
Connaught Place News: दिल्ली में आज जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन का असर अब राजधानी के प्रमुख कारोबारी इलाके कनॉट प्लेस (CP) पर भी दिखाई देने लगा है। बताया जा रहा है की सुरक्षा व्यवस्था और संभावित अव्यवस्था को देखते हुए न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने कनॉट प्लेस के सभी दुकानदारों, कार्यालयों, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से 23 जुलाई 2026 को शाम 6:30 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद करने की अपील की है।
जानकारी के लिए बता दें एसोसिएशन का कहना है कि यह फैसला एहतियात के तौर पर लिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
NDTA ने जारी की अपील
एनडीटीए की ओर से जारी अपील में कहा गया कि नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष द्वारा फोन पर दिए गए आदेश के अनुसार कनॉट प्लेस क्षेत्र की मौजूदा स्थिति को गंभीर माना गया है। इसी वजह से सभी दुकानों, दफ्तरों, रेस्तरां और अन्य प्रतिष्ठानों को शाम 6:30 बजे तक बंद करने की सख्त सलाह दी गई है।
एसोसिएशन ने व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग दें।
NDMC चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की सलाह पर NDTA ने CP में आज शाम 6:30 बजे ऑफिस और रेस्टोरेंट बंद करने की अपील की.@sandhyatimes4u @nbtdilli pic.twitter.com/8odF2N6upy
— सूरज सिंह/Suraj Singh 🇮🇳 (@SurajSolanki) July 23, 2026
सुरक्षा को देखते हुए लिया गया बड़ा फैसला
दरअसल एनडीटीए का कहना है कि जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के कारण आसपास के इलाकों में भी भीड़ बढ़ सकती है। ऐसे में किसी भी तरह की अफरा-तफरी, यातायात बाधित होने या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है।
अपील में कहा गया है कि समय रहते प्रतिष्ठान बंद करने से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और जन-धन के नुकसान जैसी घटनाओं से बचा जा सकेगा।
जंतर-मंतर पर जारी है छात्रों का प्रदर्शन
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले कई दिनों से छात्र संगठन कई मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं बड़ी संख्या में छात्र और युवा राजधानी में जुटे हुए हैं। आंदोलन के कारण कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रदर्शन के चलते राजधानी के कई हिस्सों में यातायात भी प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
सोनम वांगचुक ने दिए अनशन खत्म करने के संकेत
बताया जा रहा है, इसी बीच पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षा सुधार के मुद्दों पर सक्रिय सोनम वांगचुक ने अपने 25 दिनों से जारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को समाप्त करने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा है कि यदि केंद्र सरकार यह स्पष्ट भरोसा देती है कि आंदोलन में शामिल छात्रों और युवाओं के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई या प्रतिशोधात्मक कदम नहीं उठाया जाएगा, तो वे अपना अनशन समाप्त करने के लिए तैयार हैं।
वांगचुक का कहना है कि आंदोलन में शामिल युवाओं की सुरक्षा और भविष्य सबसे महत्वपूर्ण है। इसी कारण उन्होंने अपनी शर्तों में इस मुद्दे को प्राथमिकता दी है।
छात्रों की मांगों में आया बदलाव
आंदोलन की शुरुआत में छात्र संगठनों की प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से जुड़ी हुई थी। हालांकि अब आंदोलन की दिशा कुछ बदली हुई दिखाई दे रही है। घटनाक्रम में छात्रों और आंदोलन का समर्थन कर रहे लोगों का मुख्य जोर इस बात पर है कि प्रदर्शन में शामिल किसी भी छात्र के खिलाफ कार्रवाई न की जाए। वहीं, आंदोलन से जुड़े कुछ संगठन अभी भी अपनी पुरानी मांगों पर कायम हैं।
सरकार ने बातचीत के लिए भेजे चार प्रस्ताव
गतिरोध खत्म करने के लिए केंद्र सरकार लगातार बातचीत की कोशिश कर रही है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से अब तक चार बार बातचीत का प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
सरकार का कहना है कि वह आंदोलनकारियों से किसी भी समय और उनकी सुविधा के अनुसार किसी भी स्थान पर बातचीत करने के लिए तैयार है। सरकार का उद्देश्य शांतिपूर्ण समाधान निकालना है ताकि छात्रों की चिंताओं का समाधान हो सके।
CJP ने नया प्रस्ताव भी ठुकराया
इस बीच समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) के अनुसार, सरकार ने आंदोलन से जुड़े संगठन CJP को बातचीत के लिए नया प्रस्ताव भेजा था। हालांकि संगठन ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। जिसमें बताया जा रहा है कि संगठन अपनी प्रमुख मांगों पर सरकार से स्पष्ट आश्वासन चाहता है। जब तक इन मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रखने की बात कही जा रही है।
कनॉट प्लेस आने वालों के लिए सलाह
कनॉट प्लेस दिल्ली का सबसे व्यस्त व्यावसायिक और पर्यटन क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि बहुत जरूरी काम न हो तो शाम के समय इस इलाके में आने से बचें।
व्यापारियों से भी कहा गया है कि वे प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करें। वहीं, आम लोगों को भी यातायात संबंधी सलाह और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
प्रशासन लगातार कर रहा निगरानी
दिल्ली पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है।
Author
-
अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।






