Skip to main content Scroll Top
IMD Weather Forecast: अगले 24 घंटे इन 23 राज्यों में बारिश-आंधी की चेतावनी, 90 kmph तक चलेगी हवाएं
दिल्ली-बिहार-UP समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
दिल्ली-बिहार-UP समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

IMD Weather Forecast: देशभर में मानसून अब अपनी रफ्तार पकड़ रहा है। देखा जाए तो भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज भी पूरी तरह से बदल चुका है। ऐसे में भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 21 जून से लेकर आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का अलर्ट (Weather Alert) जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में देश के 23 राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में मौसम खराब रह सकता है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। यहां जानें अपने शहर के मौसम से जुड़ी हर एक ताजा अपडेट

दिल्ली-एनसीआर में मिलेगी गर्मी से राहत

IMD की लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में रविवार को मौसम सुहावना रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।

दिल्ली के अलावा हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

यूपी और बिहार में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट (Rain and Thunderstorms Alert) जारी किया है। मेरठ, नोएडा, आगरा, मथुरा, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, बिजनौर, फिरोजाबाद, एटा, कानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत कई शहरों में तेज बारिश हो सकती है।

वहीं, बिहार में भी मौसम विभाग ने गया, पटना, नवादा, बक्सर, वैशाली, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर, अररिया, खगड़िया, मुंगेर और बेगूसराय सहित कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है।

Weather Rain Alert
IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट

पहाड़ी राज्यों में भी बिगड़ेगा मौसम

IMD के रिपोर्ट के अनुसार, आज उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, हरिद्वार, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश और पौड़ी गढ़वाल में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, कांगड़ा, बिलासपुर, ऊना, सोलन, किन्नौर, शिमला और हमीरपुर में भी भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने जैसी स्थितियां भी बन सकती हैं।

जम्मू-कश्मीर में ओलावृष्टि की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में अगले दो दिनों तक मौसम खराब रह सकता है। जम्मू, पुंछ, कुपवाड़ा, कुलगाम, उधमपुर, गांदरबल, कठुआ, डोडा, किश्तवाड़, राजौरी और अनंतनाग में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।

पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर जारी

आज से लेकर अगले कुछ दिनों तक असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार इन राज्यों में अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है। निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई गई है।

मानसून सक्रिय हुआ

मौसम विभाग के अनुसार, आज मध्य भारत के कई राज्यों में मानसून सक्रिय बना रह सकता है। अनुमान है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पश्चिम और पूर्वी मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। छत्तीसगढ़ में भी अगले कई दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

मानसून की बढ़ रही रफ्तार

IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कई हिस्सों तक पहुंच चुकी है। मौसम विभाग का कहना है कि 23 जून तक मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के और अधिक क्षेत्रों में आगे बढ़ सकता है। मानसून की सक्रियता बढ़ने से देश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी, जिससे किसानों को राहत मिलेगी और जलाशयों में पानी का स्तर भी बढ़ेगा। ऐसे में IMD ने खराब मौसम को देखते हुए अगले 2 दिनों तक लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें: अमेरिका में दिलजीत ने रचा इतिहास, अपने नाम की पब्लिक हॉलीडे, सम्मान पाकर भावुक हुए सिंगर

Author

  • Aparna Panwar

    अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।

Related Posts

लेटेस्ट ➤

Advertising Banner
305x250