Skip to main content Scroll Top
Kal Ka Mausam: होली पर बरसेंगे बादल? IMD का 6 राज्यों में अलर्ट, जानें दिल्ली समेत देशभर का हाल
Current image: Kal Ka Mausam

Kal Ka Mausam: होली के मौके पर देशभर में मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ सकता है। जिसमें एक तरफ जहां उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में गर्मी तेजी से बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। India Meteorological Department (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए ताजा मौसम अपडेट जारी किया है। इसके मुताबिक होली के आसपास कई राज्यों में तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है, जबकि छह राज्यों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर-पश्चिम भारत में बढ़ने लगी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी ने समय से पहले दस्तक दे दी है। दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को तपिश महसूस हो रही है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रह सकता है।

जानकारी के अनुसार, IMD का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं। इससे दोपहर के समय लू जैसे हालात बनने की आशंका है। होली के दिन कई इलाकों में तेज धूप के साथ गर्म मौसम बना रह सकता है।

4 दिन में एक्टिव होंगे 2 पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विभाग IMD के अनुसार, इस हफ्ते देश में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। पहला पश्चिमी विक्षोभ 4 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके बाद 6 मार्च के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। हालांकि इन दोनों सिस्टम को कमजोर बताया जा रहा है, लेकिन इनके असर से पहाड़ी राज्यों में मौसम बदल सकता है। पश्चिमी हवाएं भी उत्तर-पश्चिम भारत में असर डाल रही हैं, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

इन 6 राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

IMD के नई अपडेट के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बारिश की संभावना है।

  • जम्मू-कश्मीर में 4 से 8 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
  • हिमाचल प्रदेश में 7 और 8 मार्च को बारिश के साथ बर्फ गिरने की संभावना है।
  • उत्तराखंड में 8 मार्च को हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
  • असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 3 मार्च को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का अनुमान है।
    बता दें कि इन राज्यों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कोंकण-गोवा और गुजरात में उमस भरी गर्मी

IMD के अनुसार 4 और 5 मार्च को कोंकण और गोवा क्षेत्र में उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है। समुद्री नमी के कारण तापमान ज्यादा महसूस होगा। वहीं 4 से 6 मार्च के बीच गुजरात में भी गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। इससे लोगों को दिन के समय अधिक परेशानी हो सकती है।

दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा

राजधानी दिल्ली में फिलहाल अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। बता दें कि अगले 7 दिनों में अधिकतम तापमान भी धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। 3 से 8 मार्च के बीच दिल्ली में 15 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि, कल होली के दिन दिल्ली में बारिश की संभावना कम है, लेकिन तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। आने वाले दिनों में गर्मी और उमस दोनों बढ़ सकती हैं।

मध्य भारत में भी बढ़ेगा तापमान

मध्य भारत के राज्यों जैसे मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों में इन क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा। साथ ही, तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

क्यों बदल रहा है मौसम

एक्सपर्ट्स के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और पश्चिमी हवाओं का असर उत्तर भारत के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। एक ओर जहां पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है, वहीं मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। बता दें कि मार्च की शुरुआत में ही तापमान में बढ़ोतरी इस बात का संकेत है कि इस बार गर्मी जल्दी और ज्यादा तीव्र हो सकती है।

होली पर क्या बरतें सावधानी

  • दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें।
  • ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें।
  • बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें।
  • पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम खराब होने की स्थिति में यात्रा से पहले अपडेट जरूर लें।
  • बिजली गिरने की आशंका वाले इलाकों में खुले मैदान में खड़े न रहें।

यहां जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

IMD के अनुसार, होली के बाद भी उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में गर्मी का असर बढ़ सकता है। कई राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। वहीं, अगर यही रफ्तार रही तो मार्च के दूसरे हफ्ते से कई इलाकों में लू जैसे हालात बन सकते हैं। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीच-बीच में बारिश और बर्फबारी होती रह सकती है।

ये भी पढ़ें: 3 मार्च को चंद्रग्रहण का सही समय, सूतक काल और किन राज्यों में दिखेगा असर, जानें महत्वपूर्ण जानकारी

Related Posts

लेटेस्ट ➤

Advertising Banner
305x250