
TMC News: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। बताया जा रहा है की तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो और राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्टी की रणनीति को नए सिरे से मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। कोलकाता स्थित कालीघाट आवास पर आयोजित हाई लेवल बैठक में संगठनात्मक बदलावों से लेकर नेता विपक्ष (LoP) के मुद्दे पर कानूनी लड़ाई तक कई अहम निर्णय लिए गए हैं।
जानकारी के लिए बता दें की बैठक में ममता बनर्जी ने साफ संकेत दिया कि पार्टी अब राजनीतिक और कानूनी दोनों मोर्चों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का मुकाबला करेगी। साथ ही टीएमसी के संगठन को और मजबूत बनाने के लिए कई नई नियुक्तियों की घोषणा भी की गई।
नेता विपक्ष की नियुक्ति के खिलाफ हाई कोर्ट जाएगी TMC
बता दें की बैठक के बाद टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विधानसभा में नेता विपक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। जिसमें पार्टी का मानना है कि स्पीकर द्वारा किया गया यह फैसला कानूनी रूप से वैध नहीं है। उन्होंने बताया कि टीएमसी इस मामले को लेकर कोलकाता हाई कोर्ट में रिट याचिका दायर करेगी। पार्टी की कानूनी टीम दस्तावेज तैयार कर रही है और जल्द ही अदालत का दरवाजा खटखटाया जाएगा।
कल्याण बनर्जी ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने के लिए इस मुद्दे पर न्यायिक हस्तक्षेप जरूरी है। उनका आरोप है कि विपक्ष के नेता की नियुक्ति में नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया।
संगठन में बड़ा बदलाव, नई टीम का गठन
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गईं हैं। ममता बनर्जी पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनी रहेंगी और शीर्ष नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालेंगी।
युवा वर्ग को पार्टी से जोड़ने के उद्देश्य से अभिनेत्री और सांसद सायोनी घोष को यूथ टीएमसी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि सायोनी घोष युवाओं के बीच मजबूत पकड़ रखती हैं और उनके नेतृत्व में युवा संगठन को नई दिशा मिलेगी। इसके अलावा चंद्रिमा को टीएमसी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, महिला वोट बैंक और संगठन को मजबूत करने के लिए माला रॉय को महिला विंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ऐसे में राजनीतिक एक्सपर्ट्स का मानना है कि आगामी चुनावी चुनौतियों को देखते हुए टीएमसी ने संगठनात्मक ढांचे में यह बदलाव किया है ताकि पार्टी की जमीनी पकड़ और मजबूत हो सके।
BJP के खिलाफ आक्रामक रणनीति
बैठक में भाजपा के खिलाफ राजनीतिक रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिसके बाद टीएमसी नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है और उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
पार्टी का कहना है कि कई जिलों में टीएमसी कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर बैठक में फैसला लिया गया कि पार्टी केवल राजनीतिक मंच पर ही नहीं बल्कि कानूनी स्तर पर भी जवाब देगी।
कल्याण बनर्जी ने कहा कि टीएमसी कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा, धमकी और कथित फर्जी मामलों के खिलाफ पार्टी सड़कों से लेकर अदालत तक संघर्ष करेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है, जिसका टीएमसी मजबूती से विरोध करेगी।
बागी नेताओं के खिलाफ भी सख्त रुख
बैठक में पार्टी छोड़ने वाले नेताओं और बागी विधायकों के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार ममता बनर्जी ने साफ संदेश दिया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
टीएमसी नेतृत्व का मानना है कि कुछ नेताओं की गतिविधियों से संगठन को नुकसान पहुंचा है। ऐसे मामलों में राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में यह भी तय किया गया कि पार्टी के भीतर अनुशासन को और मजबूत किया जाएगा तथा जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद बनाए रखा जाएगा।
विधानसभा और सड़क दोनों पर लड़ाई
टीएमसी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह भाजपा के खिलाफ केवल विधानसभा तक सीमित नहीं रहेगी। जिसमें पार्टी अब अदालतों, जनसभाओं और सड़क आंदोलनों के जरिए भी अपनी राजनीतिक लड़ाई को आगे बढ़ाएगी।
राजनीतिक एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह रणनीति आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। भाजपा और टीएमसी के बीच लगातार बढ़ रही राजनीतिक प्रतिस्पर्धा को देखते हुए दोनों दल राज्य में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
ममता बनर्जी की इस बैठक को पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम माना जा रहा है। संगठन में बदलाव और कानूनी लड़ाई की तैयारी से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि टीएमसी आने वाले समय में अधिक आक्रामक राजनीतिक रुख अपनाने वाली है।
अब आगे क्या होगा?
ऐसे में अब सभी की नजरें कोलकाता हाई कोर्ट में दायर होने वाली याचिका पर टिकी हैं। यदि अदालत इस मामले में सुनवाई स्वीकार करती है तो नेता विपक्ष की नियुक्ति को लेकर नया राजनीतिक और कानूनी विवाद खड़ा हो सकता है।
दूसरी ओर संगठन में किए गए बदलावों का असर भी जल्द ही दिखाई दे सकता है। युवा, महिला और प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद टीएमसी अपने संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने की कोशिश करेगी। फिलहाल इतना तय है कि पश्चिम बंगाल की राजनीति में आने वाले दिनों में टीएमसी और भाजपा के बीच टकराव और तेज होने वाला है। ममता बनर्जी की इस रणनीतिक बैठक ने राज्य की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।






