
Delhi Sewer Accident: दिल्ली के जनकपुरी में गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत के कुछ ही दिनों बाद एक बार फिर से चौका देने वाली खबर आई है। बताया जा रहा है कि रोहिणी इलाके में भी ऐसा ही दर्दनाक हादसा सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, रोहिणी के बेगमपुर क्षेत्र में एक युवक सीवरनुमा नाले में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा इंतजामों और खुले गड्ढों को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं। जिसके बाद मृतक की पहचान बिहार के समस्तीपुर निवासी 30 वर्षीय बिरजू कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, वह दिल्ली में मजदूरी का काम करता था और रोजी-रोटी कमाने के लिए यहां रह रहा था। जानकारी के अनुसार हादसा रोहिणी सेक्टर-32 (बेगमपुर) में महाशक्ति काली मंदिर के पास हुआ, जहां DDA की जमीन पर बना सीवर खुला हुआ बताया जा रहा है।
नाले में गिरने से चली गई युवक की जान
दिल्ली फायर सर्विस को आज मंगलवार शाम करीब 7:45 बजे युवक के नाले में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। बता दें कि, काफी देर तक तलाश करने के बाद टीम ने युवक के शव को बाहर निकाला।वहीं, इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिरजू अपने एक दोस्त के साथ पूरे दिन शराब पी रहा था। जब दोनों वहां से गुजर रहे थे, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नाले में जा गिरा। गिरने के बाद दोस्त ने आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
लोगों ने की प्रशासन से अपील
इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली में खुले गड्ढों और बिना ढक्कन वाले सीवरों की समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कई जगहों पर सीवर खुले पड़े हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक स्थानों को तुरंत बंद किया जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा
जानकारी के मुताबिक, पिछले सप्ताह जनकपुरी में भी इसी तरह का हादसा हुआ था। वहां 25 वर्षीय कमल ध्यानी की गहरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई थी। कमल एक प्राइवेट बैंक में काम करता था और गुरुवार रात बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरने से उसकी जान चली गई। उस घटना के बाद भी सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठे थे, लेकिन कुछ ही दिनों में रोहिणी में फिर एक युवक की मौत ने प्रशासनिक लापरवाही की ओर इशारा किया है।
विभागों के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई
लगातार हो रहे ऐसे हादसों से दिल्ली के लोगों में डर और नाराजगी बढ़ती जा रही है। सामाजिक संगठनों और स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि जिम्मेदार विभागों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और शहर में जहां-जहां खुले गड्ढे या सीवर हैं, उन्हें तुरंत बंद किया जाए। साथ ही रात के समय पर्याप्त रोशनी और चेतावनी बोर्ड लगाने की भी जरूरत बताई जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सीवर खुला क्यों था और सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। वहीं मृतक के परिवार को सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
ये भी पढ़ें: साइबर फ्रॉड बना राष्ट्रीय सुरक्षा का खतरा,अमित शाह की चेतावनी,देश का डेटा दुश्मनों तक पहुंच रहा






