Skip to main content Scroll Top
‘Mumbai Indians’ का सबसे खराब प्रदर्शन! जानिए MI के फ्लॉप शो के 5 सबसे बड़े कारण
Current image: IPL 2026 में फ्लॉप रही मुंबई इंडियंस

IPL 2026 में फ्लॉप रही मुंबई इंडियंस

Mumbai Indians: IPL की सबसे सफल टीमों में गिनी जाने वाली मुंबई इंडियंस के लिए IPL 2026 किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। जिसमें पांच बार की चैंपियन टीम इस सीजन पूरी तरह संघर्ष करती नजर आई और प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली दूसरी टीम बन गई। 11 मुकाबलों में सिर्फ तीन जीत और आठ हार के साथ मुंबई इंडियंस का अभियान लीग चरण में ही समाप्त हो गया है।

जानकारी के लिए बता दें की इस सीजन की शुरुआत जीत के साथ करने वाली मुंबई इंडियंस अपनी लय बरकरार नहीं रख सकी। जिसमें बल्लेबाजी, गेंदबाजी और कप्तानी तीनों विभागों में टीम कमजोर दिखाई दी। लगातार खराब फैसलों और खिलाड़ियों की खराब फॉर्म ने टीम की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है।

आठवीं बार लीग स्टेज में रुका मुंबई का सफर

19 सीजन के आईपीएल इतिहास में यह आठवीं बार है जब मुंबई इंडियंस का सफर लीग चरण में ही खत्म हुआ है। टीम से इस बार भी फैंस को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। Hardik Pandya की कप्तानी में टीम लगातार तीसरे सीजन मैदान पर उतरी, लेकिन नतीजों में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला। चोटों ने भी टीम का संतुलन बिगाड़ दिया। पहले Rohit Sharma चोट के कारण कुछ मुकाबलों से बाहर रहे, जबकि बाद में हार्दिक पांड्या भी चोटिल हो गए। उनकी गैरमौजूदगी में Suryakumar Yadav ने टीम की कमान संभाली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

आइए जानते हैं वो 5 बड़े कारण जिनकी वजह से मुंबई इंडियंस IPL 2026 में फ्लॉप साबित हुई।

सूर्यकुमार यादव का खराब फॉर्म

मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी काफी हद तक सूर्यकुमार यादव पर निर्भर रहती है, लेकिन इस सीजन उनका बल्ला पूरी तरह शांत नजर आया। सूर्यकुमार यादव ने 11 पारियों में सिर्फ 195 रन बनाए। उनका औसत 17.72 का रहा, जो उनके स्तर के खिलाड़ी के हिसाब से बेहद खराब माना जा रहा है। पूरे सीजन में वह सिर्फ एक अर्धशतक ही लगा सके। टी20 क्रिकेट में तेज रन बनाने के लिए मशहूर सूर्यकुमार इस बार बड़ी पारियां खेलने में असफल रहे। उनके जल्दी आउट होने का असर टीम के मध्यक्रम पर साफ दिखाई दिया।

जसप्रीत बुमराह विकेट लेने में रहे नाकाम

Jasprit Bumrah मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी की सबसे बड़ी ताकत माने जाते हैं, लेकिन IPL 2026 में उनका प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। बुमराह ने 11 मुकाबलों में सिर्फ तीन विकेट लिए। उनका इकॉनमी रेट भी 8.51 का रहा, जो उनके अनुभव और क्षमता के मुकाबले काफी ज्यादा है। मुंबई इंडियंस की टीम लंबे समय से बुमराह पर निर्भर रही है। जब वह विकेट नहीं निकाल पाए तो बाकी गेंदबाजों पर भी दबाव बढ़ गया। डेथ ओवरों में विपक्षी टीमों ने मुंबई के गेंदबाजों के खिलाफ खुलकर रन बनाए।

हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर उठे सवाल

IPL 2026 में हार्दिक पांड्या की कप्तानी लगातार चर्चा में रही। कई मुकाबलों में उनके फैसले टीम के खिलाफ जाते नजर आए। प्लेइंग इलेवन के चयन से लेकर गेंदबाजी बदलाव तक, कई निर्णयों पर सवाल उठे। हार्दिक खुद भी बल्ले और गेंद दोनों से प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। उन्होंने आठ मैचों में सिर्फ चार विकेट लिए और बल्लेबाजी में 146 रन बनाए। कप्तान के तौर पर उनका प्रदर्शन टीम को संभालने में कमजोर नजर आया। मुश्किल परिस्थितियों में टीम को संभालने की जिम्मेदारी कप्तान की होती है, लेकिन मुंबई इंडियंस इस मोर्चे पर पूरी तरह पिछड़ गई।

अच्छे स्पिनर की कमी ने बढ़ाई परेशानी

मुंबई इंडियंस को इस सीजन एक भरोसेमंद स्पिनर की कमी साफ महसूस हुई। टीम के युवा स्पिनर Allah Ghazanfar उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। उन्होंने कुछ मौकों पर अच्छा प्रदर्शन जरूर किया, लेकिन निरंतरता की कमी साफ दिखाई दी। बीच के ओवरों में विकेट निकालने और रन रोकने में वह सफल नहीं रहे। वहीं, Mitchell Santner का चोटिल होना भी टीम के लिए बड़ा झटका साबित हुआ। सैंटनर के बाहर होने के बाद मुंबई की स्पिन गेंदबाजी और कमजोर हो गई। आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में मजबूत स्पिन अटैक बेहद जरूरी होता है, लेकिन मुंबई इंडियंस इस विभाग में पिछड़ती नजर आई।

मध्यक्रम पूरी तरह फ्लॉप रहा

मुंबई इंडियंस का मध्यक्रम इस सीजन टीम की सबसे बड़ी कमजोरी बनकर सामने आया। सूर्यकुमार यादव के अलावा हार्दिक पांड्या, Naman Dhir और Will Jacks जैसे बल्लेबाज उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। जब भी टीम को तेज रन या बड़ी साझेदारी की जरूरत पड़ी, मध्यक्रम बिखरता नजर आया। सलामी बल्लेबाज Ryan Rickelton और रोहित शर्मा भी लगातार रन बनाने में सफल नहीं रहे। इसका असर पूरी बल्लेबाजी लाइनअप पर पड़ा।

टीम संयोजन भी बना बड़ी समस्या

मुंबई इंडियंस पूरे सीजन सही कॉम्बिनेशन तलाशती नजर आई। लगातार बदलावों की वजह से टीम स्थिरता हासिल नहीं कर सकी। कभी बल्लेबाजी कमजोर दिखी तो कभी गेंदबाजी। कई खिलाड़ियों को लगातार मौके नहीं मिले, जिससे उनका आत्मविश्वास भी प्रभावित हुआ। टीम में अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी के बावजूद मैदान पर तालमेल की कमी साफ दिखाई दी।

अगले सीजन में वापसी की उम्मीद

ऐसे में IPL 2026 मुंबई इंडियंस के लिए बेहद खराब रहा है, लेकिन टीम के पास मजबूत खिलाड़ी और बड़ा अनुभव मौजूद है।
फ्रेंचाइजी अगले सीजन के लिए टीम संयोजन, गेंदबाजी और बल्लेबाजी में बड़े बदलाव कर सकती है। फैंस को उम्मीद होगी कि मुंबई इंडियंस आने वाले सीजन में दमदार वापसी करेगी और छठे आईपीएल खिताब का सपना पूरा करेगी।

ये भी पढ़ें: PM Modi की बड़ी अपील: ‘एक साल तक सोना न खरीदें’, पेट्रोल-डीजल बचाने और वर्क फ्रॉम होम पर भी दिया जोर

Author

  • Aparna Panwar

    अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।

Related Posts

लेटेस्ट ➤

Advertising Banner
305x250