
Bihar Politics: बिहार की राजनीति में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है.राजधानी पटना में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बड़ी बैठक आयोजित की जा रही है, जिस पर पूरे राजनीतिक गलियारे की नजरें टिकी हुई हैं. माना जा रहा है ,कि इस बैठक में पार्टी के भविष्य को लेकर कई बड़े और निर्णायक फैसले लिए जा सकते हैं.खास तौर पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को लेकर महत्वपूर्ण ऐलान की संभावना भी जताई जा रही है.
होटल मौर्य में सुबह 11:30 बजे से होगी अहम बैठक
राष्ट्रीय जनता दल की यह अहम बैठक रविवार को पटना स्थित होटल मौर्य में आयोजित होने जा रही है.बैठक की शुरुआत सुबह 11:30 बजे होगी.बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद यह पार्टी की पहली बड़ी रणनीतिक बैठक मानी जा रही है.ऐसे में संगठन केपुनर्संरचना, नेतृत्व की भूमिका और आगे की राजनीतिक दिशा को लेकर गहन मंथन होने की उम्मीद है.
तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर होगी मंथन
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक का सबसे बड़ा एजेंडा तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने से जुड़ा हो सकता है. पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए संगठन की कमान धीरे-धीरे युवा नेतृत्व को सौंपने की तैयारी की जा रही है.
हालांकि, इस मुद्दे पर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन गुप्त रूप से इसे लगभग तय माना जा रहा है. यदि ऐसा होता है, तो यह RJD के संगठनात्मक ढांचे में अब तक का सबसे बड़ा बदलाव होगा.
27 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे पटना
इस बैठक की अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देशभर के 27 राज्यों से RJD के प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और 200 से अधिक डेलिगेट्स इसमें हिस्सा लेने पटना पहुंचे हैं. बाहर से आए सभी नेताओं को होटल मौर्य में ठहराया गया है.
बैठक में पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे, जिनमें लालू प्रसाद यादव,राबड़ी देवी,तेजस्वी यादव,मनोज झा और संजय यादव
शामिल हैं.
चुनावी हार के बाद आत्मनिरीक्षण की तैयारी
बिहार विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी नेतृत्व पर लगातार सवाल उठ रहे हैं.ऐसे में यह बैठक केवल औपचारिक नहीं, बल्कि आत्मनिरीक्षण और संगठन सुधार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. हालांकि माना यह भी जा रहा हैं की बैठक में रणनीति के कमजोर पड़ने और भविष्य के किन क्षेत्रों पर ज्यादा फोकस किया जाए पर भी चर्चा होगी.
पहले से मजबूत हो गई है तेजस्वी की भूमिका
भले ही अब तक किसी नए पद का औपचारिक ऐलान नहीं हुआ हो, लेकिन पार्टी के अंदरूनी हालात यह साफ कर चुके हैं कि तेजस्वी यादव पहले से ही संगठन के मुख्य निर्णयकर्ता बन चुके हैं.
संगठनात्मक फैसले,चुनावी रणनीति और गठबंधन से जुड़ी बातचीत जैसे अहम मुद्दों पर उनकी भूमिका लगातार बढ़ी है और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी उन्हें राष्ट्रीय जनता दल (RJD)का भविष्य का चेहरा मानकर चल रहे हैं.
पार्टी विरोधी गतिविधियों पर हो सकती है कार्रवाई
सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में उन नेताओं पर भी सख्त रुख अपनाया जा सकता है, जिन पर विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के खिलाफ काम करने के आरोप हैं.पार्टी नेतृत्व में अनुशासनहीनता,गुटबाजी और अंदरूनी विरोध जैसे मामलों पर कड़ा संदेश देने की तैयारी में है.कुछ नेताओं पर कार्रवाई या संगठनात्मक बदलाव की भी संभावना जताई जा रही है.
संगठन को जमीनी स्तर को मजबूत करने की योजना
बैठक में यह भी चर्चा होने की उम्मीद है कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को जमीनी स्तर पर कैसे मजबूत किया जाए.खासकर युवाओं को संगठन से जोड़ना,सोशल मीडिया रणनीति और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना जैसे मुद्दों पर नई रणनीति बनाई जा सकती है.
बिहार की राजनीति पर देखने को मिलेगा असर
अगर तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलती है, तो इसका सीधा असर बिहार ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय की राजनीति पर भी देखने को मिलेगा. इससे साफ संदेश जाएगा कि RJD अब युवा नेतृत्व के साथ आगे बढ़ने की रणनीति पर काम कर रही है.






