केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में 8.23 लाख से ज्यादा पद खाली हैं। 1 मार्च 2024 तक के आंकड़ों में कुल 39.23 लाख स्वीकृत पदों में से करीब 21% पद खाली मिले।

भारतीय रेलवे में 14.79 लाख से ज्यादा स्वीकृत पद हैं। इनमें 2,40,125 पद खाली हैं। यह कुल रिक्त पदों का करीब 30 फीसदी है।

रक्षा मंत्रालय के सिविलियन विभाग में 5.56 लाख से ज्यादा पद स्वीकृत हैं। इनमें 2,42,243 पद खाली पड़े हैं।

गृह मंत्रालय में करीब 11.18 लाख स्वीकृत पद हैं। इनमें 1,10,885 पद रिक्त हैं। रेलवे, रक्षा और गृह मंत्रालय में मिलाकर करीब 5.93 लाख पद खाली हैं।

डाक विभाग में 61,546 पद, जबकि राजस्व विभाग में 69,662 पद खाली हैं। इन विभागों में भी कर्मचारियों की कमी सामने आई है।

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में 5,420 स्वीकृत पदों में से 1,855 पद रिक्त हैं। पशुपालन एवं डेयरी विभाग में भी 1,378 पद खाली हैं।

उच्च शिक्षा विभाग में 522 पद, आयुष विभाग में 233 पद और विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में 87 पद खाली हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में 1,582 पद रिक्त हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय में 441 स्वीकृत पदों में से 126 पद खाली हैं। राष्ट्रपति सचिवालय में भी 803 में से 287 पद रिक्त हैं। RTI से सामने आए ये आंकड़े केंद्र सरकार के कई विभागों में कर्मचारियों की कमी दिखाते हैं।