
RCB vs GT, IPL 2026 Highlights: आईपीएल 2026 का रोमांचक मुकाबला 24 अप्रैल, शुक्रवार के दिन देखने को मिला, जब बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) एक दूसरे के आमने-सामने थीं। इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में विराट कोहली की धुआंधार पारी ने आज के मैच का रुख पूरी तरह से बदल कर रख दिया और आरसीबी ने शानदार अंदाज में 5 विकेट से जीत हासिल की ।
ऐसे में आइए यहां विस्तार से जानते हैं कि आज का मैच (Aaj ka Match) कैसा रहा और विराट कोहली का जलवा कैसे छाया।
गुजरात टाइटंस की शुरुआत अच्छी रही
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस टीम (Gujarat Titans Team) ने दमदार शुरुआत की। जहां सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 128 रनों की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
साई सुदर्शन ने इस मुकाबले में अपने करियर की बेहतरीन पारियों में से एक खेली। उन्होंने 58 गेंदों में 100 रन ठोके, जिसमें 11 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। दूसरी ओर, शुभमन गिल ने भी तेज शुरुआत की, लेकिन वह 32 रन बनाकर आउट हो गए और अर्धशतक से चूक गए।
मध्यक्रम में जोस बटलर ने 16 गेंदों में 25 रन बनाए, लेकिन वह बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। वहीं वॉशिंगटन सुंदर (19 रन) और जेसन होल्डर (23 रन) ने अंत में तेजी से रन जोड़कर टीम का स्कोर 20 ओवर में 203 रन तक पहुंचा दिया।
आरसीबी के गेंदबाजों का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा
आरसीबी की गेंदबाजी इस मैच में सामान्य रही। भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और सुयश शर्मा को एक-एक विकेट मिला। हालांकि टीम को शुरुआती सफलता नहीं मिल सकी। गुजरात के ओपनर्स ने बड़ी साझेदारी कर ली, जिससे आरसीबी पर दबाव बन गया और गेंदबाज असरदार साबित नहीं हो पाए।

आरसीबी को मिला 204 रनों का लक्ष्य
मिली जानकारी के अनुसार, 204 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी टीम की शुरुआत से ही ठीक नहीं रही। टीम को पहला झटका जल्दी लग गया, जब जैकब बेथेल 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद मैदान पर आए विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी कर मैच को पूरी तरह आरसीबी के पक्ष में कर दिया।
कोहली और पडिक्कल की पारी
विराट कोहली ने अपनी क्लास और अनुभव का बेहतरीन नमूना पेश किया। उन्होंने 44 गेंदों में 81 रनों की जबरदस्त पारी खेली, जिसमें कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे। कोहली की बल्लेबाजी में आत्मविश्वास और आक्रामकता साफ नजर आई। दूसरी ओर देवदत्त पडिक्कल ने भी आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में 55 रन बनाकर गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। उनकी तेजतर्रार पारी ने रन चेज को आसान बना दिया।
आखिरी ओवरों में जीत पक्की
विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल के आउट होने के बाद भी आरसीबी की जीत पर कोई खास असर नहीं पड़ा। टीम के बाकी बल्लेबाजों ने शांत दिमाग से खेलते हुए मैच को संभाले रखा। रन गति बनाए रखते हुए उन्होंने बिना दबाव के लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाए। आरसीबी ने 18.5 ओवर में 206/5 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया और गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत हासिल की।
मैच में कोहली और देवदत्त की साझेदारी
इस मुकाबले का सबसे खास पल विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल की साझेदारी रही। जहां एक समय आरसीबी दबाव में नजर आ रही थी, वहीं इस साझेदारी ने मैच को पूरी तरह बदल दिया। इस जीत के साथ आरसीबी ने न सिर्फ दो महत्वपूर्ण अंक हासिल किए, बल्कि अपनी बल्लेबाजी की ताकत भी साबित कर दी। खासकर विराट कोहली का फॉर्म टीम के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है। वहीं, गुजरात टाइटंस के लिए यह मैच सीख देने वाला रहा। शानदार शुरुआत के बावजूद टीम मध्य और डेथ ओवरों में उस लय को बरकरार नहीं रख सकी।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर, 44°C तक जाएगा पारा, IMD का येलो अलर्ट






