Skip to main content Scroll Top
Ram Mandir Donation Theft: चढ़ावे में गबन पर SIT की फाइनल रिपोर्ट जल्द, कई बड़े खुलासों के संकेत
Current image: Ram Mandir Donation Theft: चढ़ावे में गबन पर SIT की फाइनल रिपोर्ट जल्द

Ram Mandir Donation Theft: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और गबन के मामले में आज बड़ा घटनाक्रम सामने आ सकता है। बताया जा रहा है उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) अपनी अंतिम रिपोर्ट 15 जुलाई यानि कल सौंप सकता है। इस रिपोर्ट का इंतजार केवल जांच एजेंसियों को ही नहीं हैं, बल्कि करोड़ों राम भक्तों को भी है, क्योंकि इसमें चोरी की पूरी साजिश, जिम्मेदार लोगों की भूमिका और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय शामिल हो सकते हैं।

जानकारी के लिए बता दें यह मामला धार्मिक संस्थानों में आने वाले दान की सुरक्षा और पारदर्शिता से भी जुड़ा हुआ है। ऐसे में जांच रिपोर्ट से यह साफ होने की उम्मीद है कि आखिर लंबे समय तक कथित गड़बड़ियां कैसे चलती रहीं और निगरानी व्यवस्था में कहां कमी रह गई।

एक महीने से ज्यादा चली जांच

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन सदस्यीय SIT का गठन किया था। जिसमें जांच दल को पहले से ही निर्धारित समय में रिपोर्ट देने का आदेश दिया गया था, लेकिन बाद में जांच की अवधि 15 दिन बढ़ा दी गई। अब बढ़ी हुई समयसीमा 15 जुलाई को समाप्त हो रही है।

अधिकारीयों के मुताबिक, SIT अपनी अंतिम रिपोर्ट अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद को सौंप सकती है। हालांकि, यदि जांच दल को किसी तकनीकी कारण से और समय की आवश्यकता महसूस होती है, तो वह अतिरिक्त समय भी मांग सकता है। फिलहाल माना जा रहा है कि रिपोर्ट तय समय के भीतर ही जमा कर दी जाएगी।

रिपोर्ट में तय होगी जिम्मेदारी

दरअसल जांच रिपोर्ट का सबसे अहम हिस्सा उन लोगों की पहचान होगी, जो कथित चोरी और गबन में सीधे या परोक्ष रूप से शामिल पाए गए। इसके अलावा यह भी देखा गया है कि निगरानी करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और सुपरवाइजरों ने अपने दायित्वों का सही तरीके से पालन किया था या नहीं।

जांच एजेंसियां इस बात का भी पता लगा रही हैं कि कहीं लापरवाही, कमजोर निगरानी या तय प्रक्रियाओं का पालन न होने के कारण आरोपियों को लंबे समय तक चोरी करने का मौका तो नहीं मिला।

डोनेशन मैनेजमेंट सिस्टम में बदलाव की सिफारिश संभव

SIT की रिपोर्ट में राम मंदिर के डोनेशन मैनेजमेंट सिस्टम को और मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए जा सकते हैं। माना जा रहा है कि रिपोर्ट में दान पेटियों की सुरक्षा, नकदी के परिवहन, गिनती, बैंक में जमा करने की प्रक्रिया, CCTV निगरानी, ऑडिट और रिकॉर्ड रखने की व्यवस्था में सुधार की सिफारिश की जाएगी।

इसके अलावा एक्सेस कंट्रोल, डॉक्यूमेंटेशन, आंतरिक निगरानी और समय-समय पर ऑडिट जैसे प्रावधानों को और सख्त बनाने की भी सलाह दी जा सकती है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

हर पहलू की गहराई से हुई जांच

SIT ने अपनी जांच के दौरान कई अहम दस्तावेजों और तकनीकी साक्ष्यों का अध्ययन किया है। जांच में वित्तीय रिकॉर्ड, बैंकिंग लेनदेन, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, दस्तावेजी रिकॉर्ड, CCTV फुटेज, संबंधित कर्मचारियों और आरोपियों के बयान सहित कई पहलुओं को शामिल किया गया।

