Skip to main content Scroll Top
ICC Men’s T20 World Cup 2026: भारतीय टीम वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची, 7 रन से जीता मुकाबला
Current image: ICC Men’s T20 World Cup 2026

India England Match: ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 7 रन से हरा दिया है। बता दें कि मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाईस्कोरिंग मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए। इसके बाद जवाब में इंग्लैंड की टीम 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी।

जानकारी के लिए बता दें कि इस जीत के साथ भारतीय टीम ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब भारत का सामना 8 मार्च को न्यूजीलैंड से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।

संजू सैमसन की शानदार पारी

भारत की जीत में विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की अहम भूमिका रही। जिसमें सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। हालांकि वह शतक से चूक गए, लेकिन उनकी पारी ने टीम इंडिया को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। सैमसन ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

भारत की तेज शुरुआत

भारत की ओर से ओपनिंग करने अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन मैदान पर उतरे। जिसके बाद अभिषेक शर्मा अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन वह सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन और सैमसन ने मिलकर पारी को संभाला और तेजी से रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले के 6 ओवर में टीम का स्कोर 67 रन तक पहुंचा दिया।ईशान किशन ने भी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 39 रन बनाए, लेकिन वह आदिल राशिद की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए।

मिडिल ऑर्डर का योगदान

संजू सैमसन के आउट होने के बाद शिवम दुबे ने तेजी से रन बनाए। दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 4 छक्के और 1 चौका शामिल रहा। हालांकि वह रन आउट होकर पवेलियन लौट गए।

तिलक वर्मा ने भी छोटी लेकिन उपयोगी पारी खेली। उन्होंने 7 गेंदों में 21 रन बनाए और टीम का स्कोर तेजी से आगे बढ़ाया।

हार्दिक पंड्या ने भी 27 रन का योगदान दिया, जिससे भारत 253 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा।

इंग्लैंड की खराब शुरुआत

जानकारी के लिए बता दें कि 254 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिल साल्ट सिर्फ 5 रन बनाकर हार्दिक पंड्या की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद हैरी ब्रूक भी 7 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर आउट हो गए। जोस बटलर अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन वह 25 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर बोल्ड हो गए। जिसके बाद, तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद ही इंग्लैंड दबाव में आ गई।

जैकब बेथेल का शानदार शतक

इंग्लैंड की ओर से युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी की। जिसमें उन्होंने सिर्फ 48 गेंदों में 105 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे। बेथेल ने तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने विल जैक्स के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी की और इंग्लैंड को मुकाबले में बनाए रखा। हालांकि टीम को जीत तक पहुंचाने में वह सफल नहीं हो सके।

भारतीय गेंदबाजों ने पलटा मैच

दरअसल,मैच के अंतिम ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या के ओवर मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुए। दोनों गेंदबाजों ने दबाव बनाते हुए इंग्लैंड को बड़े शॉट लगाने से रोका। इसके चलते इंग्लैंड की टीम लक्ष्य से 7 रन दूर रह गई। वहीं,अर्शदीप सिंह ने भी महत्वपूर्ण विकेट लेकर टीम को मजबूती दी।

लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में आमना-सामना

भारत और इंग्लैंड की टीमें लगातार तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में आमने-सामने आईं। 2022 में इंग्लैंड ने भारत को हराया था, जबकि 2024 में भारतीय टीम ने जीत हासिल की थी। अब 2026 में भी भारत ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल में प्रवेश किया है।

फाइनल में न्यूजीलैंड से मुकाबला

जानकारी के लिए बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। साथ ही, न्यूजीलैंड की टीम पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है। अब भारतीय टीम की कोशिश होगी कि वह लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम करे। क्रिकेट प्रशंसकों को अब फाइनल मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है।

भारत की प्लेइंग XI

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।

इंग्लैंड की प्लेइंग XI

फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवर्टन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद।

ये भी पढ़ें: ‘शादी नहीं पर विवाह के समान है लिव-इन’,दिल्ली हाई कोर्ट ने कपल को दी पुलिस सुरक्षा

Author

  • Aparna Panwar

    अपर्णा पवांर, एक हिंदी कंटेंट राइटर है, जिन्होंने डिजिटल मीडिया में अपनी लेखनी से पहचान बनाई। आज वे “Khaber Aaj Ki” में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर काम करते हुए पत्रकारिता को अपना जुनून मानती हैं। उनके विचारों में खबरें केवल सूचनाएं नहीं, बल्कि लोगों तक सच्चाई पहुँचाने का माध्यम हैं।

Related Posts