
Kal Ka Mausam: उत्तर भारत के मौसम को लेकर एक बार फिर से बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। दरअसल, मौसम विभाग IMD के अनुसार, अगले दो दिनों में पहाड़ी राज्यों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू होगा। बता दें कि, इस बदलाव का असर मैदानी इलाकों तक पहुंचेगा और शीतलहर व कोहरे के कारण ठंड का एहसास बढ़ सकता है। हालांकि, राहत की बात यह है कि कुछ दिनों बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी भी देखी जा सकती है, जिससे कड़ाके की सर्दी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल, मौसम का मिजाज उतार-चढ़ाव भरा बना रहेगा।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में सुबह हल्की हवाओं के साथ धूप निकलने से ठंड में थोड़ी कमी महसूस की जा रही है। साथ ही, मौसम विभाग IMD का अनुमान है कि अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सुबह के समय हल्का कोहरा बना रहेगा, लेकिन तेज हवाओं के कारण प्रदूषण के स्तर में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है। अगले 24 घंटों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 250 से नीचे रहने की संभावना जताई गई है।
हरियाणा-पंजाब में ठंड कायम
हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों में घने कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हो रही है। पहाड़ी राज्यों के करीब होने से यहां तापमान अन्य राज्यों की तुलना में कम बना हुआ है और लोगों को ठंड का ज्यादा एहसास हो रहा है। आने वाले दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर हो सकती है, लेकिन 9 फरवरी से कुछ हिस्सों में बादल छाने की संभावना है।
राजस्थान में बढ़ेगा तापमान
राजस्थान में मौसम फिलहाल साफ है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जो समय से पहले गर्मी के संकेत दे रहा है। वहीं सीकर और नागौर में न्यूनतम तापमान करीब 5.5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ स्थानों पर बादल छा सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं के कारण ठंड बनी हुई है। हवाओं की गति 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जिससे कोहरे में कमी आएगी लेकिन ठंडक महसूस होती रहेगी। दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी। फिलहाल बरेली सबसे ठंडा और झांसी सबसे गर्म शहर बना हुआ है। 9 फरवरी के बाद पश्चिमी जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
बिहार में ठंड और कोहरा
बिहार में सर्द हवाओं और घने कोहरे का असर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। सुबह कोहरा और दिन में ठंडी हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं, हालांकि धूप निकलने से कुछ राहत मिल रही है। राज्य में न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी
उत्तराखंड में 9 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। पूरे राज्य में शीतलहर और कोहरे के कारण ठंड का असर बढ़ेगा।
हिमाचल प्रदेश का हाल
हिमाचल प्रदेश में भी 11 फरवरी तक मौसम पूरी तरह बदला रह सकता है। लाहौल-स्पीति, ताबो, कुकुमसेरी और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज हवाओं, गर्जन और बिजली के साथ भारी बारिश व बर्फबारी की संभावना है। बर्फबारी का यह सिलसिला 15 फरवरी तक जारी रह सकता है, जबकि मैदानी इलाकों में सोमवार से बुधवार के बीच बारिश हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड
जम्मू-कश्मीर में पहले से ही कई इलाकों में बर्फबारी जारी है और न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 9 से 11 फरवरी के बीच लगातार बारिश और बर्फबारी हो सकती है। श्रीनगर, पहलगाम, गुलमर्ग, कुपवाड़ा और अन्य इलाकों में तापमान माइनस में रहने का अनुमान है, जिससे कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रहेगी।
ये भी पढ़ें: तमिल भाषा का स्नेह, भारत-मलेशिया के खास रिश्ते का किया जिक्र






