Skip to main content Scroll Top
Delhi-UP Weather Alert: उत्तर भारत के इन 13 राज्यों में बिगड़ेगा मौसम, IMD ने जारी किया आंधी-बारिश का अलर्ट
Current image: Delhi-UP Weather Alert: उत्तर भारत के इन 13 राज्यों में बिगड़ेगा मौसम

Kal Ka Mausam: देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 12 जून के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, कल शुक्रवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर समेत 13 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तूफान का दौर देखने को मिल सकता है। बता दें की कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और हरियाणा के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में बदलाव आने वाला है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसके कारण दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में आइए यहां विस्तार से जानते हैं कल के मौसम को लेकर पूरी जानकारी

उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

आईएमडी (IMD) के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में व्यापक स्तर पर बारिश हो सकती है। इन राज्यों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी है। इसके अलावा 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में धूल भरी आंधी भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। बारिश के कारण इन क्षेत्रों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

जानकारी के लिए बता दें की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर (NCR) के लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार कल शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। जिसमें कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना भी है।

दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिलेगी।

यूपी-बिहार समेत 13 राज्यों में मौसम का अलर्ट

मौसम विभाग IMD के अनुसार, जिन 13 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं।
इन राज्यों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम और भारी बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर बिजली गिरने और तेज आंधी चलने का खतरा भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खास तौर से उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में तेज बारिश के साथ तूफानी हवाएं चल सकती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

मध्य और पूर्वी भारत में भी बिगड़ेगा मौसम

मध्य भारत के राज्यों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। छत्तीसगढ़ में अधिकांश स्थानों पर बारिश की संभावना है। वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में व्यापक बारिश का अनुमान लगाया गया है।

इन राज्यों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 48 घंटों में इन क्षेत्रों में मौसम काफी सक्रिय रहेगा और लोगों को सतर्कता बरतने की जरूरत होगी।

मानसून ने बढ़ाई रफ्तार

दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पहुंच चुका है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ इलाकों में भी मानसून की दस्तक हो चुकी है।

आईएमडी का कहना है कि मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल चेन्नई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राद्री कोठागुडेम, कलिंगपट्टनम, रायगंज और मधुबनी तक पहुंच चुकी है। आने वाले दिनों में मानसून के और आगे बढ़ने की संभावना है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

दक्षिण भारत के कई राज्यों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने केरल, माहे और तटीय कर्नाटक में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और रायलसीमा क्षेत्र में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। ऐसे में स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी वर्षा

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में व्यापक बारिश होने का अनुमान है। विशेष रूप से अरुणाचल प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कई क्षेत्रों में भूस्खलन और बाढ़ जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।

किसानों और आम लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग IMD ने किसानों और आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। लोगों को आंधी-तूफान और बिजली गिरने के दौरान घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है। खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है।

किसानों को कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने और खेतों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। पशुपालकों को भी अपने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें: Brij Bhushan Sharan Singh Statement: राम मंदिर दानपात्र विवाद पर बृजभूषण ने तोड़ी चुप्पी, कहा- सच बोल दूंगा तो बवाल मच जाएगा

Author

  • Aparna Panwar

    अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।

Related Posts

लेटेस्ट ➤

Advertising Banner
305x250