Skip to main content Scroll Top
श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराया,ऑस्ट्रेलिया का सफर लगभग खत्म
Current image: Sri Lanka vs Australia T20 WC Highlights

Sri Lanka vs Australia T20 WC Highlights: ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज सोमवार को ग्रुप बी का अहम मुकाबला सह-मेजबान श्रीलंका क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच खेला गया। बता दें कि इस मैच में श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं ऑस्ट्रेलिया की अगले दौर में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं।

जानकारी के लिए बता दें कि यह मुकाबला ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बेहद महत्वपूर्ण मैच था। जिसमें खास बात यह रही कि टूर्नामेंट का पहला शतक भी इसी मैच में देखने को मिला, जो श्रीलंका के स्टार बल्लेबाज पथुम निसांका ने लगाया। उन्होंने नाबाद शतकीय पारी खेलकर टीम को आसान जीत दिलाई।

श्रीलंका ने 182 रन का लक्ष्य आसानी से किया हासिल

ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 181 रन बनाए और श्रीलंका को 182 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ही ओवर में कुसल परेरा केवल 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद निसांका और कुसल मेंडिस ने पारी को संभाला। दोनों के बीच शानदार शतकीय साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह श्रीलंका की ओर मोड़ दिया। मेंडिस ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 51 रन बनाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

दूसरी ओर निसांका अंत तक टिके रहे और 52 गेंदों में नाबाद शतक जड़ दिया। अपनी पारी में उन्होंने चौकों-छक्कों की बारिश की और 18वें ओवर में ही टीम को जीत दिला दी। इस तरह श्रीलंका ने 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

ऑस्ट्रेलिया की तेज शुरुआत, लेकिन अंत में लड़खड़ाई पारी

बता दें कि पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद शानदार रही। वहीं, ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श के बीच पहले विकेट के लिए तेज शतकीय साझेदारी हुई।

हेड ने आक्रामक अंदाज में 56 रन बनाए, जबकि मार्श ने 54 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। हालांकि 9वें ओवर में पहला विकेट गिरने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम की रन गति धीमी पड़ गई। मध्यक्रम बड़ी पारी नहीं खेल सका और टीम 200 रन के पार जाने का मौका गंवा बैठी।
आखिरकार ऑस्ट्रेलिया 20 ओवर में 181 रन ही बना सकी, जो इस पिच पर चुनौतीपूर्ण जरूर था, लेकिन श्रीलंका की मजबूत बल्लेबाजी के सामने कम साबित हुआ।

प्लेइंग इलेवन

ऑस्ट्रेलिया में मिचेल मार्श, ट्रेविस हेड, कैमरन ग्रीन, टिम डेविड, जोश इंग्लिस, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, कूपर कॉनॉली, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, एडम जाम्पा।

श्रीलंका में पथुम निसांका, कुसल परेरा, कुसल मेंडिस, पवन रत्नायके, दासुन शनाका, कामिंदु मेंडिस, दुशान हेमंथा, डुनिथ वेललेज, दुष्मंथा चमीरा, महेश तीक्ष्णा, मथीशा पथिराना।

अंक तालिका में श्रीलंका टॉप पर

दरअसल, ग्रुप बी में अब तक खेले गए मैचों में श्रीलंका ने लगातार तीन बार जीत दर्ज की हैं और वह अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। इसी के साथ टीम ने सुपर-8 में क्वालिफाई भी कर लिया है। दूसरे स्थान पर जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम है, जिसने अपने शुरुआती दोनों मुकाबले जीते हैं और ऑस्ट्रेलिया को भी हराया है।

ऑस्ट्रेलिया तीन मैचों में सिर्फ एक जीत दर्ज कर पाया है और तीसरे स्थान पर है। चौथे और पांचवें स्थान पर आयरलैंड और ओमान की टीमें हैं, जिनकी स्थिति भी कमजोर बनी हुई है।

ऑस्ट्रेलिया की राह क्यों हुई मुश्किल

जानकारी के मुताबिक, ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया का अब सिर्फ एक मैच बाकी है। अगर वह मैच जीत भी जाता है, तब भी उसकी किस्मत दूसरे मैचों के नतीजों पर निर्भर रहेगी। वहीं, जिम्बाब्वे के पास अभी दो मुकाबले बाकी हैं। अगर वह इनमें से एक भी जीत जाता है तो उसके 6 अंक हो जाएंगे और बेहतर नेट रन रेट के कारण वह सुपर-8 में पहुंच जाएगा। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के लिए आगे का रास्ता लगभग बंद माना जा रहा है। साथ ही, कुछ हफ्ते पहले तक ऑस्ट्रेलिया को खिताब का प्रबल दावेदार समझा जा रहा था, लेकिन लगातार हार ने पूरे ग्रुप का समीकरण बदल दिया है।

निसांका बने जीत के हीरो

बता दें कि इस मैच के सबसे बड़े नायक पथुम निसांका रहे। उन्होंने दबाव की स्थिति में संयम और आक्रामकता दोनों का बेहतरीन मिश्रण दिखाया। उनका शतक न सिर्फ टीम को जीत दिलाने में काम आया, बल्कि टूर्नामेंट के लिए भी एक बड़ा संदेश है कि श्रीलंका इस बार खिताब की मजबूत दावेदार टीम बनकर उभरी है।

ये भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में फिर हो सकता है भारत-पाकिस्तान मुकाबला? जानें समीकरण

Related Posts

लेटेस्ट ➤

Advertising Banner
305x250