतुर रणनीति और जनसमर्थन से असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है.आज शिवाजी जयंती केवल एक स्मृति-दिवस नहीं, बल्कि स्वाभिमान, साहस और सुशासन के मूल्यों को याद करने का अवसर है.

जन्म, परिवार और शुरुआती शिक्षा

छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्म 19 फरवरी 1630 को शिवनेरी दुर्ग में हुआ था, जो पुणे के जुन्नर क्षेत्र में स्थित है. उनके पिता शाहजी राजे भोसले बीजापुर के दरबार में उच्च पद पर थे. मां राजमाता जिजाऊ (जिजाबाई) ने शिवाजी महाराज के व्यक्तित्व निर्माण में बड़ी भूमिका निभाई. जिजाबाई ने उन्हें बचपन से ही रामायण, महाभारत और धर्म-नीति की कहानियां सुनाईं.इससे शिवाजी के मन में न्याय, धर्म और स्वराज का बीज बोया गया. युद्ध और प्रशासन की ट्रेनिंग उन्हें दादोजी कोंडदेव से मिली.इसी प्रशिक्षण ने उन्हें एक कुशल सेनापति और दूरदर्शी प्रशासक बनाया.

कैसे पड़ा शिवाजी नाम?

एक दिलचस्प तथ्य यह है कि शिवाजी महाराज का नाम भगवान शिव से नहीं, बल्कि स्थानीय देवी ‘शिवाई’ से लिया गया था. यह बात बताती है कि उस समय स्थानीय परंपराओं और लोक-आस्थाओं का कितना महत्व था. शिवाजी महाराज किसी एक धर्म या जाति के खिलाफ नहीं थे. वे धर्म-सहिष्णुता में विश्वास रखते थे और जात-पात के झगड़ों को पसंद नहीं करते थे.उनकी सेना और प्रशासन में अलग-अलग समुदायों के लोग सम्मान के साथ काम करते थे.

मुगलों को कांपने पर मजबूर करने वाला नेतृत्व

शिवाजी महाराज ने अपने छोटे-से क्षेत्र से शुरुआत की, लेकिन उनकी रणनीति और गुरिल्ला युद्ध शैली ने बड़े-बड़े साम्राज्यों को चुनौती दे दी.उन्होंने मुगलों और बीजापुर सल्तनत जैसी शक्तियों को कई बार कड़ी टक्कर दी.उनकी खासियत यह थी कि वे भूगोल का पूरा फायदा उठाते थे.पहाड़, जंगल और किले उनके युद्ध कौशल के अहम हथियार थे.शिवाजी महाराज ने कई दुर्गों को अपने नियंत्रण में लेकर एक मजबूत रक्षा प्रणाली बनाई.

1674 में मराठा साम्राज्य की नींव

शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक 1674 में हुआ और उन्होंने पश्चिम भारत में मराठा साम्राज्य की नींव रखी.इस राज्याभिषेक ने स्वराज के सपने को औपचारिक रूप से साकार किया. मराठा साम्राज्य सिर्फ सैन्य शक्ति नहीं था, बल्कि सुशासन का उदाहरण भी था. शिवाजी महाराज ने प्रशासन को सुव्यवस्थित किया.किसानों पर अत्याचार रोकने के लिए सख्त नियम बनाए, महिलाओं और धार्मिक स्थलों की रक्षा को प्राथमिकता दी और कर प्रणाली को न्यायपूर्ण बनाया.

शिवाजी महाराज की नौसेना और दूरदर्शी कदम

कम लोग जानते हैं कि शिवाजी महाराज ने नौसेना को भी मजबूत किया था.पश्चिमी तट पर समुद्री लुटेरों और विदेशी ताकतों से निपटने के लिए उन्होंने किले और जहाज तैयार करवाए.यह कदम दिखाता है कि वे केवल भूमि युद्ध तक सीमित नहीं थे, बल्कि समुद्री सुरक्षा की अहमियत भी समझते थे.

शिवाजी महाराज के जीवन से जुड़े दिलचस्प किस्से

  • दुश्मन की स्त्रियों का सम्मान: शिवाजी महाराज युद्ध में जीती गई स्त्रियों और बच्चों को सम्मानपूर्वक उनके घर वापस भेजते थे. यह उस दौर में एक असाधारण सोच थी.
  • साधारण जीवन, महान सोच: वे राजसी ठाठ-बाट से ज्यादा सरल जीवन पसंद करते थे.उनका मानना था कि राजा जनता का सेवक होता है.
  • गुप्त रणनीतियों के उस्ताद: वे अक्सर भेष बदलकर दुश्मन की जानकारी जुटाते थे. यह उनकी चतुर रणनीति का उदाहरण है.
  • धर्म-सहिष्णुता की मिसाल: उन्होंने सभी धर्मों के पूजा स्थलों की रक्षा की और किसी भी तरह की धार्मिक कट्टरता को बढ़ावा नहीं दिया.

शिवाजी महाराज की प्रशासनिक व्यवस्था और जनता-केंद्रित शासन

शिवाजी महाराज का शासन केवल युद्ध जीतने तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने एक ऐसी प्रशासनिक व्यवस्था बनाई जो जनता के हितों पर आधारित थी. उन्होंने अपने राज्य को अलग-अलग प्रांतों में बांटा और हर क्षेत्र के लिए जिम्मेदार अधिकारी नियुक्त किए. कर वसूली में सख्ती के साथ-साथ किसानों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा गया.अकाल या आपदा के समय किसानों को राहत देना उनकी नीति का हिस्सा था. इससे जनता के बीच उनके प्रति भरोसा और सम्मान और बढ़ गया.

आज के दौर में शिवाजी महाराज की प्रासंगिकता

आज के समय में शिवाजी महाराज हमें सिखाते हैं कि नेतृत्व का मतलब सत्ता नहीं, सेवा है. स्वराज का विचार आज आत्मनिर्भरता की प्रेरणा देता है और उनके न्यायपूर्ण शासन आज सुशासन की सीख देता है. वहीं,धर्म-सहिष्णुता आज सामाजिक सौहार्द की जरूरत बताती है. उनका जीवन युवाओं के लिए संदेश है कि साहस, मेहनत और सही दिशा से कोई भी लक्ष्य पाया जा सकता है.

देशभर में जयंती के मौके पर आयोजन

आज शिवाजी जयंती के मौके पर महाराष्ट्र समेत देशभर में शोभायात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और व्याख्यान आयोजित किए जा रहे हैं.स्कूलों और कॉलेजों में उनके जीवन पर भाषण, नाटक और प्रतियोगिताएं हो रही हैं.वहीं,कई जगहों पर लोग किलों पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं.

Author

Related Posts

लेटेस्ट ➤

Advertising Banner
305x250