
Kanwar Yatra 2026: सावन के पवित्र महीने में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को इस बार उत्तर प्रदेश सरकार और भी भव्य बनाने की तैयारी में है। बता दें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर 9 और 10 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सात जिलों में कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। जिसमें सरकार का कहना है कि यह आयोजन भगवान शिव के भक्तों के सम्मान और उनकी आस्था को सम्मान देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
जानकारी के लिए बता दें की सरकार ने इस खास अभियान के लिए विस्तृत कार्यक्रम तैयार कर लिया है। जिसमें दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में हेलीकॉप्टर करीब 10 घंटे तक उड़ान भरेगा और तय समय के अनुसार अलग-अलग जिलों में शिवभक्तों पर फूल बरसाए जाएंगे। प्रशासन को भी सुरक्षा, यातायात और आयोजन की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के आदेश दिए गए हैं।
सात जिलों में होगा शिवभक्तों का स्वागत
सरकार की योजना के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सात प्रमुख जिलों को इस विशेष कार्यक्रम में शामिल किया गया है। इनमें बागपत, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़ और बुलंदशहर शामिल हैं। इन जिलों से हर साल बड़ी संख्या में कांवड़िए गुजरते हैं। इसी वजह से इन्हें इस अभियान के लिए चुना गया है।
बता दें हेलीकॉप्टर तय समय पर इन जिलों के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पहुंचेगा और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा करेगा। प्रशासन ने स्थानीय अधिकारियों को कार्यक्रम के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
9 अगस्त को चार जिलों में होगी पुष्पवर्षा
कार्यक्रम के अनुसार पहले दिन यानी 9 अगस्त को हेलीकॉप्टर सुबह लखनऊ से रवाना होगा। जिसमें सबसे पहले यह बागपत पहुंचेगा, जहां सुबह 10:30 बजे से 11:15 बजे तक कांवड़ियों का फूलों से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद हेलीकॉप्टर सहारनपुर जाएगा। यहां सुबह 11:45 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे से 2:15 बजे तक मुजफ्फरनगर में शिवभक्तों पर फूल बरसाए जाएंगे। ऐसे में पहले दिन का अंतिम कार्यक्रम मेरठ में होगा। यहां शाम 3:45 बजे से 4:30 बजे तक हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। पहले दिन हेलीकॉप्टर की कुल उड़ान अवधि लगभग 6 घंटे 10 मिनट तय की गई है।
10 अगस्त को तीन जिलों में चलेगा अभियान
दूसरे दिन यानी 10 अगस्त को हेलीकॉप्टर मेरठ से उड़ान भरकर सबसे पहले गाजियाबाद पहुंचेगा। यहां सुबह 8:30 बजे से 9:15 बजे तक कांवड़ियों का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद हेलीकॉप्टर हापुड़ जाएगा, जहां सुबह 9:45 बजे से 10:30 बजे तक पुष्पवर्षा होगी। इसके बाद अंतिम कार्यक्रम बुलंदशहर में रखा गया है। यहां सुबह 11:15 बजे से दोपहर 12 बजे तक शिवभक्तों पर फूल बरसाए जाएंगे। ऐसे में सभी कार्यक्रम पूरे होने के बाद हेलीकॉप्टर दोपहर 12:30 बजे बुलंदशहर से लखनऊ के लिए रवाना होगा। दूसरे दिन कुल उड़ान अवधि लगभग 3 घंटे 45 मिनट रहेगी।
करीब 10 घंटे तक चलेगा पूरा अभियान
दरअसल दो दिनों के इस खास कार्यक्रम में हेलीकॉप्टर कुल 9 घंटे 55 मिनट तक उड़ान भरेगा। इस दौरान सातों जिलों में निर्धारित समय के अनुसार पुष्पवर्षा की जाएगी। प्रशासन ने उड़ान के समय, मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था का पूरा खाका पहले ही तैयार कर लिया है ताकि कार्यक्रम बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
सुरक्षा और यातायात पर रहेगा विशेष ध्यान
कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु सड़क मार्ग से यात्रा करते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार पूरी तरह सतर्क है। पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, फायर सर्विस और आपदा राहत टीमों को पहले से ही अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
कांवड़ मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए भीड़ पर नजर रखी जाएगी। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
श्रद्धालुओं के लिए होंगी विशेष सुविधाएं
सरकार ने कांवड़ियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पेयजल, चिकित्सा शिविर, मोबाइल एम्बुलेंस, शौचालय, विश्राम स्थल और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। बिजली, जलापूर्ति और सफाई व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। जिसमें कई स्थानों पर स्वयंसेवी संस्थाएं और सामाजिक संगठन भी कांवड़ियों की सेवा में जुटेंगे। प्रशासन इन संस्थाओं के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास करेगा।
आस्था और सम्मान का प्रतीक बनेगा आयोजन
उत्तर प्रदेश सरकार का मानना है कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का पर्व है। हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा का उद्देश्य श्रद्धालुओं का सम्मान करना और उन्हें विशेष अनुभव देना है। पिछले वर्षों में भी कई स्थानों पर इस तरह के आयोजन हुए थे, जिन्हें श्रद्धालुओं ने काफी सराहा था। इस बार सरकार ने पूरे कार्यक्रम को पहले से तय समय-सारणी के साथ आयोजित करने की योजना बनाई है ताकि सभी जिलों में बिना किसी देरी के कार्यक्रम पूरे किए जा सकें।
प्रशासन ने जारी की अपील
प्रशासन ने कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, प्रशासन के निर्देशों का सम्मान करें और यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें। अधिकारियों का कहना है कि सभी विभाग मिलकर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। जिसमें दो दिनों तक चलने वाला यह विशेष पुष्पवर्षा अभियान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सात जिलों में कांवड़ यात्रा को यादगार बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से शिवभक्तों का उत्साह और श्रद्धा दोनों बढ़ेंगे, वहीं कांवड़ यात्रा का आयोजन भी अधिक भव्य और व्यवस्थित रूप में संपन्न होगा।
ये भी पढ़ें: Gujarat Election Result: मांजलपुर में BJP की बड़ी जीत, सतेंद्रभाई पटेल ने कांग्रेस को 30,630 वोटों से दी मात
Author
-
अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।