जांच दल ने यह भी परखा कि क्या मंदिर में दान प्रबंधन के लिए बनाई गई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का सही तरीके से पालन किया जा रहा था या नहीं। यदि किसी स्तर पर नियमों की अनदेखी हुई है तो उसकी जवाबदेही भी तय की जा सकती है।

50 बैंक खातों की हो रही जांच

दरअसल इस मामले में वित्तीय जांच भी तेजी से आगे बढ़ रही है। जिसमें अयोध्या पुलिस ने आयकर विभाग से सहयोग मांगा है ताकि कथित गबन की गई रकम का पूरा वित्तीय ट्रेल सामने लाया जा सके।

पुलिस फिलहाल गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों और उनके परिवार से जुड़े करीब 50 बैंक खातों की जांच कर रही है। इन खातों के बैंक स्टेटमेंट, KYC दस्तावेज, नॉमिनी की जानकारी और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री का विस्तार से विश्लेषण किया जा रहा है।

जांच एजेंसियों का उद्देश्य यह पता लगाना है कि चोरी की गई रकम किन-किन खातों में पहुंची और उसका उपयोग किस प्रकार किया गया।

शेयर बाजार और संपत्तियों की भी जांच

जांचकर्ताओं को आशंका है कि कथित गबन की गई राशि केवल बैंक खातों तक सीमित नहीं हो सकती। इसलिए यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस पैसे का निवेश शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड, फिक्स्ड इनकम इंस्ट्रूमेंट या रियल एस्टेट में तो नहीं किया गया। इसके साथ ही आरोपियों और उनके परिजनों द्वारा खरीदी गई चल और अचल संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में अवैध निवेश या आय से अधिक संपत्ति के संकेत मिलते हैं तो संबंधित एजेंसियां आगे की कार्रवाई कर सकती हैं।

कैश डिपॉजिट और ट्रांसफर पर विशेष नजर

बता दें जांच एजेंसियां बैंक खातों में हुए बड़े कैश डिपॉजिट, भारी निकासी, एक खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर और अन्य संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों का विश्लेषण कर रही हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं रकम को कई छोटे-छोटे ट्रांजैक्शन के जरिए छिपाने या उसकी लेयरिंग करने की कोशिश तो नहीं की गई। यदि ऐसे सबूत मिलते हैं तो जांच का दायरा और बढ़ सकता है।

कोषाध्यक्ष ने इस्तीफे की खबरों का किया खंडन

इस बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज ने अपने इस्तीफे की खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनके इस्तीफे की खबरें पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने न तो इस्तीफा दिया है और न ही ऐसा कोई विचार उनके मन में है। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटने वालों में नहीं हैं और पूरी निष्ठा के साथ अपना कार्य करते रहेंगे।

रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला सिर्फ एक आपराधिक जांच नहीं, बल्कि धार्मिक संस्थानों में पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बन चुका है। ऐसे में SIT की अंतिम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि कथित गड़बड़ी कैसे हुई, किन लोगों की भूमिका सामने आई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कौन-कौन से सुधार जरूरी हैं।

अब ऐसे यदि रिपोर्ट में बड़े प्रशासनिक और तकनीकी बदलावों की सिफारिश की जाती है, तो इससे न केवल राम मंदिर बल्कि देश के अन्य बड़े धार्मिक संस्थानों में भी दान प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकते हैं।

ये भी पढ़ें: Hormuz Strait Attack: भारतीय नाविक की मौत पर भारत का सख्त संदेश, ईरानी राजदूत को भेजा तलब

Author

  • Aparna Panwar

    अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।

Related Posts

लेटेस्ट ➤

Advertising Banner
305x250