
kal ka Mausam: देशभर में मौसम ने एक बार फिर से करवट लेने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के वजह से उत्तर भारत से लेकर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों तक मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। बता दें कि मौसम विभाग IMD ने कल 6 फरवरी को कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी, तेज हवाओं और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 5 से 6 फरवरी और फिर 9 से 11 फरवरी के बीच झमाझम बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। इसके असर से उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अगले 2-3 दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे ठंड का असर और बढ़ेगा।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-NCR में सुबह और शाम कड़ाके की ठंड जारी है, जबकि दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिल रही है। मौसम विभाग IMD के मुताबिक, 6 फरवरी को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिन के समय हवा की रफ्तार 15 से 25 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। सुबह के समय हल्का कोहरा परेशान कर सकता है। वहीं 7 और 8 फरवरी को भी आंशिक बादल बने रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश का हाल
उत्तर प्रदेश में मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। जिसमें पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 6 फरवरी को राज्य के कई जिलों में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। इससे दृश्यता बेहद कम हो सकती है। पश्चिमी यूपी और आसपास के इलाकों में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
बिहार में कोहरे का अलर्ट
IMD ने बिहार के लिए 6 फरवरी को घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। जिसमें सुबह और रात के समय कोहरे के कारण सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है। साथ ही ट्रेन सेवाओं में देरी की आशंका जताई गई है। हालांकि आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा सकती है।
हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी
पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। 7 फरवरी की सुबह और रात के समय घना कोहरा छा सकता है। तेज हवाओं के कारण ठंड का प्रकोप और बढ़ेगा, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा।
उत्तराखंड का मौसम
मौसम विभाग IMD ने पहले 5 फरवरी को उत्तराखंड में पाला पड़ने का अलर्ट जारी किया था। हालांकि अगले चार दिनों तक मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। लेकिन 9 फरवरी से एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। 9 से 11 फरवरी के बीच राज्य के कई इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।
राजस्थान में ठंड बरकरार
राजस्थान के कई जिलों में ठंड का असर बना हुआ है। सीकर जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान में सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी है। आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चलती रहेंगी।
जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी की संभावना
दो पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने के कारण जम्मू-कश्मीर में 6 फरवरी को बारिश और बर्फबारी की प्रबल संभावना है। इसके अलावा 9 से 11 फरवरी के बीच एक और विक्षोभ के असर से झमाझम बारिश और भारी बर्फबारी हो सकती है। इससे सड़क यातायात और पर्वतीय मार्गों पर असर पड़ने की आशंका है।
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग IMD ने लोगों को कोहरे और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर वाहन चलाते समय गति सीमित रखने, पहाड़ी इलाकों में यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेने और ठंड से बचाव के उपाय करने को कहा गया है। आने वाले दिनों में मौसम के इस बदले मिजाज से जनजीवन पर असर पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें: Ramadan 2026: गुनाहों से तौबा और नेकियों का दौर, जानें भारत में कब से शुरू होंगे रोजे






