
Bangladesh Infiltration Alert: भारत-बांग्लादेश सीमा पर शुक्रवार को एक हैरान कर देने वाला दृश्य देखने को मिला है। दरअसल, पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले से सटे जीरो पॉइंट के पास बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिक जमा हुए। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद सीमा सुरक्षा बल (BSF) तुरंत सक्रिय हुआ और मौके पर पहुंचकर किसी भी संभावित घुसपैठ की कोशिश को विफल कर दिया।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह घटना कूचबिहार जिले के मेखलीगंज ब्लॉक से जुड़े सीमा क्षेत्र में हुई। सीमा के दूसरी ओर बांग्लादेश के लालमोनिरहाट जिले का औलियाहाट इलाका स्थित है। शुक्रवार की सुबह-सुबह अचानक कुछ लोगों के सीमा के निकट जमा होने की खबर सामने आई। देखते ही देखते उनकी संख्या बढ़ने लगी, जिससे सीमा क्षेत्र में रहने वाले लोगों के बीच चिंता का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों में बढ़ी चिंता
सीमावर्ती गांवों के लोगों ने बताया कि सुबह से ही बॉर्डर के दूसरी ओर असामान्य गतिविधियां देखी जा रही थीं। जब लोगों की संख्या लगातार बढ़ती गई तो स्थानीय नागरिकों ने इसकी जानकारी तुरंत सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही BSF की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर नियंत्रण स्थापित किया।
इस संदर्भ में स्थानीय निवासियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मानी जाती हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बड़े खतरे का कारण बन सकती है।
BSF ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम की
खबरों के अनुसार, सीमा के निकट जमा हुए कुछ लोगों ने भारत की ओर बढ़ने की कोशिश की थी। हालांकि BSF जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण उन्हें आगे बढ़ने नहीं दिया गया। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की निगरानी बढ़ा दी है और अतिरिक्त जवानों की तैनाती भी की गई है। BSF के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमा सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
बीजेपी विधायक ने जताई चिंता
मेखलीगंज के बीजेपी विधायक ने दावा किया कि बांग्लादेशी घुसपैठियों (Bangladeshi Infiltrators) के एक समूह ने तीन बीघा कॉरिडोर के रास्ते भारत में प्रवेश करने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि BSF ने समय रहते कार्रवाई कर इस कोशिश को विफल कर दिया। विधायक ने कहा कि भारत की सुरक्षा सर्वोपरि है और सीमा पार से होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार और सुरक्षा बलों की सतर्कता (Vigilance of Security forces) की भी सराहना की।
घुसपैठियों की वापसी बना बड़ा मुद्दा
हाल के दिनों में पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों (Bangladeshi Citizens) के खिलाफ कार्रवाई तेज हुई है। विभिन्न एजेंसियों द्वारा पहचान किए गए कई लोगों को सीमा तक पहुंचाया गया है। हालांकि रिपोर्टों के अनुसार बांग्लादेश की ओर से कई मामलों में उन्हें स्वीकार नहीं किया जा रहा, जिसके कारण सीमा क्षेत्रों में स्थिति जटिल होती जा रही है। इसी वजह से भारत-बांग्लादेश सीमा (India-Bangladesh Border) पर कई स्थानों पर तनाव की स्थिति देखने को मिल रही है। सुरक्षा एजेंसियां (Security Agencies) लगातार निगरानी रख रही हैं ताकि किसी भी प्रकार की अवैध घुसपैठ या कानून-व्यवस्था की समस्या न पैदा हो।
कूचबिहार बॉर्डर क्यों है संवेदनशील?
कूचबिहार जिला भारत-बांग्लादेश सीमा के सबसे संवेदनशील इलाकों में गिना जाता है। जिले की लगभग 549 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा बांग्लादेश से लगती है। यह सीमा भौगोलिक रूप से बेहद जटिल मानी जाती है। सीमा क्षेत्र से तीस्ता, जलढाका, तोर्सा और कालजानी जैसी कई नदियां गुजरती हैं। इन नदी क्षेत्रों में पूरी तरह फेंसिंग करना आसान नहीं होता। कई स्थानों पर नदी का बहाव और बदलता भूगोल सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती पैदा करता है।
वहीं, नदी मार्गों और दुर्गम इलाकों का फायदा उठाकर तस्कर और घुसपैठिए कई बार अवैध गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश करते हैं। यही कारण है कि कूचबिहार लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए विशेष निगरानी वाला क्षेत्र बना हुआ है।
आधुनिक तकनीक से बढ़ेगी निगरानी
केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियां सीमा सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग बढ़ा रही हैं। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन निगरानी, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे, स्मार्ट फेंसिंग और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस सिस्टम (Electronic Surveillance System) लगाए जा रहे हैं।अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में सीमा पर तकनीकी निगरानी और मजबूत होगी, जिससे घुसपैठ और तस्करी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
स्थानीय प्रशासन और BSF ने सीमा क्षेत्र में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि यदि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन या सुरक्षा बलों को सूचित करें। कूचबिहार बॉर्डर (Cooch Behar Border) पर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड (Alert Mode) पर हैं। सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
ये भी पढ़ें: टीएमसी ने तैयार की नई टीम, नेता विपक्ष पर हाई कोर्ट जाएंगी ममता बनर्जी, बैठक में में लिया अहम फैसला






