
Kal ka Mausam: भारत के कई राज्यों में मई महीने के पहले दिन से ही मौसम करवट ले रहा है। अनुमान है कि 4 मई 2026 को अगले 12 घंटों के अंदर 19 राज्यों में तेज आंधी, भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी है। ऐसे में भारतीय मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि कई दिल्ली सहित कई बड़े राज्यों में अचानक मौसम बदल सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।
IMD के द्वारा जारी की गई ताजा अपडेट के मुताबिक, मौसम का यह बदलाव मुख्य रूप से पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने के कारण हो रहा है। इसका असर उत्तर, मध्य और पूर्व भारत के बड़े हिस्से में देखने को मिलेगा। इस स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और समय-समय पर अपडेट चेक करते रहने की सलाह जारी की है। आइए यहां जानें अपने शहर के मौसम की लेटेस्ट रिपोर्ट (Latest Weather Report) क्या है?
इन 19 राज्यों में जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, देश के 19 राज्यों में अगले कुछ घंटों में मौसम खराब हो सकता है। इन राज्यों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में मौसम का अलर्ट जारी किया गया है। अनुमान है कि इन क्षेत्रों में कहीं हल्की बारिश होगी तो कहीं तेज तूफान और गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। अलग-अलग इलाकों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट (Yellow and Orange Alerts) जारी किया गया है, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
80 किमी/घंटा तक होगी हवाओं की रफ्तार
इस मौसम की सबसे बड़ी चिंता तेज हवाएं हैं। कई इलाकों में हवाओं की गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इतनी तेज हवाएं पेड़ों को उखाड़ सकती हैं, बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचा सकती हैं और ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं। इसके अलावा, शहरी क्षेत्रों में इसका खतरा ज्यादा होता है, क्योंकि वहां ऊंची इमारतें, होर्डिंग्स और निर्माण कार्य चल रहे होते हैं। ऐसे में लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है। खुले में खड़ी गाड़ियों, कमजोर ढांचों और अस्थायी निर्माण के पास खड़े रहने से बचना चाहिए।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में भी मौसम (Weather in Delhi-NCR) का असर दिखाई देगा। दिल्ली के कई इलाकों में 4 मई को तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। वही, मौसम विभाग के मुताबिक, 2 मई को भी दिल्ली-NCR में अच्छी बारिश हुई थी, जिससे मौसम सुहावना हो गया था। अब एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। हालांकि तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर सावधानी जरूरी है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में ज्यादा असर
उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। यहां तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। ग्रामीण इलाकों में इसका प्रभाव ज्यादा हो सकता है, जहां खुले मैदान और पेड़ ज्यादा होते हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे खराब मौसम के दौरान घरों में ही रहें और बिना जरूरत बाहर न निकलें। खेतों में काम कर रहे किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बिजली गिरने का खतरा बढ़ा
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे के दौरान यूपी, बिहार, दिल्ली और कई पहाड़ी क्षेत्रों में आंधी और बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं। यह एक गंभीर खतरा होता है, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है। खासकर खुले मैदान, पानी के स्रोत और ऊंचे स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना ज्यादा होती है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे पेड़ों के नीचे खड़े न हों, खुले मैदान में न जाएं और बिजली के खंभों से दूर रहें। मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल भी सावधानी से करना चाहिए।
पश्चिमी विक्षोभ क्या है ?
पश्चिमी विक्षोभ एक मौसमी प्रणाली है, जो भूमध्य सागर के आसपास बनती है और भारत के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में बारिश और तूफान लाती है। जब यह सक्रिय होता है, तो मौसम अचानक बदल जाता है। इस बार भी यही सिस्टम सक्रिय हुआ है, जिससे देश के कई हिस्सों में तेज हवाएं और बारिश देखने को मिल रही है। यह गर्मी के मौसम में राहत तो देता है, लेकिन साथ ही कई जोखिम भी लेकर आता है।
IMD की लोगों के लिए जरूरी सावधानियां
मौसम विभाग ने लोगों के लिए कुछ जरूरी सावधानियां भी जारी की हैं, जो कुछ इस प्रकार से हैं। खराब मौसम के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें। पेड़ों, बिजली के खंभों और होर्डिंग्स से दूर रहें। खुले मैदान और पानी के स्रोतों के पास न जाएं। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और साथ ही मौसम से जुड़े अपडेट (Weather Related Updates) पर नजर बनाए रखें। मौसम विभाग की सलाह का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाएं। सावधानी ही इस बदलते मौसम में सबसे बड़ा बचाव है।
ये भी पढ़ें: संगम नगरी में गूंजेगा सेना का पराक्रम, ‘नॉर्थ टेक सिम्पोजियम 2026’ में दिखेगी स्वदेशी ताकत






