
RCB vs DC WPL 2026 Final: महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शानदार जीत हासिल करते हुए दिल्ली कैपिटल्स (DC) को छह विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं, वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में RCB ने 204 रनों का बड़ा लक्ष्य आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर हासिल कर लिया। यह WPL इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी बन गया है। बता दें कि, इस जीत के साथ RCB ने दूसरी बार WPL ट्रॉफी जीती है। वहीं, इससे पहले टीम ने 2024 में खिताब जीता था। वहीं दिल्ली कैपिटल्स लगातार चौथे सीजन फाइनल में पहुंचने के बावजूद एक बार फिर चैंपियन बनने से चूक गई। इससे पहले 2023 और 2025 का खिताब मुंबई इंडियंस ने जीता था।
दिल्ली ने बनाए 203 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए। साथ ही, टीम की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने शानदार अर्धशतक लगाया। उन्होंने 37 गेंदों में 57 रन बनाए, जिसमें आठ चौके शामिल रहे।
वहीं, लॉरा वोल्वार्ट ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों पर 44 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे। विकेटकीपर बल्लेबाज लिजेल ली ने 30 गेंदों पर 37 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।बताया जा रहा है कि, अंतिम ओवरों में चिनेले हेनरी ने विस्फोटक अंदाज दिखाया और सिर्फ 15 गेंदों में नाबाद 35 रन बना दिए। उनकी पारी में चार चौके और दो छक्के शामिल रहे। आरसीबी की ओर से नादिन डिक्लर्क, सयाली सतघरे और अरुंधति रेड्डी को एक-एक विकेट मिला।
खराब शुरुआत के बाद आरसीबी की शानदार वापसी
204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने ग्रेस हैरिस का विकेट सिर्फ 9 रन पर गंवा दिया। उन्हें चिनेले हेनरी ने बोल्ड किया।वहीं, इसके बाद कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल ने पारी को संभाला और मैच का रुख बदल दिया। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 92 गेंदों पर 165 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी हुई। यह WPL इतिहास में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। साथ ही, जॉर्जिया वॉल ने 54 गेंदों पर 79 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 14 चौके शामिल थे। उनके आउट होने के बाद ऋचा घोष क्रीज पर आईं, लेकिन वह सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गईं।
स्मृति मंधाना की कप्तानी पारी
कप्तान स्मृति मंधाना ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों पर 87 रन बनाए। वहीं, उनकी पारी में 12 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। यह WPL फाइनल में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी बन गया। हालांकि जीत से पहले वह आउट हो गईं, लेकिन टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा चुकी थीं। बता दें कि, आखिरी ओवर में RCB को जीत के लिए 10 रन चाहिए थे। राधा यादव और नादिन डिक्लर्क क्रीज पर मौजूद थीं। ओवर की शुरुआत में दोनों बल्लेबाजों ने सिंगल लेकर दबाव कम किया। इसके बाद राधा यादव ने लगातार दो चौके लगाकर टीम को यादगार जीत दिला दी।
फाइनल में बने बड़े रिकॉर्ड
इस मुकाबले में कई बड़े रिकॉर्ड बने। जिसमें स्मृति मंधाना का 87 रन का स्कोर WPL फाइनल का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गया। वहीं मंधाना और जॉर्जिया वॉल की 165 रन की साझेदारी लीग इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी रही। वहीं, इसके अलावा आरसीबी का 204 रन का लक्ष्य हासिल करना WPL का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी साबित हुआ।
दिल्ली का फिर टूटा सपना
दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स ने लगातार चौथी बार फाइनल खेला, लेकिन टीम एक बार फिर ट्रॉफी जीतने में नाकाम रही। पिछले सीजन की तरह इस बार भी टीम खिताब से एक कदम दूर रह गई। लगातार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद ट्रॉफी नहीं जीत पाना दिल्ली के लिए बड़ा झटका है।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
- RCB: ग्रेस हैरिस, स्मृति मंधाना (कप्तान), जॉर्जिया वॉल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, नादिन डिक्लर्क, पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, सयाली सतघरे, श्रेयांका पाटिल, लॉरेन बेल।
- दिल्ली कैपिटल्स: लिजेल ली (विकेटकीपर), शेफाली वर्मा, लॉरा वोल्वार्ट, जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), मारिजाने कैप, चिनेले हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, श्री चरणी, नंदनी शर्मा।
ये भी पढ़ें: राज्यसभा में पीएम मोदी का विपक्ष पर तीखा हमला, शायराना अंदाजा में PM मोदी ने ममता से लेकर DMK तक को घेरा






