
SRH vs RR, IPL 2026 Highlights: आईपीएल 2026 में आज सोमवार को खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स को 57 रनों से हरा दिया है। यह मैच शुरुआत से ही रोमांच से भरा रहा, जहां हैदराबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया और फिर अपनी घातक गेंदबाजी से राजस्थान को पूरी तरह दबाव में ला दिया। हैदराबाद की जीत के सबसे बड़े हीरो ईशान किशन रहे, जिन्होंने 91 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनके अलावा हेनरिक क्लासेन और नीतीश रेड्डी ने भी अहम योगदान दिया। 216 रनों का लक्ष्य किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होता, और यही दबाव राजस्थान की बल्लेबाजी पर साफ नजर आया। दूसरी ओर, इस मैच की सबसे खास बात रही हैदराबाद के दो नए गेंदबाज—प्रफुल हिंज और साकिब हुसैन का शानदार डेब्यू। दोनों ने 4-4 विकेट लेकर राजस्थान की बल्लेबाजी को पूरी तरह से तोड़ दिया। खासकर पहले ओवर में ही 3 विकेट गिरने के बाद राजस्थान कभी मैच में वापसी नहीं कर सकी और पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई।
ईशान किशन की तूफानी पारी ने रखा मजबूत स्कोर
सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाए। टीम की शुरुआत खराब रही और अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। इसके बाद ट्रेविस हेड और ईशान किशन ने पारी को संभाला।
ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 91 रन बनाए। जिसमें उनकी इस पारी में 8 चौके और 6 छक्के शामिल थे। साथ ही उन्होंने तेजी से रन बनाते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। वहीं, हेनरिक क्लासेन ने भी 26 गेंदों में 40 रन की अहम पारी खेली, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों में 28 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इन पारियों की बदौलत हैदराबाद ने 216 रन का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया।
राजस्थान की खराब शुरुआत बनी हार की वजह
217 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहले ही ओवर में 1 रन के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए। यह मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। जिसमें वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और प्रिटोरियस जल्दी आउट हो गए। इसके बाद यशस्वी जायसवाल भी सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। शुरुआती झटकों से टीम उबर नहीं पाई। रियान पराग भी कुछ खास नहीं कर सके और सस्ते में आउट हो गए। इस तरह राजस्थान की आधी टीम बहुत कम स्कोर पर ही पवेलियन लौट गई।
फरेरा और जडेजा की साझेदारी भी नहीं बचा सकी टीम
राजस्थान की ओर से डोनोवन फरेरा और रविंद्र जडेजा ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हुई और टीम को संभालने का प्रयास किया।फरेरा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 69 रन बनाए, जबकि जडेजा ने उनका अच्छा साथ दिया। दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हुई, जिससे लगा कि राजस्थान मैच में वापसी कर सकती है। लेकिन 15वें ओवर में फरेरा के आउट होते ही टीम की उम्मीदें टूट गईं। इसके बाद जडेजा भी अगले ओवर में आउट हो गए। अंत में पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई और हैदराबाद ने 57 रनों से जीत दर्ज की।
डेब्यू में छाए प्रफुल और साकिब
बता दें कि इस मैच के सबसे बड़े हीरो रहे हैदराबाद के दो डेब्यू खिलाड़ी—प्रफुल हिंज और साकिब हुसैन। दोनों ने अपनी गेंदबाजी से राजस्थान की बल्लेबाजी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। प्रफुल ने अपने पहले ही ओवर में 3 विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने 4 ओवर में 34 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। वहीं, साकिब हुसैन ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट लिए। इस तरह दोनों गेंदबाजों ने मिलकर कुल 8 विकेट झटके और टीम को शानदार जीत दिलाई।
मैच का टर्निंग पॉइंट
इस मुकाबले का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट राजस्थान का पहला ओवर रहा, जिसमें टीम ने सिर्फ 1 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। इसके बाद टीम कभी भी मैच में वापसी नहीं कर पाई। इसके अलावा ईशान किशन की आक्रामक बल्लेबाजी भी जीत की बड़ी वजह रही। अगर हैदराबाद इतना बड़ा स्कोर नहीं बनाता, तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, प्रफुल हिंज, ईशान मलिंगा
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, रियान पराग, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, डोनोवन फरेरा, रविंद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे
ये भी पढ़ें: Kisan Mitra Chadi: किसानों के लिए लॉन्च हुई ‘जादुई छड़ी’, खेतों के करीब भी नहीं आएंगे सांप जैसे जहरीले जीव






