
भारत एक ऐसा देश है, जिसकी आज़ादी की कहानी बलिदान, संघर्ष और शहादत से भरी हुई है. आज़ादी की इस लंबी लड़ाई में अनगिनत वीर सपूतों ने अपना जीवन देश के लिए न्योछावर कर दिया. इन्हीं शहीदों की याद में देश में शहीद दिवस (Shaheed Diwas) मनाया जाता है.
हालाँकि ,बहुत कम लोग जानते हैं कि भारत में शहीद दिवस साल में एक नहीं, बल्कि तीन बार मनाया जाता है. हर शहीद दिवस का अपना अलग इतिहास, महत्व और संदेश है.
साल 2026 में भी देश 30 जनवरी को शहीद दिवस मना रहा है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि,शहीद दिवस साल में 3 बार क्यों मनाया जाता है? 30 जनवरी को शहीद दिवस मनाने की वजह क्या है? और 23 मार्च और 21 अक्टूबर का शहीद दिवस किस लिए जाना जाता है?
भारत में शहीद दिवस का महत्व
शहीद दिवस केवल एक तारीख नहीं है, बल्कि यह देश के लिए कुर्बानी देने वाले वीरों को याद करने का दिन है. यह दिन हमें याद दिलाता है कि आज़ादी हमें आसानी से नहीं मिली, बल्कि इसके पीछे लाखों लोगों का संघर्ष और बलिदान छिपा है.
शहीद दिवस का क्या है उद्देश्य?
शहीद दिवस मनाने का अहम उद्देश्य है की देश के शहीदों को श्रद्धांजलि देना, नई पीढ़ी को उनकी बलिदान की कहानी बताना और देशभक्ति और एकता की भावना को मजबूत करना.
भारत में साल में 3 बार क्यों मनाया जाता है शहीद दिवस?
भारत में शहीद दिवस तीन अलग-अलग तिथियों पर मनाया जाता है, क्योंकि तीनों दिन देश के इतिहास से जुड़े अलग-अलग महान बलिदानों की याद दिलाते हैं. भारत में शहीद दिवस मनाने की प्रमुख तिथियां हैं 30 जनवरी, 23 मार्च और 21 अक्टूबर. हालांकि,हर तारीख का अपना अलग महत्व और इतिहास है.
क्यों मनाया जाता है 30 जनवरी को शहीद दिवस ?
देश में हर साल 30 जनवरी को शहीद दिवस महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के रूप में मनाया जाता है. 30 जनवरी, 1948 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. यह भारत के इतिहास का सबसे दुखद दिन माना जाता है.
महात्मा गांधी का बलिदान
महात्मा गांधी ने देश को आज़ादी दिलाने के लिए अहिंसा और सत्य का रास्ता चुना. उन्होंने बिना हथियार उठाए अंग्रेज़ी शासन के खिलाफ आंदोलन किया और करोड़ों लोगों को एकजुट किया. उनकी हत्या सिर्फ एक व्यक्ति की मौत नहीं थी, बल्कि यह पूरे देश के लिए एक गहरा सदमा था. इसी कारण हर साल 30 जनवरी को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है.
Shaheed Diwas 2026
साल 2026 में 30 जनवरी को महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि मनाई जा रही है. इस दिन देशभर में दो मिनट का मौन रखा जाता है, सरकारी और निजी संस्थानों में श्रद्धांजलि सभाएं होती हैं और गांधीजी के विचारों को याद किया जाता है.
23 मार्च : क्रांतिकारियों की शहादत का दिन
भारत में दूसरा शहीद दिवस 23 मार्च को मनाया जाता है. यह दिन भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की शहादत को समर्पित है.
क्या हुआ था 23 मार्च 1931 को?
23 मार्च 1931 को अंग्रेज़ी हुकूमत ने तीनों क्रांतिकारियों को फांसी दे दी थी. इन वीरों ने देश की आज़ादी के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण त्याग दिए. 23 मार्च का शहीद दिवस युवाओं के लिए प्रेरणा का दिन है. यह दिन क्रांति, साहस और निडरता का प्रतीक है. यह हमे सिखाता है कि देश के लिए बलिदान सबसे बड़ा धर्म है.
21 अक्टूबर: पुलिस शहीदों को समर्पित दिन
भारत में तीसरा शहीद दिवस 21 अक्टूबर को मनाया जाता है, जिसे पुलिस शहीद दिवस कहा जाता है.
क्या हुआ था 21 अक्टूबर 1959 को ?
21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख में चीनी सेना के हमले में 10 भारतीय पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे. देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए दिए गए इस बलिदान को याद रखने के लिए 21 अक्टूबर को पुलिस शहीद दिवस मनाया जाता है. इस दिन शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी जाती है और सुरक्षा बलों के साहस को सलाम किया जाता है.
शहीद दिवस पर क्या किया जाता है?
शहीद दिवस के मौके पर देशभर में स्मारकों पर श्रद्धांजलि दी जाती है, स्कूलों और कॉलेजों में कार्यक्रम होते हैं. देशभक्ति से जुड़े गीत और भाषण होते हैं और शहीदों की कहानियां नई पीढ़ी को सुनाई जाती हैं.
शहीद दिवस सिर्फ याद करने का दिन नहीं
शहीद दिवस का मतलब सिर्फ फूल चढ़ाना या भाषण देना नहीं है, यह दिन हमें यह सोचने पर मजबूर करता है कि हम देश के लिए क्या कर सकते हैं? क्या हम शहीदों के सपनों का भारत बना पा रहे हैं? यह दिन हमे कर्तव्य, ईमानदारी और जिम्मेदारी का एहसास कराता है.
आज की पीढ़ी के लिए शहीद दिवस का क्या है संदेश ?
आज जब देश तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, शहीद दिवस हमें यह याद दिलाता है कि आज की आज़ादी कल की कुर्बानी का नतीजा है. अगर हम अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाएं, तभी शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी.






