Skip to main content Scroll Top
भारत छठी बार अंडर-19 का वर्ल्ड चैंपियन, वैभव सूर्यवंशी ने लूटी बल्ले से महफिल
Current image: U19 World Cup 2026 Final

U19 World Cup 2026 Final: ICC मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 100 रन से हराकर इतिहास रच दिया। वहीं, हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में भारत ने छठी बार अंडर-19 विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की। साथ ही, पूरी टूर्नामेंट में अजेय रही टीम इंडिया ने फाइनल में भी दमदार खेल दिखाया और इंग्लैंड को हर विभाग में पीछे छोड़ दिया।
वहीं, भारतीय जीत के हीरो वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 80 गेंदों पर 175 रन बनाए। उनकी पारी में 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। वैभव की इस विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 411/9 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इतने बड़े लक्ष्य के दबाव में इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर सिमट गई।

भारत की पारी की कहानी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत साधारण रही और आरोन जॉर्ज सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान आयुष म्हात्रे ने वैभव सूर्यवंशी के साथ पारी को संभाला। साथ ही, दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाए और टीम का स्कोर मजबूत स्थिति में पहुंचाया। आयुष म्हात्रे ने 53 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन असली तूफान वैभव के बल्ले से आया। वहीं, वैभव ने पहले शतक पूरा किया और फिर रुकने का नाम नहीं लिया। उन्होंने सिर्फ 71 गेंदों में 150 रन पूरे कर लिए और आखिरकार 175 रन बनाकर आउट हुए। मध्यक्रम में विहान मल्होत्रा (30), वेदांत त्रिवेदी (32) और अभिज्ञान कुंडू (40) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। आखिरी ओवरों में तेज रन बनने से भारत 400 के पार पहुंचने में सफल रहा।

इंग्लैंड की पारी

बता दें कि 412 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत खराब रही और पहला विकेट जल्दी गिर गया। हालांकि बेन डॉकिन्स (66) और बेन मेस (45) ने साझेदारी कर मैच में वापसी की कोशिश की। कप्तान थॉमस रेव ने भी 31 रन बनाए, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। वहीं, एक समय इंग्लैंड का स्कोर 177/7 हो गया था। इसके बाद कालेब फाल्कनर ने शानदार शतक जड़कर संघर्ष जरूर किया। उन्होंने 67 गेंदों पर 115 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला और पूरी टीम 311 रन पर ऑलआउट हो गई। वहीं, भारत की ओर से आरएस अम्बरीष ने 3 विकेट लिए, जबकि दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान को दो-दो सफलता मिली। भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और इंग्लैंड को लक्ष्य तक पहुंचने का मौका नहीं दिया।

भारत का टूर्नामेंट सफर

टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। जिसमें ग्रुप स्टेज में अमेरिका, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को हराया। सुपर-6 चरण में जिम्बाब्वे को 204 रन से और पाकिस्तान को 58 रन से मात दी। सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर भारत ने फाइनल में जगह बनाई। इस तरह भारत ने बिना कोई मैच गंवाए खिताब जीता।

ऐतिहासिक उपलब्धि

भारत ने इससे पहले 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था। 2026 की जीत के साथ टीम इंडिया रिकॉर्ड छठी बार चैंपियन बनी। दूसरी ओर इंग्लैंड अब तक सिर्फ एक बार (1998) यह खिताब जीत पाया है। हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में भी भारत का पलड़ा भारी है।

ये भी पढ़ें: Rose Day 2026 Kab Hai: क्यों गुलाब से होती है वेलेंटाइन वीक की शुरुआत, जानें तारीख और हर रंग का मतलब!

Related Posts

लेटेस्ट ➤

Advertising Banner
305x250