
Twisha Sharma Death Case: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा मोड़ सामने आया है। आरोपी पति समर्थ सिंह को जबलपुर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बता दें की समर्थ सिंह कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे थे, जहां पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। वहीं दूसरी तरफ मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने ट्विशा शर्मा के शव के दूसरे पोस्टमार्टम की मंजूरी भी दे दी है। जिसमें परिवार का आरोप है कि ट्विशा को दहेज और मानसिक प्रताड़ना दी जाती थी, जबकि आरोपी पक्ष इन आरोपों से इनकार कर रहा है।
ऐसे में अब इस मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है और सभी की नजर आने वाली पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी है।
हाईकोर्ट ने दूसरे पोस्टमार्टम की दी अनुमति
इसी बीच मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में ट्विशा शर्मा के शव के दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग पर सुनवाई हुई है। बताया जा रहा है की ट्विशा के परिवार ने अदालत में दावा किया है कि पहले पोस्टमार्टम में कई अहम तथ्यों को नजरअंदाज किया गया है। जिसमें परिवार का कहना था कि मौत के पीछे की सच्चाई सामने लाने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए दूसरा पोस्टमार्टम जरूरी है। वहीं आरोपी पक्ष के वकीलों ने इस मांग का विरोध किया। उनका कहना था कि AIIMS के डॉक्टरों द्वारा किया गया पहला पोस्टमार्टम पूरी तरह निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से किया गया था। इसलिए दोबारा पोस्टमार्टम की कोई आवश्यकता नहीं है।
बता दें की सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल Tushar Mehta ने भी अदालत में अपनी दलील पेश की है। जिसमें उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की निष्पक्षता पर सवाल उठाना उचित नहीं होगा, लेकिन यदि पीड़ित परिवार को किसी प्रकार का संदेह है तो दूसरी राय लेने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। इसके बाद हाईकोर्ट ने ट्विशा शर्मा के शव के दूसरे पोस्टमार्टम को मंजूरी दे दी।
12 मई को हुई थी संदिग्ध मौत
जानकारी के अनुसार, 12 मई को ट्विशा शर्मा की मौत भोपाल स्थित उनके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या बताया गया था, लेकिन मृतका के परिवार ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। वहीं, परिवार ने आरोप लगाया कि ट्विशा को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। साथ ही मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न भी किया जाता था। परिवार का कहना है कि ट्विशा कई बार परेशानियों की जानकारी अपने करीबियों को दे चुकी थी। अब ऐसे में इन आरोपों के बाद पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसके बाद से ही पुलिस लगातार समर्थ सिंह की तलाश में जुटी हुई थी।
घटना के बाद से फरार था समर्थ सिंह
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद समर्थ सिंह लगातार फरार चल रहे थे। कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई है, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगे। इसके बाद उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था। जिसमें आज शुक्रवार को समर्थ सिंह अचानक जबलपुर जिला कोर्ट पहुंचे और सरेंडर की कोशिश की। हालांकि कोर्ट परिसर में मौजूद पुलिस टीम ने तुरंत उन्हें हिरासत में ले लिया। अब पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े कई सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।
ट्विशा के परिवार ने की सीबीआई जांच की मांग
ट्विशा शर्मा का परिवार शुरू से ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। परिवार का कहना है कि मामले में कई ऐसे तथ्य हैं जो सामान्य आत्महत्या के मामले से मेल नहीं खाते। इसी वजह से उन्होंने सीबीआई जांच की मांग भी उठाई है।
परिवार के अनुसार, अगर निष्पक्ष एजेंसी से जांच कराई जाती है तो कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं। सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोग ट्विशा को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।
सास गिरिबाला सिंह ने लगाए उल्टे आरोप
दरअसल दूसरी ओर ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह लगातार परिवार के आरोपों को खारिज कर रही हैं। जिसमें उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि ट्विशा का व्यवहार सामान्य नहीं था और वह घर पर ध्यान नहीं देती थी। वहीं, गिरिबाला सिंह ने यह भी दावा किया कि ट्विशा ड्रग्स लेती थी। हालांकि अब तक सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस तरह की किसी बात की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि ट्विशा शायद कभी मां नहीं बनना चाहती थी। उनके इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई है। कई लोग इसे पीड़िता की छवि खराब करने की कोशिश बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की बात कह रहे हैं।
अब आगे क्या?
समर्थ सिंह के हिरासत में आने के बाद अब पुलिस जांच में तेजी आने की उम्मीद है। दूसरी तरफ हाईकोर्ट द्वारा दूसरे पोस्टमार्टम की मंजूरी मिलने से मामले में नए खुलासे भी हो सकते हैं।
अब सभी की नजर पुलिस जांच, दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अदालत की अगली सुनवाई पर टिकी हुई है। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच एजेंसियों को क्या नए सबूत मिलते हैं और क्या ट्विशा शर्मा मौत मामले की गुत्थी पूरी तरह सुलझ पाएगी।






