
UP Political News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अंबेडकरनगर में आयोजित जनसभा में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। जिसमें उन्होंने सपा के पुराने शासनकाल को याद करते हुए कानून-व्यवस्था, भाई-भतीजावाद, युवाओं को रोजगार और कथित गुंडागर्दी जैसे मुद्दों पर विपक्षी पार्टी को घेरा। साथ ही सीएम योगी ने कहा कि सपा सरकार के समय प्रदेश में अराजकता का माहौल था और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जाता था।
अंबेडकरनगर में सीएम योगी ने सपा पर बोला हमला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंबेडकरनगर में जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला किया है। जिसमें उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने सपा के शासनकाल को देखा है और उस दौरान की स्थिति को आज भी याद करती है। जिसके बाद सीएम योगी ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय भाई-भतीजावाद और गुंडागर्दी का बोलबाला था। साथ ही उन्होंने कहा कि उस समय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर आते थे, लेकिन उन्हें योग्यता के आधार पर नौकरी नहीं मिलती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के अधिकारों पर राजनीतिक परिवारवाद हावी था।
मुख्यमंत्री ने सपा के तत्कालीन शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘चाचा-भतीजे की जोड़ी लूटने निकल जाती थी।’ उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के हक पर भाई-भतीजे के नाम पर डकैती डाली जाती थी।
‘योग्यता के आधार पर नहीं मिलती थीं नौकरियां’
सीएम योगी ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर जोर दिया है। उन्होंने सपा शासनकाल की भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस दौर में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश के युवाओं को उनकी योग्यता और मेहनत के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार और विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। साथ ही उन्होंने अपने संबोधन में परिवारवाद को लेकर भी सपा को घेरा। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी नौकरियों और दूसरे अवसरों में आम युवाओं की जगह राजनीतिक परिवारों और उनके करीबियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगता था।
कानून-व्यवस्था को लेकर भी सपा पर निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा सरकार के समय की कानून-व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान प्रदेश में अराजकता और गुंडागर्दी का माहौल था। जिसमें सहारनपुर, अलीगढ़, हापुड़, एटा, मथुरा और लखनऊ जैसे शहरों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय कई जगहों पर दंगों की घटनाएं होती थीं। जिससे इन घटनाओं का असर उत्तर प्रदेश की छवि पर भी पड़ा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को लेकर दूसरे राज्यों में रहने वाले लोगों के मन में डर और नकारात्मक धारणा बनी हुई थी। जिससे उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार आने के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। वहीं आज प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और कानून का राज स्थापित किया गया है।
‘सपा के झंडे वाली गाड़ी में गुंडा बैठा होता था’
अपने संबोधन के दौरान सीएम योगी ने सपा पर हमला बोलते हुए उस दौर की कथित राजनीतिक छवि का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आम लोगों के बीच यह धारणा बन गई थी कि जिस गाड़ी पर सपा का झंडा लगा होगा, उसमें कोई न कोई गुंडा बैठा होगा। साथ ही आरोप लगाया कि सपा नेताओं और उनके करीबियों की ओर से कथित तौर पर अवैध वसूली की जाती थी। उन्होंने कहा कि इससे आम जनता परेशान रहती थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अब किसी भी अपराधी को राजनीतिक संरक्षण नहीं दिया जाता।
जनपद अम्बेडकरनगर में ₹706 करोड़ से अधिक लागत की 194 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास हेतु आयोजित कार्यक्रम में… https://t.co/CRIrnHT8J3
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 7, 2026
सपा के सदन में हंगामे पर भी साधा निशाना
सीएम योगी ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश विधानसभा में सपा के विरोध और हंगामे का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के विकास के लिए 59 हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट लेकर आई थी, लेकिन सपा ने सदन में हंगामा कर जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा नहीं होने दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विपक्ष को जनता से जुड़े मुद्दे सदन में उठाने चाहिए और सरकार से सवाल पूछने चाहिए, लेकिन सदन की कार्यवाही बाधित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक परंपराओं और सदन के नियमों का सम्मान करती है। सरकार की ओर से लाया गया अनुपूरक बजट अलग-अलग वर्गों के कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था।
युवाओं, किसानों और महिलाओं के लिए योजनाओं का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अनुपूरक बजट में युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के हित से जुड़े कई प्रावधान किए गए हैं। जिसमें सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। साथ ही उन्होंने कहा कि BJP सरकार विकास के साथ सामाजिक न्याय और जनकल्याण को भी प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, बजट में विभिन्न सामाजिक वर्गों और महापुरुषों के सम्मान से जुड़े कार्यों के लिए भी प्रावधान किए गए हैं।
महापुरुषों के स्मारकों के लिए भी बजट का जिक्र
सीएम योगी ने कहा कि अनुपूरक बजट में सामाजिक न्याय के महापुरुषों के सम्मान के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसमें महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास, डॉ. भीमराव आंबेडकर और छत्रपति शाहूजी महाराज से जुड़े स्मारकों और मूर्तियों के आसपास छतरी तथा बाउंड्री वॉल के निर्माण का प्रावधान शामिल है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा को गरीबों और आम जनता के विकास से जुड़े मुद्दों में रुचि नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष को जनता की समस्याओं की चिंता होती तो वह सदन में चर्चा में हिस्सा लेता।
विकास बनाम हंगामे की राजनीति का संदेश
अंबेडकरनगर की जनसभा में सीएम योगी ने अपने भाषण के जरिए सपा की पुरानी सरकार और भाजपा सरकार के कामकाज की तुलना करने की कोशिश की। जिसमें उन्होंने कानून-व्यवस्था, रोजगार, विकास और जनकल्याण के मुद्दों को अपने भाषण का प्रमुख हिस्सा बनाया। साथ ही भाजपा सरकार का फोकस प्रदेश को विकास की दिशा में आगे ले जाने पर है। वहीं उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय सदन में हंगामा कर रहा है।
योगी आदित्यनाथ के इस बयान को उत्तर प्रदेश की राजनीति में सपा और भाजपा के बीच जारी जुबानी जंग से जोड़कर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने जहां सपा के पुराने शासनकाल को निशाने पर लिया, वहीं अपनी सरकार की उपलब्धियों और विकास योजनाओं को जनता के सामने रखा।
Author
-
अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।






