Skip to main content Scroll Top
जिम्बाब्वे पर भारत की 72 रन से धमाकेदार जीत,सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार
Current image: India Zimbabwe Match

India Zimbabwe Match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 72 रनों से हरा दिया है। बता दें कि चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस अहम मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 256 रन बनाए और फिर जिम्बाब्वे को लक्ष्य से दूर रोकते हुए बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा है।

जानकारी के लिए बता दें कि यह मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण का था, जहां हर मैच काफी महत्वपूर्ण है। भारत इससे पहले अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रन से हार चुका था, जिससे नेट रन रेट पर भी असर पड़ा था। ऐसे में जिम्बाब्वे के खिलाफ यह जीत टीम इंडिया के लिए बेहद जरूरी थी।

भारत की तूफानी बल्लेबाजी

जानकारी के लिए बता दें कि टॉस जीतकर जिम्बाब्वे ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय उनके लिए भारी पड़ गया। भारतीय बल्लेबाजों ने शुरू से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और रनगति को कभी धीमा नहीं होने दिया। दरअसल,ओपनिंग में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई। जिसमें अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 30 गेंदों में 55 रन बनाए। उनकी पारी में चौके और छक्कों की भरमार रही। उन्होंने पावरप्ले का पूरा फायदा उठाया और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।

मध्यक्रम में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 13 गेंदों पर 33 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने आते ही बड़े शॉट लगाए और रनगति को और तेज कर दिया। तिलक वर्मा ने भी शानदार फिनिशिंग करते हुए 16 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाए।
वहीं,सबसे खास पारी रही हार्दिक पांड्या की। उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों पर नाबाद 50 रन ठोक दिए। उनकी पारी में लंबे-लंबे छक्के शामिल थे। आखिरी ओवरों में हार्दिक और तिलक की साझेदारी ने टीम को 256 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। यह स्कोर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बताया जा रहा है। टीम ने पूरे 20 ओवर में 256 रन बनाकर जिम्बाब्वे के सामने 257 रनों का लक्ष्य रखा।

जिम्बाब्वे की गेंदबाजी

जिम्बाब्वे की ओर से सिकंदर रजा, ब्लेसिंग मुज़ारबानी, रिचर्ड नगारवा और टिनोटेंडा मापोसा ने 1-1 विकेट हासिल किया है। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों के सामने उनकी गेंदबाजी बेअसर रही। पावरप्ले और डेथ ओवरों में रन रोकने में वे पूरी तरह असफल रहे।

जिम्बाब्वे की पारी

257 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जिसमें भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में ही दबाव बना दिया। जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने नई गेंद से सटीक लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी की। मध्यक्रम में सिकंदर रजा और रयान बर्ल ने कुछ बड़े शॉट लगाए, लेकिन रनगति लगातार बढ़ते लक्ष्य के सामने कम पड़ती गई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और टीम लक्ष्य के करीब नहीं पहुंच सकी। वहीं, लास्ट में जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित 20 ओवर में लक्ष्य से 72 रन पीछे रह गई। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार संयम दिखाया और बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

चेपॉक की पिच रिपोर्ट

चेन्नई का एमए चिदंबरम स्टेडियम पारंपरिक रूप से स्पिनरों की मदद के लिए जाना जाता है, लेकिन हाल के वर्षों में यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए भी अनुकूल हो गई है। इस मैच में भी पिच पर अच्छा बाउंस और कैरी देखने को मिला। 180-200 के स्कोर आम माने जा रहे हैं, लेकिन भारत ने 256 रन बनाकर इस आंकड़े को भी पीछे छोड़ दिया। हालांकि मैच के दूसरे हिस्से में स्पिनरों को थोड़ी मदद मिली, लेकिन तब तक मुकाबला भारत की पकड़ में आ चुका था।

मौसम का हाल

26 फरवरी को चेन्नई में मौसम गर्म और थोड़ा धुंधला रहा। दिन में तापमान लगभग 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। शाम को हल्की ठंडक महसूस हुई। अच्छी बात यह रही कि बारिश की कोई संभावना नहीं थी और मैच बिना किसी रुकावट के पूरा हुआ।

दोनों टीमों की प्लेइंग XI

भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।

जिम्बाब्वे: तदिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), ब्रायन बेनेट, डायोन मायर्स, रयान बर्ल, सिकंदर रजा (कप्तान), टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, टिनोटेंडा मापोसा, ब्लेसिंग मुज़ारबानी, रिचर्ड नगारवा।

सेमीफाइनल की राह

सुपर-8 चरण में भारत के लिए यह जीत बेहद अहम है। दक्षिण अफ्रीका से मिली हार के बाद टीम पर दबाव था। अब इस जीत से भारत का नेट रन रेट भी सुधरा है और सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा हैं। हालांकि आगे के मुकाबले भी आसान नहीं होंगे। टीम को अपनी बल्लेबाजी में निरंतरता बनाए रखनी होगी और गेंदबाजों को भी इसी तरह प्रदर्शन करना होगा।

ये भी पढ़ें: डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार बनीं एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, सर्वसम्मति से हुआ ऐलान

Related Posts

लेटेस्ट ➤

Advertising Banner
305x250