
Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मौसम ने ले ली है करवट। पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी। आइए जानते हैं यहां पूरी खबर
Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। जिसमें पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक ठंड के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। साथ ही, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। जिस वजह से मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में ठंड, कोहरा और बदलते मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है।
जानकारी के लिए बता दें कि पिछले 24 घंटों में उत्तर भारत के कई राज्यों में न्यूनतम तापमान काफी नीचे चला गया है। जिसमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 1 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में यह 4 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। राजस्थान के अन्य भागों, उत्तरी मध्य प्रदेश और मेघालय में भी इसी तरह का मौसम रहा। पश्चिमी हिमालय के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है।वहीं, कुछ राज्यों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है। जिसमें जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, राजस्थान, उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के गंगा वाले क्षेत्र, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, रायलसीमा और कर्नाटक में तापमान 1 से 3 डिग्री तक बढ़ा है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
बता दें कि, मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसी दिन पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश में 27 और 28 जनवरी को कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 28 जनवरी को छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भी मौसम खराब रह सकता है। 27 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। वहीं 28 जनवरी को बिहार में गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में आज से ही, हल्की मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा, 30 जनवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली में 28 जनवरी को आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं, सुबह से दोपहर के बीच गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दोपहर के बाद और रात में भी हल्की बारिश के एक-दो दौर संभव हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदला रहेगा। वहीं, पश्चिमी यूपी में 28 जनवरी को गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं। जिसमें पूर्वी यूपी में 28 जनवरी को बारिश के आसार हैं। वहीं, इसके साथ ही 28, 29 और 30 जनवरी को कई जगह सुबह और रात में घना कोहरा छा सकता है।
बिहार का मौसम
दरअसल, बिहार में 28 जनवरी को कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं,इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही, 29 से 31 जनवरी के बीच राज्य के कई हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग IMD के अनुसार, पटना में 30 जनवरी तक कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिससे सड़क, रेल और हवाई सेवाएं परेशान हो सकते हैं।
राजस्थान में मौसम
राजस्थान में आज से कई जगह गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तेज झोंकेदार हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका है। 28 से 30 जनवरी के बीच सुबह और रात में घना कोहरा छा सकता है।
हिमाचल प्रदेश का हाल
हिमाचल प्रदेश में 28 जनवरी को बारिश और बर्फबारी की संभावना है। कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। आने वाले दिनों में तापमान में पहले हल्की बढ़ोतरी और फिर गिरावट देखने को मिल सकती है। 29 से 31 जनवरी के बीच कुछ स्थानों पर शीत लहर और कोहरे की स्थिति बन सकती है।
तापमान का अनुमान
आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में पहले 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी और फिर गिरावट हो सकती है। मध्य भारत और महाराष्ट्र में भी तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव रहेगा। गुजरात में अगले कुछ दिनों में तापमान पहले बढ़ेगा और फिर घटेगा।






