
हरियाणा के गुरुग्राम में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर के चार बड़े निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के जरिए मिली. धमकी भरा मेल सामने आते ही स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और छात्रों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस अलर्ट में आ गई और बम प्रतिबंधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह धमकी एक संदिग्ध ई-मेल आईडी से भेजी गई थी, जिसमें स्कूल परिसरों में विस्फोट करने की बात कही गई थी. सुरक्षा को देखते हुए चारों स्कूलों को तत्काल खाली कराया गया और छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया.
ई-मेल से मिली धमकी, मचा हड़कंप
सोमवार सुबह स्कूल प्रबंधन को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया कि स्कूल परिसर में विस्फोटक लगाए गए हैं. मेल मिलते ही स्कूल प्रशासन ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी.
धमकी की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने किसी भी तरह का जोखिम न उठाने का फैसला किया और तुरंत सुरक्षात्मक कदम उठाए गए.
सूत्रों के मुताबिक, जिन चार स्कूलों को धमकी मिली है, वे गुरुग्राम के अलग-अलग इलाकों में स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान हैं, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं.
बच्चों को सुरक्षित निकाला गया,स्कूल खाली कराए गए
धमकी की सूचना मिलते ही चारों स्कूलों में कक्षाएं तत्काल स्थगित कर दी गईं और छात्रों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया.वहीं,अभिभावकों को सूचना देकर बच्चों को घर ले जाने को कहा गया.स्कूल स्टाफ ने पुलिस के साथ मिलकर पूरे परिसर को खाली कराया और कई जगह बच्चों को बसों के जरिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया.
पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड पहुंचे मौके पर
सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय थाना पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड स्कूल परिसरों में पहुंचे. पूरे परिसर की गहरा तलाशी ली गई. कक्षाओं, कॉरिडोर, लाइब्रेरी, पार्किंग एरिया और खुले मैदानों तक की जांच की गई.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सावधानीपूर्वक हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को पूरी तरह टाला जा सके.
अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं
प्रारंभिक जांच में किसी भी स्कूल से अब तक कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि जब तक पूरी तलाशी और तकनीकी जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता.
वहीं ,एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया,की “फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है,और सभी एहतियाती कदम उठाए गए हैं. धमकी भरे ई-मेल की साइबर जांच की जा रही है.”
सुरक्षा व्यवस्था की होगी जांच
सूत्रों के मुताबिक, इस घटना के बाद जिला प्रशासन गुरुग्राम के सभी बड़े स्कूलों की सुरक्षा ऑडिट कराने पर विचार कर रहा है.इसमें सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, प्रवेश और निकास द्वार, विजिटर रजिस्टर और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की समीक्षा की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से बेहतर तरीके से निपटा जा सके.
साइबर टीम कर रही ई-मेल की जांच
धमकी भरे ई-मेल के आधार का पता लगाने के लिए साइबर क्राइम यूनिट को सक्रिय किया गया है. जांच में यह देखा जा रहा है कि ई-मेल किस सर्वर से भेजा गया, भेजने वाला भारत में है या विदेश में और पहले भी इस तरह की धमकियां दी गई हैं या नहीं.
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह धमकी फर्जी (हॉक्स कॉल/मेल) है या इसके पीछे कोई संगठित साजिश है.
अभिभावकों में बढ़ी चिंता, प्रशासन से सख्त कदमों की मांग
घटना के बाद स्कूलों के बाहर अभिभावकों की भीड़ जुट गई. कई माता-पिता ने प्रशासन से स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की. वहीं ,एक अभिभावक ने कहा,
“बच्चों की सुरक्षा सबसे जरूरी है.ऐसे मामलों में सख्त और त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए.”
पिछले कुछ समय में बढ़े ऐसे मामले
बीते कुछ महीनों में देश के अलग-अलग हिस्सों से स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों को बम से उड़ाने की धमकियों के मामले सामने आए हैं.
अधिकतर मामलों में जांच के बाद ये फर्जी धमकियां साबित हुई हैं, लेकिन हर बार सुरक्षा एजेंसियों को पूरी गंभीरता से कार्रवाई करनी पड़ती है.
विशेषज्ञों का कहना है कि, इस तरह की धमकियों से डर और अफरा-तफरी फैलाने की कोशिश होती है और सुरक्षा एजेंसियों पर दबाव बनाने का भी यह तरीका हो सकता है.
कानून के तहत सख्त कार्रवाई की चेतावनी
गुरुग्राम पुलिस ने साफ किया है कि अगर यह धमकी फर्जी पाई जाती है, तब भी आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और आपराधिक कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.पुलिस के अनुसार, इस तरह की धमकियां देना एक गंभीर अपराध है, जिससे सार्वजनिक शांति भंग होती है.
जांच पूरी होने तक,अलर्ट मोड में प्रशासन
जिला प्रशासन भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और स्कूलों में अगली सूचना तक सुरक्षा बढ़ा दी गई है, पुलिस गश्त तेज कर दी गई है और स्कूल प्रबंधन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.






