
Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 130वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया. यह साल 2026 की पहली मन की बात थी, जिसमें प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दीं, गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर संविधान निर्माताओं को नमन किया और युवाओं को खासकर स्टार्ट-अप इकोसिस्टम से जुड़े नए आइडिया पर काम करने वाले को प्रेरक संदेश दिया.
गणतंत्र दिवस और संविधान को किया नमन
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत 26 जनवरी के ऐतिहासिक महत्व से की.उन्होंने कहा कि यह दिन हमें हमारे संविधान के निर्माणकर्ताओं को श्रद्धांजलि देने का अवसर देता है.
पीएम मोदी ने कहा, “यह साल 2026 की पहली ‘मन की बात’ है.कल, 26 जनवरी को हम अपना गणतंत्र दिवस मनाएंगे.हमारा संविधान इसी दिन लागू हुआ था. 26 जनवरी हमें हमारे संविधान बनाने वालों को श्रद्धांजलि देने का मौका देता है.”
उन्होंने संविधान की मूल भावना जैसे लोकतंत्र, समानता, न्याय और बंधुत्व को आज के भारत की प्रगति का आधार बताया.
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर दिया विशेष संदेश
कार्यक्रम में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने मतदाता जागरूकता को लोकतंत्र की मजबूती से जोड़ा.उन्होंने युवाओं से अपील कर कहा कि पहली बार वोटर बनने पर समाज सामूहिक रूप से उनका स्वागत करे.
पीएम मोदी ने कहा, “जैसे हम जन्मदिन मनाते हैं और विश करते हैं, वैसे ही जब भी कोई नौजवान पहली बार वोटर बने, तो पूरे मोहल्ले, गांव या शहर को एक साथ आकर उन्हें बधाई देनी चाहिए और मिठाई बांटनी चाहिए.इससे वोटिंग के बारे में अवेयरनेस बढ़ेगी और यह एहसास और मजबूत होगा कि वोटर होना कितना जरूरी है.”
उन्होंने कहा कि मतदान सिर्फ अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है और लोकतंत्र तभी सशक्त होता है, जब हर नागरिक इसमें सक्रिय भागीदारी निभाता है.
लोकतंत्र से लेकर नवाचार तक:युवाओं की भूमिका
प्रधानमंत्री ने युवाओं को राष्ट्रनिर्माण की मुख्य शक्ति,बताया.उन्होंने कहा कि आज का भारत युवाओं के आत्मविश्वास, उनकी ऊर्जा और उनकी सोच से आगे बढ़ रहा है.
उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि जागरूक नागरिक ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान हैं.
स्टार्ट-अप इंडिया को पीएम मोदी का सलाम
मन की बात के इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने भारतीय स्टार्ट-अप इकोसिस्टम की खुलकर सराहना की.उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया के मुख्य नवाचार केंद्रों में शामिल हो चुका है.
पीएम मोदी ने कहा, “एआई, स्पेस, न्यूक्लियर एनर्जी, सेमीकंडक्टर, मोबिलिटी, ग्रीन हाइड्रोजन, बायोटेक्नोलॉजी,आप नाम लीजिए और आपको उस सेक्टर में कोई न कोई इंडियन स्टार्ट-अप काम करता हुआ जरूर मिल जाएगा.”
उन्होंने स्टार्ट-अप से जुड़े युवाओं को सलाम करते हुए कहा कि जो युवा अपना स्टार्ट-अप शुरू करना चाहते हैं, वे भी देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव रख रहे हैं.
‘टॉप क्वालिटी’ बने भारतीय उत्पाद की पहचान
प्रधानमंत्री ने नवाचार के साथ-साथ क्वालिटी को भारत का नया बेंचमार्क बनाने का आह्वान किया.
उन्होंने कहा, “आइए हम जो कुछ भी बनाते हैं उसकी क्वालिटी को बेहतर बनाने का संकल्प लें. चाहे वह टेक्सटाइल हो, टेक्नोलॉजी हो, इलेक्ट्रॉनिक्स हो या पैकेजिंग. इंडियन प्रोडक्ट का मतलब ‘टॉप क्वालिटी’ होना चाहिए.आइए हम एक्सीलेंस को अपना बेंचमार्क बनाएं.”
पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक मंच पर भारत की साख तभी और मजबूत होगी, जब ‘मेड इन इंडिया’ गुणवत्ता और भरोसे का पर्याय बनेगा.
नवाचार, आत्मनिर्भरता और विकसित भारत का संकल्प
प्रधानमंत्री ने कहा कि एआई, स्पेस टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में भारतीय युवाओं की भागीदारी आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को गति दे रही है.
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि नवाचार केवल तकनीक तक सीमित नहीं, बल्कि सोच और काम करने के तरीके में भी होना चाहिए.
लोकतंत्र + नवाचार = विकसित भारत
मन की बात के 130वें एपिसोड में पीएम मोदी का संदेश स्पष्ट रहा लोकतांत्रिक भागीदारी और नवाचार मिलकर ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाएंगे.
एक ओर मतदाता जागरूकता और पहली बार वोट देने वाले युवाओं का सम्मान, तो दूसरी ओर स्टार्ट-अप्स और क्वालिटी-ड्रिवन प्रोडक्ट्स ये दोनों मिलकर भारत की प्रगति की कहानी लिख रहे हैं.






