
Big Bash League India: भारत में क्रिकेट के प्रति लोगों का जुनून किसी से छिपा नहीं है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के बाद अब क्रिकेट प्रेमियों को एक और बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद है। बताया जा रहा है ऑस्ट्रेलिया की मशहूर बिग बैश लीग (Big Bash League) का रोमांच पहली बार भारत में देखने को मिल सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान इस ऐतिहासिक पहल का आधिकारिक ऐलान कर सकते हैं।
अब अगर ऐसा होता है तो यह पहली बार होगा जब ऑस्ट्रेलिया की घरेलू टी-20 लीग का कोई आधिकारिक मुकाबला भारत की धरती पर खेला जाएगा। इससे भारत और ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट संबंधों को नई मजबूती मिलने की संभावना है।
भारत में खेले जाएंगे बिग बैश लीग के मुकाबले
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के बीच इस आयोजन को लेकर अंतिम स्तर पर सहमति बन चुकी है। जिससे प्रस्तावित योजना के तहत मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा सकता है। यदि यह मुकाबला आयोजित होता है तो यह ऑस्ट्रेलिया की घरेलू टी-20 लीग का भारत में खेला जाने वाला पहला आधिकारिक मैच होगा। क्रिकेट इतिहास में इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाएगा।
PM मोदी अगले सप्ताह कर सकते हैं बड़ा ऐलान
मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 से 10 जुलाई के बीच ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर रहेंगे। इसी दौरान भारत में बिग बैश लीग के मुकाबले आयोजित कराने की योजना का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है। हालांकि, अभी तक भारत सरकार, बीसीसीआई या क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन दोनों क्रिकेट बोर्डों के बीच बातचीत अंतिम चरण में बताई जा रही है।
कई महीनों से चल रही थी तैयारी
बताया जा रहा है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पिछले कई महीनों से इस योजना पर काम कर रहा था। इसी सिलसिले में फरवरी महीने में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के वरिष्ठ अधिकारी फिल रिग्बी और मार्गोट हार्ले भारत आए थे। उन्होंने चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम का दौरा कर वहां की सुविधाओं का निरीक्षण किया था। इसके बाद आयोजन को लेकर बातचीत और तेज हो गई।
भारत को क्यों चुना गया?
दरअसल भारत दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट बाजार माना जाता है। यहां क्रिकेट को लेकर जबरदस्त दर्शक वर्ग, आधुनिक स्टेडियम, शानदार प्रसारण व्यवस्था और बड़े स्पॉन्सर मौजूद हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का मानना है कि भारत में बिग बैश लीग के मुकाबले आयोजित होने से लीग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही भारतीय दर्शकों को आईपीएल के अलावा एक और बड़े टी-20 टूर्नामेंट का रोमांच अपने देश में देखने का मौका मिलेगा।
दोनों देशों के क्रिकेट संबंध होंगे मजबूत
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट संबंध हमेशा मजबूत रहे हैं। दोनों देशों के खिलाड़ी एक-दूसरे की लीग में हिस्सा लेते हैं और दोनों क्रिकेट बोर्ड लगातार नए सहयोग के अवसर तलाशते रहते हैं। अगर बिग बैश लीग का मुकाबला भारत में सफलतापूर्वक आयोजित होता है, तो भविष्य में और भी मैच या विशेष सीरीज भारत में आयोजित की जा सकती हैं।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी
भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यह किसी बड़े उत्सव से कम नहीं होगा। अब तक बिग बैश लीग का आनंद भारतीय दर्शक केवल टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लेते थे। लेकिन यदि मुकाबला भारत में आयोजित होता है तो उन्हें स्टेडियम में बैठकर लाइव मैच देखने का अवसर मिलेगा। इससे दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच खेल संबंध भी और मजबूत होंगे तथा युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिलेगा।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
बता दें की इस पूरे आयोजन को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान इसकी घोषणा की जा सकती है। हालांकि, अंतिम कार्यक्रम और मैच की तारीख का खुलासा आधिकारिक पुष्टि के बाद ही होगा। यदि यह योजना अमल में आती है तो भारत पहली बार बिग बैश लीग के आधिकारिक मुकाबले की मेजबानी करेगा और क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ जाएगा।
ये भी पढ़ें: Ethanol Water Usage: सरकार ने बताया एथेनॉल और पानी का पूरा सच, 1 लीटर एथेनॉल के लिए 10,000 लीटर पानी? जानें पूरी खबर






