Skip to main content Scroll Top
सलमान खान के पिता Salim Khan अस्पताल में भर्ती,अरबाज खान पहुंचे अस्पताल, 11 बजे जारी होगा हेल्थ बुलेटिन
Current image: Salim Khan Health Update

Salim Khan: मुंबई से एक चिंताजनक खबर सामने आई है. बॉलीवुड के दिग्गज स्क्रिप्ट राइटर और सलमान खान के पिता सलीम खान को मंगलवार सुबह तबीयत बिगड़ने के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया है. परिवार की अनुमति के बाद आज सुबह 11 बजे मेडिकल बुलेटिन जारी किया जाएगा, जिसमें उनकी मौजूदा हालत और आगे के इलाज की जानकारी दी जाएगी. कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलीम खान को घबराहट और हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था. जांच के दौरान दिमाग में खून का थक्का (क्लॉट) जमने और ब्लीडिंग की बात सामने आई है. डॉक्टरों की सलाह पर आज उनका ऑपरेशन किए जाने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने फिलहाल उनकी भर्ती की वजहों पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है.

सुबह 8:30 बजे इमरजेंसी में लाया गया, डॉक्टरों की स्पेशल टीम तैनात

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सलीम खान को मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे इमरजेंसी में लाया गया था. उनकी हालत को देखते हुए तुरंत एक मल्टी-डिसिप्लिनरी मेडिकल टीम बनाई गई. इस टीम में न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनय चव्हाण,कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अजीत मेनन, न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे, और डॉ. बिनीत अहलूवालिया शामिल हैं. इसके अलावा वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जलील पारकर की निगरानी में इलाज चल रहा है. डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है.

अरबाज खान और अतुल अग्निहोत्री अस्पताल पहुंचे, परिवार चिंतित

बुधवार सुबह सबसे पहले अरबाज खान लीलावती अस्पताल पहुंचे.कुछ ही देर बाद परिवार के करीबी और सलीम खान के दामाद अतुल अग्निहोत्री भी अस्पताल पहुंचे.इलाज की देखरेख कर रहे डॉ. जलील पारकर भी सुबह अस्पताल पहुंचे. परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद हैं. सलमान खान की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन परिवार सूत्रों के अनुसार सभी लोग डॉक्टरों से लगातार अपडेट ले रहे हैं.
अस्पताल के बाहर मौजूद फैंस और मीडिया कर्मियों में भी चिंता का माहौल है. सोशल मीडिया पर सलमान खान के प्रशंसक सलीम खान के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं.

क्या होती है ब्रेन ब्लीडिंग और क्लॉट?

डॉक्टरों के अनुसार, ब्रेन ब्लीडिंग यानी दिमाग में खून का रिसाव होना एक गंभीर स्थिति होती है. वहीं ब्लड क्लॉट का मतलब खून का थक्का जम जाना है, जिससे दिमाग तक खून की सप्लाई बाधित हो सकती है. उम्र बढ़ने के साथ हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज़ और नसों की कमजोरी जैसी समस्याओं के कारण ऐसे जोखिम बढ़ जाते हैं. समय पर इलाज और सर्जरी से कई मामलों में स्थिति संभाली जा सकती है.फिलहाल डॉक्टर सलीम खान की हालत को स्थिर रखने की कोशिश कर रहे हैं.

90 साल की उम्र में भी सक्रिय रहे हैं सलीम खान

सलीम खान की उम्र 90 साल है. उनका जन्म 24 नवंबर 1935 को हुआ था. बढ़ती उम्र के बावजूद वे लंबे समय तक सार्वजनिक कार्यक्रमों और परिवारिक मौकों पर नजर आते रहे हैं. इससे पहले भी उनकी तबीयत को लेकर कभी-कभार खबरें आती रही हैं, लेकिन इस बार मामला गंभीर बताया जा रहा है.

एक्टिंग से राइटिंग तक का सफर, सलीम खान की प्रेरक कहानी

सलीम खान ने अपने करियर की शुरुआत 1960 के दशक में फिल्म ‘बारात’ से की थी. शुरुआती दौर में उन्होंने एक्टिंग की और लगभग दो दर्जन फिल्मों में छोटे-बड़े किरदार निभाए.हालांकि, उन्हें बड़े और मजबूत रोल कम मिले.धीरे-धीरे उन्हें एहसास हुआ कि उनकी असली ताकत कहानी और डायलॉग लिखने में है. इसके बाद उन्होंने एक्टिंग छोड़कर लेखन को अपना रास्ता बनाया.आगे चलकर वे जावेद अख्तर के साथ मिलकर हिंदी सिनेमा की सबसे मशहूर लेखक जोड़ियों में से एक बने ‘सलीम-जावेद’. इस जोड़ी ने ‘शोले’, ‘दीवार’, ‘जंजीर’, ‘डॉन’ जैसी ऐतिहासिक फिल्में दीं, जिन्होंने बॉलीवुड का चेहरा बदल दिया.उनकी लिखी कहानियों और दमदार संवादों ने 70-80 के दशक की सिनेमा भाषा को नई पहचान दी.

इंडस्ट्री से दुआएं, सोशल मीडिया पर प्रार्थनाओं का सिलसिला

जैसे ही सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आई, फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की. सोशल मीडिया पर फैंस #SalimKhan और #GetWellSoon जैसे हैशटैग के साथ दुआएं भेज रहे हैं. कई यूजर्स ने उनकी फिल्मों और योगदान को याद करते हुए भावुक पोस्ट शेयर किए.

11 बजे मेडिकल बुलेटिन से मिलेगी ताजा जानकारी

अस्पताल और परिवार की ओर से बताया गया है कि आज सुबह 11 बजे मेडिकल बुलेटिन जारी किया जाएगा.इसी बुलेटिन में सलीम खान की मौजूदा हालत, ऑपरेशन की स्थिति और आगे के इलाज को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.तब तक परिवार और प्रशंसक सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद कर रहे हैं.

परिवार के लिए भावनात्मक रूप से कठिन समय

सलीम खान सिर्फ एक दिग्गज लेखक ही नहीं, बल्कि अपने परिवार की मजबूत नींव भी माने जाते हैं. सलमान खान, अरबाज खान और सोहेल खान के करियर के शुरुआती दौर में सलीम खान का मार्गदर्शन बेहद अहम रहा है. ऐसे में उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर परिवार के लिए भावनात्मक रूप से काफी कठिन समय लेकर आई है. सूत्रों के अनुसार, पूरा खान परिवार अस्पताल में मौजूद है और डॉक्टरों से हर छोटी-बड़ी जानकारी ले रहा है.

Related Posts

लेटेस्ट ➤

Advertising Banner
305x250