Skip to main content Scroll Top
अजय राय की हालत में सुधार, मेदांता अस्पताल से राहत भरी खबर, कांग्रेस ने साझा की जानकारी
Current image: अजय राय

अजय राय: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Ajay Rai  की तबीयत में अब पहले से सुधार देखा जा रहा है। लखनऊ के मेदांता अस्पताल द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार उनकी हालत स्थिर बनी हुई है और लगातार बेहतर हो रही है। डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है और जरूरी इलाज दिया जा रहा है। फिलहाल उन्हें ICU में रखा गया है ताकि उनकी स्थिति पर पूरी तरह नजर रखी जा सके। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उपचार का असर सकारात्मक दिख रहा है।

क्या हुआ था अचानक?

दरअसल कल शुक्रवार शाम को लगभग 6:30 बजे अजय राय को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल लाया गया। बताया गया कि वे बेहोशी की हालत में थे और उन्हें दौरे (सीजर) की शिकायत भी हुई थी। इससे पहले भी उन्हें सीने में दर्द और घबराहट महसूस हुई थी। ऐसे में घटना उस समय हुई जब वे लखनऊ में कांग्रेस के एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पार्टी कार्यालय पहुंचे थे। वहां उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और उन्होंने साथियों से घर ले चलने को कहा। रास्ते में उनकी हालत और खराब हो गई, जिसके बाद तुरंत उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हेल्थ बुलेटिन में क्या बताया गया?

अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार अजय राय के शरीर में सोडियम का स्तर काफी कम पाया गया, जिसे मेडिकल भाषा में Hyponatremia कहा जाता है। यह एक गंभीर स्थिति हो सकती है, इसलिए तुरंत इलाज शुरू किया गया। क्रिटिकल केयर एक्सपर्ट्स की टीम ने उनके उपचार की जिम्मेदारी संभाली। इलाज के दौरान उनके सोडियम स्तर को नियंत्रित कर स्थिर किया गया है। अस्पताल के अनुसार अब मरीज होश में हैं, उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है और लगातार सुधार हो रहा है। फिलहाल उन्हें ICU में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

डॉक्टरों की क्या राय है?

मेदांता अस्पताल के एक्सपर्ट्स डॉक्टरों के अनुसार, अजय राय को समय पर इलाज मिलने से उनकी स्थिति को काबू में कर लिया गया है। हार्ट अटैक की आशंका को देखते हुए ट्रोप-टी और ट्रोप-आई जैसे महत्वपूर्ण टेस्ट किए गए, जिनकी रिपोर्ट सामान्य आई। साथ ही स्ट्रोक की संभावना को जांचने के लिए ब्रेन का CT स्कैन भी कराया गया, जिसमें कोई गंभीर समस्या सामने नहीं आई। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल स्थिति स्थिर है।

कांग्रेस ने दी आधिकारिक जानकारी

उत्तर प्रदेश कांग्रेस की ओर से मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष मनीष हिंदवी ने बताया कि अजय राय की हालत अब खतरे से बाहर है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहत की सांस ली है और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताई चिंता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अजय राय की तबीयत को लेकर चिंता जताई। जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। ऐसे में उनके इस संदेश के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं हैं। जिसमें कई लोगों ने अजय राय के स्वास्थ्य को लेकर शुभकामनाएं दीं।

राहुल गांधी ने भी दी प्रतिक्रिया

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अजय राय की तबीयत को लेकर चिंता जताई है। जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अजय राय के अस्वस्थ होने की खबर से वे चिंतित हैं। साथ ही उन्होंने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। राहुल गांधी ने उम्मीद जताई कि अजय राय जल्द ही पूरी तरह ठीक होकर फिर से सक्रिय रूप से जनसेवा में जुटेंगे।

अजय राय का खुद का संदेश

अजय राय ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी सेहत को लेकर जानकारी साझा की है। जिसमें उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की कृपा और लोगों की दुआओं से अब वे पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सभी समर्थकों और शुभचिंतकों का धन्यवाद भी जताया। अजय राय ने भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर फिर से पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जनसेवा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

सियासी अटकलों पर कांग्रेस का जवाब

प्रधानमंत्री मोदी के पोस्ट के बाद कुछ राजनीतिक अटकलें भी लगाई जाने लगीं कि अजय राय भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि कांग्रेस ने इन सभी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। कांग्रेस प्रवक्ता ने साफ कहा कि अजय राय पार्टी के साथ हैं और आगे भी भाजपा के खिलाफ संघर्ष जारी रखेंगे।

घटना से पहले क्या कर रहे थे?

कल शुक्रवार को लखनऊ में कांग्रेस द्वारा श्रमिक दिवस और बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में कई बड़े नेता शामिल हुए थे। अजय राय कार्यक्रम के बाद यूपी प्रभारी को एयरपोर्ट छोड़ने गए थे और फिर पार्टी कार्यालय लौटे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई।

मेडिकल स्थिति Hyponatremia क्या है?

Hyponatremia एक ऐसी चिकित्सीय स्थिति है, जिसमें शरीर में सोडियम का स्तर सामान्य से कम हो जाता है। सोडियम शरीर में तरल संतुलन और नसों के कार्य के लिए जरूरी होता है। इसकी कमी होने पर व्यक्ति को चक्कर आना, बेहोशी, दौरे और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। गंभीर मामलों में यह स्थिति जानलेवा भी बन सकती है। इसलिए समय रहते पहचान और सही इलाज बेहद जरूरी होता है, ताकि मरीज की हालत को जल्दी नियंत्रित किया जा सके।

फिलहाल कैसी है स्थिति?

अस्पताल और कांग्रेस की ओर से मिली ताजा जानकारी के अनुसार अजय राय की हालत अब स्थिर बनी हुई है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। फिलहाल उन्हें ICU में रखा गया है ताकि उनकी स्थिति पर पूरी तरह नजर रखी जा सके। इलाज का असर सकारात्मक दिख रहा है और धीरे-धीरे उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। ऐसे में एक्सपर्ट्स का कहना है कि जल्द ही वे पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें: राजा शिवाजी रिव्यू: रितेश देशमुख ने फिल्म में की दमदार एक्टिंग, कमियों के बावजूद भी लोगों का दिल जीता

Author

  • Aparna Panwar

    अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।

Related Posts