Skip to main content Scroll Top
NCPI NDA Alliance: एनसीपीआई ने थामा NDA का हाथ, 20 सांसदों के साथ गठबंधन कर बनी दूसरी सबसे बड़ी पार्टी
NCPI NDA Alliance: संसद सत्र से पहले NDA में शामिल हुई NCPI
NCPI NDA Alliance: संसद सत्र से पहले NDA में शामिल हुई NCPI

NCPI NDA Alliance: संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से ठीक पहले ही देश की राजनीति में एक बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिला है। दरअसल, नेशनल कांग्रेस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) ने आधिकारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस फैसले के बाद NCPI के 20 सांसद अब NDA का हिस्सा बन गए हैं। इसके साथ ही पार्टी गठबंधन में दूसरी सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी बन गई है।

ऐसे में आइए जानते हैं इस फैसले के पीछे की वजह और इससे संसद की राजनीति पर क्या असर पड़ सकता है?

दिल्ली में NCPI संसदीय दल की पहली बैठक

वहीं, नई राजनीतिक स्थिति को देखते हुए दिल्ली में NCPI संसदीय दल की पहली बैठक आयोजित की गई, जिसमें संसद (Parliament) के भीतर पार्टी की भूमिका, सांसदों की जिम्मेदारियां और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर् हुई। इस विषय पर पार्टी नेताओं ने साफ कहा है कि अब वह NDA के साथ मिलकर संसद में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और हर महत्वपूर्ण मुद्दे पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।

संसद में मिला अलग ब्लॉक और नई पहचान

इस बैठक के बाद पार्टी नेता सुदीप बंदोपाध्याय ने मीडिया से बातचीत करते हुए यह भी बताया कि संसद में NCPI को अलग ब्लॉक, सीटों का नया आवंटन और डिवीजन नंबर दिए जा चुके हैं। सभी सांसदों को उनकी नई सीटों और संसदीय व्यवस्था (Parliamentary System) की जानकारी भी दे दी गई है।

उन्होंने कहा कि पार्टी संसद को सुचारू रूप से चलाने के पक्ष में है। सरकार और विपक्ष के बीच होने वाली हर अहम चर्चा में NCPI के सांसद अपनी बात मजबूती से रखेंगे और संसद की कार्यवाही में सक्रिय रूप से हिस्सा लेंगे।

पीएम मोदी से हुई एक घंटे की मुलाकात

वहीं, सुदीप बंदोपाध्याय ने बताया है कि शनिवार को उनकी प्रधानमंत्री मोदी से करीब एक घंटे तक अकेले में मुलाकात हुई। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि NCPI के जो सांसद पहली बार NDA में शामिल हुए हैं, उन्हें गठबंधन के अंदर पूरा सहयोग और सम्मान मिलना चाहिए, ताकि वह खुद को इस परिवार का मजबूत हिस्सा महसूस कर सकें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनकी बात को सकारात्मक तरीके से सुना और भरोसा दिलाया कि नए सांसदों को गठबंधन में पूरी अहमियत दी जाएगी। पार्टी का कहना है कि इस मुलाकात के बाद भविष्य में दोनों दलों के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिलेगा।

केंद्रीय गृह मंत्री से भी दो दौर की चर्चा

NCPI नेता ने यह भी जानकारी दी है कि पिछले दो दिनों में उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दो बार लंबी बैठक हुई। इन बैठकों में संसद की रणनीति, गठबंधन के समन्वय और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही पार्टी का दावा है कि 20 सांसदों के NDA में शामिल होने से गठबंधन पहले की तुलना में और मजबूत हुआ है। इसी वजह से भाजपा नेतृत्व भी इस नए राजनीतिक समीकरण को लेकर उत्साहित दिखाई दिया।

पश्चिम बंगाल के मुद्दों पर अपनाई अलग रणनीति

NCPI ने पश्चिम बंगाल से जुड़े मामलों पर भी अपनी रणनीति साफ कर दी है। पार्टी का कहना है कि राज्य के विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए दिल्ली के बजाय सीधे पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री से बात की जाएगी। अगर किसी सांसद के क्षेत्र में कोई समस्या आती है तो उसे राज्य सरकार के सामने रखा जाएगा। पार्टी का मानना है कि राज्य से जुड़े मुद्दों का समाधान राज्य स्तर पर ही बेहतर तरीके से किया जा सकता है।

सदस्यता रद्द करने की कोशिशों पर क्या बोली पार्टी?

पार्टी नेतृत्व ने उन कोशिशों पर भी प्रतिक्रिया दी, जिनमें पुराने राजनीतिक दल की ओर से 20 सांसदों की सदस्यता रद्द कराने की मांग की गई थी। सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि अब पार्टी इन सभी विवादों से आगे बढ़ चुकी है और पूरी तरह अपने नए राजनीतिक सफर पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि अब NCPI का पूरा फोकस संसद में प्रभावी भूमिका निभाने और NDA के साथ मिलकर जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने पर रहेगा।

सर्वदलीय बैठक के बहिष्कार पर भी दिया जवाब

संसद सत्र (Parliament Session) से पहले आयोजित सर्वदलीय बैठक में कुछ विपक्षी दलों ने NCPI को बुलाए जाने का विरोध किया था और बैठक का बहिष्कार भी किया। इस पर पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र में सभी दलों को अपनी बात रखने का अधिकार है।

NCPI का कहना है कि अब वह NDA का हिस्सा है और संसद के भीतर गठबंधन की रणनीति के अनुसार एकजुट होकर काम करेगी। पार्टी का उद्देश्य सदन की कार्यवाही को बेहतर बनाने और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभाना है।

संसद सत्र में बढ़ेगी NCPI की भूमिका

20 सांसदों के साथ NDA में शामिल होने के बाद संसद में NCPI की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। ऐसे में अब यह भी माना जा रहा है कि यह फैसला संसद के भीतर गठबंधन की संख्या और रणनीतिक ताकत दोनों को मजबूत करेगा।

ये भी पढ़ें: भारत पेट्रोलियम ने लॉन्च किया नया स्मार्ट LPG सिलेंडर, जानें इसकी खासियत

Author

  • Aparna Panwar

    अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।

Related Posts

लेटेस्ट ➤

Advertising Banner
305x250