
Maithili Thakur Viral Audio: बिहार के दरभंगा जिले की अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर एक कथित वायरल ऑडियो को लेकर चर्चा में हैं। बताया जा रहा है सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस ऑडियो में एक महिला की आवाज सुनाई दे रही है, जिसे विधायक मैथिली ठाकुर का बताया जा रहा है। ऑडियो में सामने वाले युवक से नाराजगी जताते हुए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर नई बहस छेड़ दी है। विपक्षी दलों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स भी इस मामले पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
आखिर क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, अलीनगर विधानसभा क्षेत्र के नदियामी गांव का रहने वाला युवक गौतम झा सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय है। उसने अपने गांव के एक लापता युवक सुभाष चौपाल के परिवार का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था। वीडियो में पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया था कि उनका बेटा कई दिनों से लापता है, लेकिन जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई मदद नहीं मिली। परिवार की महिलाओं ने यह भी कहा कि विधायक क्षेत्र में आने के बावजूद उनके घर नहीं पहुंचीं। बताया जा रहा है कि इसी वीडियो के बाद विधायक और गौतम झा के बीच फोन पर बातचीत हुई, जिसकी कथित रिकॉर्डिंग अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
ऑडियो में क्या सुनाई दे रहा है?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित ऑडियो में महिला की आवाज युवक पर नाराजगी जताती सुनाई देती है। जिससे वायरल क्लिप में युवक के लिए “खच्चर”, “बुड़बक”, “पागल आदमी” और “बदतमीज” जैसे शब्द इस्तेमाल किए जाने का दावा किया जा रहा है। इतना ही नहीं, ऑडियो में यह भी सुनाई देता है कि युवक को अलीनगर में रहने लायक नहीं बताया जा रहा है और भविष्य में ऐसा दोबारा करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जा रही है। हालांकि, इस ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और न ही इसकी प्रमाणिकता की आधिकारिक पुष्टि की गई है।
गौतम झा ने क्या कहा?
दरअसल विवाद के बीच गौतम झा मीडिया के सामने आए और दावा किया कि वायरल ऑडियो उन्हीं और विधायक के बीच हुई बातचीत का है।
गौतम झा के मुताबिक, 4 जुलाई की रात करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर विधायक का फोन आया था। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ने उनकी बात सुने बिना ही नाराजगी जताई और फोन पर डांट-फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल एक पीड़ित परिवार की आवाज सोशल मीडिया के जरिए उठाई थी और उनका किसी तरह का राजनीतिक उद्देश्य नहीं था।
लापता युवक के परिवार से जुड़ा है विवाद
बताया जा रहा है कि नदियामी गांव का रहने वाला सुभाष चौपाल करीब 10 से 15 दिन पहले हैदराबाद से अपने घर लौट रहा था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका। परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा है। इसी मुद्दे को लेकर गौतम झा ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मदद की अपील की गई थी। गांव के कुछ लोगों का कहना है कि पीड़ित परिवार को जनप्रतिनिधियों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला, जिसके कारण नाराजगी बढ़ी।
सोशल मीडिया पर तेज हुई बहस
ऑडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग वायरल ऑडियो की जांच की मांग कर रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि बिना आधिकारिक पुष्टि के किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए। राजनीतिक हलकों में भी इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
विधायक की ओर से नहीं आया आधिकारिक बयान
ख़बरों के अनुसार, विधायक मैथिली ठाकुर की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद बताया गया। ऐसे में वायरल ऑडियो को लेकर उनका पक्ष अभी सामने आना बाकी है।
सौम्य छवि पर उठे सवाल
मैथिली ठाकुर को एक लोकप्रिय लोकगायिका और शांत स्वभाव की सार्वजनिक हस्ती के रूप में जाना जाता है। संगीत के क्षेत्र में पहचान बनाने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और बीजेपी के टिकट पर अलीनगर से चुनाव जीतकर विधायक बनीं।
ऐसे में कथित वायरल ऑडियो सामने आने के बाद उनकी सार्वजनिक छवि को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, मामले की सच्चाई और ऑडियो की प्रमाणिकता सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
जांच और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित ऑडियो और उससे जुड़े दावों तक सीमित है। ऑडियो की फोरेंसिक जांच या किसी सरकारी एजेंसी की आधिकारिक पुष्टि अभी तक सामने नहीं आई है।
ऐसे में इस विवाद पर अंतिम निष्कर्ष निकालने से पहले संबंधित पक्षों के आधिकारिक बयान और जांच रिपोर्ट का इंतजार करना जरूरी होगा।
ये भी पढ़ें: Ram Mandir Donation Theft: ट्रस्ट ने स्वीकार किए चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे, चोरी पर सख्त संदेश






