Skip to main content Scroll Top
Rohit Shetty: फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर फायरिंग,बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
Current image: रोहित शेट्टी के घर फायरिंग,लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

Rohit Shetty: बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है. सुपरहिट फिल्मों के लिए मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर शनिवार देर रात फायरिंग की घटना हुई है. इस वारदात ने न सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री बल्कि पूरे मुंबई शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. राहत की बात यह है कि इस गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. हालांकि, फायरिंग के समय रोहित शेट्टी घर पर मौजूद थे या नहीं, इस बारे में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है.

जुहू इलाके में सुबह-सुबह गोलियों की आवाज

जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार सुबह मुंबई के जुहू इलाके में हुई.अज्ञात हमलावरों ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर चार राउंड फायरिंग की, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए. गोली चलने की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया.

मौके से गोलियों के खाली खोल बरामद, सुरक्षा बढ़ाई गई

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से गोलियों के खाली खोल बरामद किए हैं. इसके अलावा, बिल्डिंग के एक बालकनी पैनल पर गोलियों के निशान भी पाए गए हैं, जिससे साफ है कि हमलावरों ने जानबूझकर डर फैलाने के इरादे से फायरिंग की. घटना के बाद रोहित शेट्टी के घर के बाहर सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है. फिलहाल, पूरे जुहू इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है.

अब तक सामने नहीं आया रोहित शेट्टी का बयान

इस सनसनीखेज घटना के बाद अभी तक रोहित शेट्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. उनके करीबी सूत्रों का कहना है, कि वे पुलिस के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं और सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर आगे की कार्रवाई करेंगे.

बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी

फायरिंग के कुछ ही समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया. यह पोस्ट बिश्नोई गैंग से जुड़े अकाउंट्स से शेयर की गई. पोस्ट में सीधे तौर पर रोहित शेट्टी और पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री को धमकी दी गई है. पोस्ट में लिखा गया:

“हमने उसे कई बार हमारे काम में दखल न देने के लिए मैसेज किया था, लेकिन वह नहीं समझा. यह सिर्फ एक छोटा ट्रेलर है. अगर वह नहीं माना, तो अगली गोलियां घर के बाहर नहीं, बल्कि उसके बेडरूम में उसके सीने में होंगी.”
इस पोस्ट में आगे बाबा सिद्दीकी की हत्या का हवाला देते हुए पूरी फिल्म इंडस्ट्री को “सुधर जाने” की धमकी दी गई है.

पुलिस और क्राइम ब्रांच ने संभाला मोर्चा

मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है.अधिकारियों के मुताबिक, इस केस की जांच के लिए 12 विशेष टीमों का गठन किया गया है. पुलिस ने पुणे से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिसकी पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई. उससे गहन पूछताछ की जा रही है,ताकि यह पता लगाया जा सके कि फायरिंग की साजिश में और कौन-कौन शामिल है.

बैलिस्टिक और फॉरेंसिक जांच जारी

घटनास्थल पर बैलिस्टिक और फॉरेंसिक टीमों ने भी जांच की है. बरामद गोलियों के खाली खोल की जांच, हथियार की पहचान और गोली चलाने की दिशा और दूरी. इन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि हमलावरों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके.

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

यह पहली बार नहीं है जब किसी बड़े फिल्मी सितारे के घर के बाहर इस तरह की फायरिंग हुई हो. इससे पहले भी बॉलीवुड से जुड़े कई लोग ऐसी घटनाओं का सामना कर चुके हैं. पिछले साल सितंबर में अभिनेत्री दिशा पाटनी और उनकी पूर्व मेजर बहन खुशबू पाटनी के बरेली स्थित घर पर भी फायरिंग की घटना सामने आई थी. इसके अलावा, 2024 में सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग और बाबा सिद्दीकी की हत्या ने पूरे देश को हिला कर रख दिया था.

फिल्म इंडस्ट्री में बढ़ती चिंता

रोहित शेट्टी जैसे बड़े फिल्ममेकर के घर के बाहर फायरिंग की घटना के बाद पूरी फिल्म इंडस्ट्री में चिंता का माहौल है. कई बड़े सितारों की सुरक्षा की समीक्षा शुरू कर दी गई है. सूत्रों के अनुसार हाई-प्रोफाइल सेलेब्स की सुरक्षा बढ़ाई जा सकती है, निजी सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती पर भी विचार हो रहा है. वहीं,पुलिस बॉलीवुड से जुड़े लोगों से संपर्क में है

“काम में दखल” के दावे की जांच

पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि बिश्नोई गैंग द्वारा किए गए “काम में दखल” के दावे का असली मतलब क्या है. क्या यह किसी फिल्म प्रोजेक्ट से जुड़ा मामला है? या फिर किसी और तरह का विवाद? इन सभी सवालों के जवाब तलाशने की कोशिश की जा रही है.

Related Posts

लेटेस्ट ➤

Advertising Banner
305x250