
Bangladesh vs Australia Highlights: ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को हराना किसी भी क्रिकेट टीम के लिए बड़ी सफलता मानी जाती है, लेकिन जब यह जीत 21 साल के लंबे इंतजार के बाद मिले तो उसका महत्व और भी बढ़ जाता है। बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने मीरपुर में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 86 रन से हराकर इतिहास रच दिया है। डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के तहत मिली इस जीत ने बांग्लादेशी क्रिकेट प्रशंसकों को जश्न मनाने का बड़ा मौका दिया है।
बता दें की तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में बांग्लादेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को हर विभाग में पीछे छोड़ दिया। जिसमें बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी तक, मेजबान टीम ने बेहतरीन खेल दिखाया और दुनिया की शीर्ष टीमों में शामिल ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका दिया है। ऐसे में आइए यहां विस्तार से जानते हैं कि आज के मैच में क्या कुछ खास रहा।
बांग्लादेश ने खड़ा किया मजबूत स्कोर
आपकी जानकारी के लिए बता दें की टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने निर्धारित ओवरों में 284 रन बनाए। जिसमें टीम की शुरुआत भले ही बहुत तेज नहीं रही, लेकिन मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाजों ने शानदार योगदान देकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
ओपनर तंजीद हसन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 54 रन बनाए। उनकी पारी में कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे। इसके बाद कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 86 गेंदों में 67 रन बनाए और टीम की पारी को संभाला। हालांकि विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल सके और सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए। तौहिद ह्रिदोय ने 31 रन का योगदान दिया, लेकिन मैच का सबसे बड़ा आकर्षण रहे मोसादेक हुसैन।
मोसादेक ने निचले क्रम में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 70 गेंदों पर 86 रन बनाए। उनकी इस पारी में 7 चौके और 3 शानदार छक्के शामिल रहे। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत बांग्लादेश 280 रन के पार पहुंचने में सफल रहा।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने किया संघर्ष
ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन एलिस सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवर में सिर्फ 38 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। लियाम स्कॉट ने 2 विकेट अपने नाम किए, लेकिन वह काफी महंगे साबित हुए और 8 ओवर में 57 रन खर्च कर बैठे।
मैट रेनशॉ को भी 2 सफलताएं मिलीं, लेकिन बांग्लादेशी बल्लेबाजों ने बीच के ओवरों में तेजी से रन बटोरकर ऑस्ट्रेलिया को दबाव में डाल दिया।
🚨 HISTORY AT DHAKA BY BANGLADESH 🚨
— Johns. (@CricCrazyJohns) June 9, 2026
Bangladesh defeated Australia in an ODI match after 21 long years. 🤯🔥 pic.twitter.com/NQE4vk7rzV
लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई ऑस्ट्रेलिया
285 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद मार्नस लाबुशेन भी केवल 1 रन बनाकर आउट हो गए। दरअसल शुरुआती झटकों के बाद ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी पूरी तरह दबाव में आ गई। बांग्लादेशी गेंदबाज लगातार विकेट निकालते रहे और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बड़ी साझेदारी बनाने में नाकाम रहे।
कैमरून ग्रीन ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 66 गेंदों में 52 रन बनाए। वहीं एलेक्स कैरी ने 62 गेंदों पर 47 रन की उपयोगी पारी खेली। युवा बल्लेबाज कूपर कोनोली ने भी 35 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बांग्लादेशी गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाया। लगातार गिरते विकेटों ने ऑस्ट्रेलिया की वापसी की उम्मीदों को खत्म कर दिया।
नाहिद राणा बने जीत के सबसे बड़े हीरो
बांग्लादेश की जीत के सबसे बड़े नायक तेज गेंदबाज नाहिद राणा रहे। उन्होंने अपनी शानदार गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया।
नाहिद राणा ने 10 ओवर में 41 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उनकी गति और सटीक लाइन-लेंथ ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। इसके अलावा अनुभवी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने 2 विकेट लिए। वहीं बल्लेबाजी में चमकने वाले मोसादेक हुसैन ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और 2 विकेट अपने नाम किए।
DLS नियम के तहत मिली जीत
ऐसे में बारिश के कारण मैच प्रभावित हुआ, जिसके बाद डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम लागू किया गया। जब खेल रोका गया तब ऑस्ट्रेलिया 42.2 ओवर में 9 विकेट खोकर 191 रन ही बना सकी थी।
DLS गणना के अनुसार ऑस्ट्रेलिया लक्ष्य से 86 रन पीछे थी, जिसके चलते बांग्लादेश को विजेता घोषित किया गया। इस तरह मेजबान टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त भी हासिल कर ली।
21 साल बाद ऑस्ट्रेलिया पर ऐतिहासिक जीत
बता दें की यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि बांग्लादेश ने वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 21 साल बाद जीत दर्ज की है। लंबे समय से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ संघर्ष कर रही बांग्लादेशी टीम के लिए यह सफलता बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यह जीत बांग्लादेश क्रिकेट के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दे सकती है। युवा खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि बांग्लादेश अब किसी भी बड़ी टीम को चुनौती देने की क्षमता रखता है।
सीरीज में बढ़ा रोमांच
ऐसे में पहला मुकाबला जीतने के बाद बांग्लादेश का मनोबल काफी ऊंचा होगा। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया अगले मैच में वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।
क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि आगामी मुकाबलों में भी दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। फिलहाल बांग्लादेश की इस ऐतिहासिक जीत की चर्चा पूरे क्रिकेट जगत में हो रही है।
ये भी पढ़ें: G7 Summit France 2026: पीएम मोदी का फ्रांस दौरा तय, क्या ट्रंप के साथ होगी मुलाकात?






