Skip to main content Scroll Top
Nepal Violence: सांप्रदायिक हिंसा से फिर दहला नेपाल, 6 से अधिक शहरों में लगा कर्फ्यू, 3 लोगों की मौत से प्रशासन हाई अलर्ट पर

Nepal Violence: सांप्रदायिक हिंसा से फिर दहला नेपाल

Nepal Communal Violence: नेपाल में इन दिनों सांप्रदायिक तनाव और हिंसा की गंभीर स्थिति का सामना कर रहा है। सुनसरी जिले से शुरू हुआ विवाद अब कई शहरों तक फैल चुका है। जिसमें पिछले चार दिनों के दौरान हिंसा, आगजनी, पथराव, तोड़फोड़ और पुलिस के साथ झड़प की कई घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में हालात बिगड़ने के बाद प्रशासन को कई संवेदनशील इलाकों में कर्फ्यू लागू करना पड़ा है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए नेपाली सेना और सशस्त्र पुलिस बल को भी तैनात किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार हिंसा के कारण अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई प्रदर्शनकारी, स्थानीय नागरिक और सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं। कई स्थानों पर सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया है। प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

मिली जानकारी के अनुसार, सुनसरी जिले के देवानगंज क्षेत्र में बोलबम यात्रा के दौरान विवाद की शुरुआत हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हिंदू श्रद्धालुओं और स्थानीय मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

ऐसे में स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर की सार्वजनिक भूमि पर मुहर्रम के अवसर पर लगाया गया झंडा हटाने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। जिसमें कई बार अनुरोध किए जाने के बावजूद भी मामला नहीं सुलझा। इसी बीच बोलबम यात्रा उसी स्थान से शुरू होने वाली थी और रविवार रात तनाव अचानक बढ़ गया। बताया जा रहा है कि यात्रा शुरू होने के दौरान कांवड़ियों पर हमला हुआ, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

हिंसा कई शहरों तक पहुंची

सुनसरी में शुरू हुआ तनाव धीरे-धीरे नेपाल के कई अन्य शहरों तक फैल गया। इनरवा, जनकपुर, सिरहा, गोलबाजार और लहान सहित कई इलाकों में सांप्रदायिक तनाव बढ़ गया। कई जगहों पर भीड़ ने वाहनों और दुकानों में आग लगा दी, जबकि सरकारी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया गया। हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में कर्फ्यू लागू कर दिया। लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है और गैर-जरूरी आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।

सेना और सुरक्षा बलों की तैनाती

दरअसल स्थिति को काबू में लाने के लिए नेपाली सेना को भी मैदान में उतारा गया है। सेना ने संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया और कई स्थानों पर हेलिकॉप्टर के जरिए हवाई निगरानी भी शुरू की गई।

सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस की अतिरिक्त टुकड़ियां भी तैनात की गई हैं। प्रशासन ने सोशल मीडिया और इंटरनेट के दुरुपयोग पर भी निगरानी बढ़ा दी है ताकि अफवाहों को फैलने से रोका जा सके। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि हिंसा फैलाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

राष्ट्रपति ने की शांति बनाए रखने की अपील

नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने मौजूदा स्थिति पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि नेपाल की पहचान सामाजिक, धार्मिक और जातीय सौहार्द, भाईचारे और आपसी विश्वास से रही है। ऐसे समय में सभी नागरिकों को संयम और शांति बनाए रखनी चाहिए।

राष्ट्रपति ने सभी समुदायों से अफवाहों से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

सरकार विपक्ष के निशाने पर

बता दें लगातार फैलती हिंसा के बीच सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि शुरुआती दौर में प्रशासन ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

विपक्ष का कहना है कि सरकार केवल बैठकों और समीक्षा तक सीमित रही, जबकि हिंसा तेजी से दूसरे जिलों तक फैलती गई। हालांकि सरकार ने दावा किया है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की भूमिका पर भी उठे सवाल

हिंसा के दौरान कई स्थानों पर पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने में संघर्ष करती दिखाई दी। कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों की संख्या अधिक होने के कारण हालात बिगड़ गए, जिसके बाद सेना को मोर्चा संभालना पड़ा।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शुरुआती स्तर पर विवाद को गंभीरता से लिया जाता तो हिंसा को फैलने से रोका जा सकता था। फिलहाल पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और हिंसा में शामिल संदिग्ध लोगों की तलाश जारी है।

आम जनजीवन पर पड़ा बड़ा असर

बताया जा रहा है की चार दिनों से जारी हिंसा का असर आम लोगों के जीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। जिनमें कई शहरों में बाजार बंद हैं और सार्वजनिक परिवहन प्रभावित हुआ है। स्कूल और कॉलेजों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

व्यापारिक गतिविधियां भी ठप पड़ गई हैं, जिससे स्थानीय कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कर्फ्यू वाले इलाकों में आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अधिकांश गतिविधियां बंद हैं। लोग भय के माहौल में अपने घरों में रहने को मजबूर हैं।

अफवाहों से बचने की अपील

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें। किसी भी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट या अफवाह से स्थिति और बिगड़ सकती है। प्रशासन का कहना है कि केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास किया जाए।

अब आगे क्या है चुनौती?

नेपाल के सामने सबसे बड़ी चुनौती अब कानून-व्यवस्था को पूरी तरह बहाल करना और दोनों समुदायों के बीच विश्वास कायम करना है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं, जबकि सरकार शांति बहाल करने के लिए विभिन्न स्तरों पर बैठकें कर रही है।

एक्सपर्ट्स का मानना है कि केवल सुरक्षा बलों की तैनाती से स्थिति सामान्य नहीं होगी। इसके लिए सामाजिक संवाद, प्रशासनिक सतर्कता और सभी समुदायों के सहयोग की आवश्यकता होगी। यदि समय रहते प्रभावी कदम उठाए गए तो हालात जल्द सामान्य हो सकते हैं, लेकिन किसी भी तरह की अफवाह या उकसावे वाली गतिविधि स्थिति को फिर से बिगाड़ सकती है।

ये भी पढ़ें: West Bengal NEET Protest: पश्चिम बंगाल सरकार का बड़ा ऐलान, आंदोलन में शामिल छात्रों को मिली कानूनी राहत

Author

  • Aparna Panwar

    अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।

Related Posts

लेटेस्ट ➤

Advertising Banner
305x250