Skip to main content Scroll Top
PM Modi Record: 9 जून बनेगा ऐतिहासिक दिन, PM मोदी तोड़ सकते हैं नेहरू का रिकॉर्ड
Current image: PM Modi Record: 9 जून बनेगा ऐतिहासिक दिन

PM Modi Record: भारतीय राजनीति के इतिहास में 9 जून 2026 एक बेहद महत्वपूर्ण तारीख साबित हो सकती है। बताया जा रहा है की इस खास दिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री (Prime Minister) के रूप में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं। यदि सब कुछ निर्धारित समय के अनुसार रहा, तो मोदी 12 साल 15 दिन तक लगातार लोकतांत्रिक चुनावों के जरिए प्रधानमंत्री पद पर बने रहने वाले देश के सबसे लंबे कार्यकाल वाले नेता बन जाएंगे। वहीं, इस उपलब्धि के साथ वह स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ सकते हैं।

क्यों खास है 9 जून 2026?

आपकी जानकारी के लिए बता दें की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में लगातार जीत हासिल करते हुए दूसरी और तीसरी बार भी सरकार बनाई। इसी क्रम में 9 जून 2026 को उनका लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल 12 साल 15 दिन का हो जाएगा।

ऐसे में अब तक यह रिकॉर्ड देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नाम दर्ज है। नेहरू ने 1952 के पहले आम चुनाव के बाद 14 मई 1952 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और 27 मई 1964 तक इस पद पर बने रहे। इस तरह उनका लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल 12 साल और 14 दिन का रहा था। ऐसे में मोदी इस रिकॉर्ड को एक दिन के अंतर से पीछे छोड़ सकते हैं और भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में नया अध्याय जोड़ सकते हैं।

नेहरू और मोदी के कार्यकाल में क्या है अंतर?

दरअसल जवाहरलाल नेहरू 1947 में देश की आजादी के बाद प्रधानमंत्री बने थे, लेकिन 1952 तक उन्हें निर्वाचित प्रधानमंत्री नहीं माना जाता क्योंकि उस समय तक देश में पहला आम चुनाव नहीं हुआ था। इसलिए रिकॉर्ड की गणना 1952 से की जाती है।

दूसरी ओर, नरेंद्र मोदी 2014 में लोकसभा चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री बने थे। इसके बाद उन्होंने लगातार दो और आम चुनाव जीतकर सत्ता बरकरार रखी। इस वजह से उनका पूरा कार्यकाल लोकतांत्रिक चुनावों के माध्यम से प्राप्त जनादेश पर आधारित माना जाता है।

राजनीतिक एक्सपर्ट्स का मानना है कि लगातार तीन लोकसभा चुनावों में जीत हासिल करना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है और यही कारण है कि 9 जून 2026 को विशेष महत्व दिया जा रहा है।

मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर विशेष अभियान

केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के खास अवसर पर देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रही हैं। बता दें की 5 जून से 21 जून 2026 तक कई राज्यों में जनसंपर्क और विकास कार्यों से जुड़े अभियान चलाए जाएंगे।

जानकारी के लिए बता दें यह अभियान विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) से शुरू होकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) तक चलेगा। इन 17 दिनों के दौरान केंद्र सरकार अपनी प्रमुख योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास करेगी। सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद, जनसभाएं, प्रदर्शनी, डिजिटल अभियान और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा सकता है।

बीजेपी के लिए क्यों महत्वपूर्ण है यह अवसर?

राजनीतिक दृष्टि से यह अवसर भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। एक तरफ मोदी सरकार अपने 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेगी, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी के नाम एक नया राजनीतिक रिकॉर्ड दर्ज होने की संभावना भी रहेगी।

बीजेपी नेताओं का मानना है कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता और जनता के लगातार भरोसे का प्रतीक होगी। यही वजह है कि पार्टी इस अवसर को बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी कर सकती है। हालांकि अभी तक सरकार या बीजेपी की ओर से कोई आधिकारिक कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस दिन विशेष आयोजनों की चर्चा तेज है।

क्या हो सकता है मंत्रिमंडल विस्तार?

मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के बीच केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। जिसमें राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, सरकार संगठन और प्रशासनिक स्तर पर कुछ अहम फैसले ले सकती है। हालांकि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सरकार इस अवसर पर कुछ बड़े संदेश देने की कोशिश कर सकती है।

भारतीय लोकतंत्र में रिकॉर्ड का महत्व

भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और यहां जनता का जनादेश ही किसी भी नेता की सबसे बड़ी ताकत माना जाता है। ऐसे में लगातार तीन आम चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री बने रहना किसी भी राजनीतिक नेता के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है। नरेंद्र मोदी के नाम पहले से ही कई राजनीतिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। यदि 9 जून 2026 को वह नेहरू का यह रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हैं, तो यह उनके राजनीतिक करियर का एक और ऐतिहासिक पड़ाव होगा।

ऐसे में विशेषज्ञों का कहना है कि यह रिकॉर्ड केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होगा, बल्कि भारतीय लोकतंत्र में मतदाताओं के लगातार समर्थन का भी प्रतीक माना जाएगा।

इतिहास में दर्ज हो सकता है 9 जून

बता दें 9 जून 2024 को नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। ठीक दो साल बाद यानी 9 जून 2026 को वह लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने वाले नेता बन सकते हैं। इस कारण यह तारीख केवल राजनीतिक दृष्टि से ही नहीं बल्कि ऐतिहासिक रूप से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जिससे देशभर में चलने वाले कार्यक्रमों और संभावित राजनीतिक गतिविधियों के बीच यह दिन भारतीय राजनीति में एक नए रिकॉर्ड के रूप में याद किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें: Abhishek Banerjee Attack: कौन हैं अभिषेक बनर्जी पर हमला करने वाले? BJP-TMC के आरोपों के बीच बढ़ा सस्पेंस

Author

  • Aparna Panwar

    अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।

Related Posts

लेटेस्ट ➤

Advertising Banner
305x250