Skip to main content Scroll Top
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत से नहीं खेलेगा पाकिस्तान, शहबाज सरकार का बड़ा फैसला
Current image: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत से नहीं खेलेगा पाकिस्तान

Pakistan vs India T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में क्रिकेट जगत में बड़ी हलचल मच गई है। बता दें कि, पाकिस्तान सरकार का कहना है कि, उनकी टीम टूर्नामेंट में शामिल तो होगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी। वहीं, इस फैसले से न केवल फैंस को चौंकाया है, बल्कि ICC और BCCI के सामने भी बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।

जानकारी के लिए बता दें कि, पाकिस्तान सरकार ने इस फैसले की ऑफिशियल अकाउंट यानि अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल के जरिए की है। उसमें कहा गया है कि, इस्लाम रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम को मंजूरी दे दी है, लेकिन 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में टीम हिस्सा नहीं लेगी। यानी पाकिस्तान टूर्नामेंट में खेलेगा, लेकिन भारत-पाकिस्तान मुकाबला नहीं होगा।

सरकार की शर्त और इसके मायने

सरकार की इस शर्त को कई लोग केवल खेल से जुड़ा फैसला नहीं मान रहे हैं। वहीं, माना जा रहा है कि इसके पीछे राजनीतिक और रणनीतिक कारण हैं। वहीं, क्रिकेट एक्सपर्ट्स का कहना है कि, भारत-पाकिस्तान मैच किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मैच होता है, जिससे आईसीसी को भारी कमाई होती है। ऐसे में इस मुकाबले से हटने का फैसला आईसीसी पर दबाव बनाने की रणनीति भी हो सकता है। साथ ही, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी पहले ही ICC पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगा चुके हैं। दरअसल, हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा था कि ICC और BCCI के प्रभाव में काम कर रही है और पाकिस्तान के साथ बराबरी का व्यवहार नहीं हो रहा। सरकार के इस फैसले को नकवी के उसी बयान से जोड़कर देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री और PCB चेयरमैन की अहम बैठक

इस फैसले से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी के बीच एक अहम बैठक हुई थी। माना जा रहा है कि उसी बैठक में टीम की भागीदारी और शर्तों को लेकर अंतिम फैसला लिया गया। नकवी पहले ही संकेत दे चुके थे कि टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम निर्णय जनवरी के आखिर या फरवरी की शुरुआत में आ जाएगा।

बांग्लादेश–स्कॉटलैंड विवाद से जुड़ा मामला

पाकिस्तान का यह कदम अचानक नहीं आया है। दरअसल, पिछले महीने आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का फैसला लिया था। यह फैसला तब लिया गया, जब बांग्लादेश ने भारत दौरे से इनकार कर दिया था। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इस फैसले के खिलाफ अपील की, लेकिन आईसीसी ने उसे खारिज कर दिया और टूर्नामेंट शेड्यूल में बदलाव से इनकार कर दिया।

इस पूरे घटनाक्रम से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भी नाराज था। वहीं, PCB का मानना है कि आईसीसी कुछ बोर्ड्स के साथ सख्ती दिखा रहा है, जबकि कुछ को विशेष छूट दी जा रही है। इसी असंतोष का असर अब टी20 वर्ल्ड कप के फैसले में नजर आ रहा है।

ICC और BCCI की चुप्पी

बता दें कि, पाकिस्तान सरकार की इस घोषणा के बाद अब सबकी नजर ICC और BCCI की प्रतिक्रिया पर टिकी है। फिलहाल, दोनों में से किसी भी संस्था की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। सवाल यह है कि अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलता, तो टूर्नामेंट के शेड्यूल और ग्रुप समीकरणों का क्या होगा।
क्रिकेट जानकारों का कहना है कि, आईसीसी के लिए यह आसान फैसला नहीं होगा।भारत-पाकिस्तान मुकाबला टूर्नामेंट की टीआरपी और व्यावसायिक सफलता के लिहाज से बेहद अहम होता है। ऐसे में या तो आईसीसी पाकिस्तान को मनाने की कोशिश करेगा, या फिर टूर्नामेंट के फॉर्मेट में बदलाव करना पड़ेगा।

फैंस में आई निराशा

दरअसल, इस खबर के सामने आते ही दोनों देशों के क्रिकेट फैंस में निराशा फैल गई है। साथ ही, भारत-पाकिस्तान मैच को क्रिकेट का सबसे बड़ा मुकाबला माना जाता है, जिसे देखने के लिए दुनियाभर के दर्शक बेसब्री से इंतजार करते हैं। अगर यह मैच नहीं होता है, तो टी20 वर्ल्ड कप का रोमांच अधूरा सा महसूस हो सकता है।

अब आगे क्या

अब गेंद ICC के पाले में है। अब देखना यह होगा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद इस मसले को कैसे सुलझाती है। क्या पाकिस्तान अपने फैसले पर अड़ा रहेगा या फिर बातचीत के जरिए कोई समाधान निकलेगा। वहीं, अब आने वाले दिनों में इस पर स्थिति और साफ हो जाएगी। फिलहाल, इतना तय है कि इस फैसले ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर चर्चा और विवाद दोनों बढ़ा दिए हैं।

ये भी पढ़ें: Bihar Weather 02 February 2026: 12 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट किया जारी, यहां जानें पूरी जानकारी

Related Posts

लेटेस्ट ➤

Advertising Banner
305x250